Download App
Download on the App StoreGet it on Google Play
Breaking News

'माथे पर हरा रुमाल बांध लें दिग्विजय...अस्तित्व बचाने निकाल रहे यात्रा', गुना विधायक पन्नालाल शाक्य ने लगाए तीखे आरोप

गुना से भाजपा विधायक पन्नालाल शाक्य ने कांग्रेस नेता दिग्विजय सिंह की ‘सत्य, सनातन, स्वाभिमान यात्रा’ पर तीखा हमला बोला। उन्होंने आरोप लगाया कि यात्रा में समता, सनातन और स्वाभिमान की भावना नहीं है। शाक्य ने सनातन धर्म के दुपट्टे के कथित अपमान, आरोन में जोगी समाज की जमीन पर कब्जे और मानस भवन निर्माण का मुद्दा उठाते हुए दिग्विजय सिंह की राजनीतिक स्थिति पर भी सवाल खड़े किए।
'माथे पर हरा रुमाल बांध लें दिग्विजय...अस्तित्व बचाने निकाल रहे यात्रा', गुना विधायक पन्नालाल शाक्य ने लगाए तीखे आरोप
गुना विधायक पन्नालाल शाक्य।

गुना। कांग्रेस के वरिष्ठ नेता दिग्विजय सिंह की ‘सत्य, सनातन, स्वाभिमान यात्रा’ को लेकर भाजपा के आक्रामक तेवर सामने आए हैं। गुना के चर्चित विधायक पन्नालाल शाक्य ने गुरुवार को अपने आवास पर बुलाई गई प्रेसवार्ता में दिग्विजय सिंह पर बेहद तीखे और करारे हमले किए। उन्होंने दोटूक शब्दों में कहा कि दिग्विजय की इस यात्रा में न तो ‘समता’ है, न ‘सनातन’ और न ही कोई ‘स्वाभिमान’ बचा है। विधायक पन्नालाल शाक्य ने दिग्विजय सिंह पर हमला बोलते हुए आरोप लगाया कि उन्होंने महाकाल बाबा को समर्पित सनातन धर्म के दुपट्टे का अपमान किया है। उन्होंने कटाक्ष करते हुए कहा, 'यदि अयोध्या में आपकी दृष्टि से सब चोर बैठे हैं, तो आपको जावरा या अजमेर शरीफ से दिल्ली की जामा मस्जिद तक यात्रा निकालनी चाहिए और माथे पर हरा रुमाल बांध लेना चाहिए। सबको सबकी पोल मालूम है।'

जमीन पर कब्जे और मानस भवन का मुद्दा उठाया

पन्नालाल शाक्य ने स्थानीय मुद्दों को उठाते हुए कांग्रेस नेता को घेरा। उन्होंने आरोप लगाया कि आरोन में जोगी समाज की जमीन पर कब्जा किया गया है और आज वे लोग भीख मांगने को मजबूर हैं। इसके साथ ही उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि क्षेत्र में मानस भवन का निर्माण कार्य नहीं होने दिया जा रहा है।

अस्तित्व बचाने की छटपटाहट है यात्रा

विधायक ने दिग्विजय सिंह के राजनीतिक वजूद पर तंज कसते हुए कहा कि वे अपने सत्ता के पुराने दिनों को याद कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि वे खुद दो-तीन बार चुनाव हार चुके हैं और उनका बेटा भी बड़ी मुश्किल से जीत पाया है, वरना उनका राजनीतिक अस्तित्व पूरी तरह समाप्त हो चुका होता। शाक्य ने आरोप लगाया कि विपक्ष केवल अपने राजनीतिक हितों के लिए जनता को गुमराह कर रहा है, लेकिन जनता इनकी असलियत अच्छी तरह जानती है।

Rajkumar Rajak
By Rajkumar Rajak

Latest Posts