PlayBreaking News

Big Breaking :भाजपा ने दतिया उपचुनाव के लिए आशुतोष तिवारी को बनाया प्रत्याशी, नरोत्तम मिश्रा समर्थकों ने किया प्रदर्शन

दतिया उपचुनाव के लिए भाजपा ने प्रत्याशी घोषित कर एक बार फिर चौंकाया है। पार्टी ने यहां से आशुतोष तिवारी को प्रत्याशी बनाया है। उधर, नरोत्तम मिश्रा को प्रतयाशी नहीं बनाए जाने से उनके समर्थकों में नाराजगी है। उन्होंने दतिया में चक्काजाम कर दिया है।
Follow on Google News
भाजपा ने दतिया उपचुनाव के लिए आशुतोष तिवारी को बनाया प्रत्याशी, नरोत्तम मिश्रा समर्थकों ने किया प्रदर्शन

भोपाल। दतिया उपचुनाव के लिए भाजपा ने प्रत्याशी घोषित कर एक बार फिर चौंकाया है। पार्टी ने यहां से आशुतोष तिवारी को प्रत्याशी बनाया है। आशुतोष तिवारी भाजपा के संभागीय संगठन मंत्री रहे हैं। इसके साथ ही वे निगम अध्यक्ष भी रह चुके हैं। उपचुनाव की घोषणा से पहले से माना जा रहा था कि पूर्व मंत्री नरोत्तम मिश्रा यहां से प्रत्याशी होंगे। दतिया में 30 जुलाई को मतदान होगा और 3 अगस्त को परिणाम आएगा। यह सीट कांग्रेस विधायक राजेंद्र भारती की सदस्यता जाने के कारण खाली हुई है।

/img/89/1783688012610

मिश्रा को टिकट नहीं देना बड़ा फैसला 

दतिया से मप्र के पूर्व गृह मंत्री नरोत्तम मिश्रा को प्रत्याशी नहीं बनाना भाजपा का बड़ा फैसला माना जा रहा है। मिश्रा बहुत पहले से क्षेत्र में तैयारियों में जुटे हुए थे। भाजपा के कई नेता भी सार्वजनिक रूप से कह चुके थे कि दतिया में नरोत्तम मिश्रा ही उपचुनाव में भाजपा के प्रत्याशी होंगे। सूत्रों की मानें तो पार्टी ने लोकल इनपुट के आधार पर प्रत्याशी तय किया है। 

नरोत्तम समर्थकों ने किया चक्काजाम-प्रदर्शन

दतिया से पूर्व मंत्री नरोत्म मिश्रा का टिकट काटने पर उनके समर्थकों ने हाईवे पर चक्का जाम किया। हजारों की तादाद में लोग वहां उपस्थित हैं। माना जा रहा है कि काफी देर तक यह जाम नहीं खुलेगा। जाम के कारण लगभग हजारों गाड़ियां जाम में फंसी हुई है। गौरतलब है कि उपचुनाव की घोषणा के पहले से मिश्रा समर्थक चुनाव  की तैयारी कर रहे थे। अपने प्रिय नेता को प्रत्याशी नहीं बनाए जाने से उनमें भारी रोष है।

ये भी पढ़ें: बस्ती में गरजे सीएम योगी: बोले- बिजली को तरसता था इलाका, सैफई में होता था जश्न

अब कांग्रेस के प्रत्याशी पर रहेगी सबकी निगाहें

भाजपा प्रत्याशी घोषित होने के बाद अब कांग्रेस उम्मीदवार को लेकर जिज्ञासा बनी हुई है। कांग्रेस ने पहले पूर्व विधायक राजेंद्र भारती के परिवार से उनकी पत्नी या बेटे को प्रत्याशी बनाने की तैयारी की थी, लेकिन भारती इसके लिए तैयार नहीं है। राजेंद्र भारती ने कहा था कि उनके परिवार के अलावा किसी अन्य कांग्रेस सदस्य को उम्मीदवार बनाया जाए, वे उनका पूरा सहयोग करेंगे। ऐसे में कांग्रेस से अवधेश नायक प्रबल दावेदार माने जा रहे हैं। नायक के अलावा घनश्याम सिंह का नाम भी चर्चा में है।उम्मीद की जा रही है कि कांग्रेस भी एक-दो दिन में अपना प्रत्याशी घोषित कर सकती है। हालांकि भाजपा से नरोत्तम मिश्रा को टिकट नहीं दिए जाने पर कांग्रेस भी रणनीति में बदलाव कर सकती है।

राजेंद्र भारती की याचिका दिल्ली हाईकोर्ट से खारिज

बैंक एफडी घोटाला मामले में कांग्रेस के पूर्व विधायक राजेंद्र भारती को दिल्ली हाईकोर्ट से राहत नहीं मिली। दतिया विधानसभा उपचुनाव से पहले शुक्रवार को हाईकोर्ट ने उनकी दोषसिद्धि पर रोक लगाने संबंधी याचिका खारिज कर दी। इसके साथ ही निचली अदालत द्वारा सुनाई गई तीन वर्ष की सजा प्रभावी बनी रहेगी। हालांकि, सजा सुनाए जाने के बाद ट्रायल कोर्ट ने उन्हें जमानत दे दी थी। याचिका में राजेंद्र भारती ने हाईकोर्ट से सजा पर रोक लगाने के साथ ही दतिया विधानसभा उपचुनाव की प्रक्रिया स्थगित करने की भी मांग की थी। उनका तर्क था कि यदि दोषसिद्धि पर रोक नहीं लगाई गई, तो चुनाव लड़ने का उनका संवैधानिक अधिकार प्रभावित होगा। हालांकि, हाईकोर्ट ने उनकी दलीलों को स्वीकार नहीं किया और याचिका खारिज कर दी।
 

Naresh Bhagoria
By Naresh Bhagoria

नरेश भगोरिया। 27 वर्षों से पत्रकारिता में सक्रिय हूं। माखनलाल चतुर्वेदी राष्ट्रीय पत्रकारिता विश्ववि...Read More

नई दिल्ली
--°
बारिश: -- mmह्यूमिडिटी: --%हवा: --
Source:AccuWeather
icon

Latest Posts