बेगमगंज: हरतालिका तीज पर दर्दनाक हादसा, नाबालिग की डूबने से मौत

बेगमगंज। ग्राम पांडाझिर में अपने नाना के घर पिछले एक महीने से रह रही शिवानी लोधी ने हरतालिका तीज पर निर्जला व्रत रखा था। वह अपनी नानी शांति बाई और हमउम्र मौसी प्रियंका लोधी के साथ दुधई नदी पर फुलेरा सिरहाने गई थी। फुलेरा विसर्जन के दौरान पैर फिसलने से शिवानी गहरे पानी में चली गई और गांव के युवाओं ने उसे बाहर निकाला, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी।
फुलेरा सिरहाते समय नदी में गिरी शिवानी
पुलिस सूत्रों के अनुसार ग्राम पांडाझिर में अपने नाना हीरालाल लोधी के घर पर पिछले एक माह से रह रही 17 वर्षीय कु. शिवानी लोधी पिता शिवराज सिंह लोधी निवासी महुना गूजर, राहतगढ़, सागर ने निर्जला व्रत रखा था। परिवार की अन्य महिलाओं के साथ उसने रात्रि जागरण कर भजन-कीर्तन में भी भाग लिया था।
ये भी पढ़ें: सत्य निकेतन हादसे के बाद दिल्ली सरकार का बड़ा फैसला, 10 हजार छात्रों के लिए बनेंगे हॉस्टल
मौसी को बचाने कूदी मां
शिवानी अपनी नानी शांति बाई एवं हमउम्र मौसी प्रियंका लोधी के साथ गांव के पास से निकली दुधई नदी पर फुलेरा सिरहाने यानी विसर्जन करने गई थी। नदी के घाट पर फुलेरा सिरहाते समय अचानक शिवानी का पांव फिसल गया और वह नदी में जा गिरी। उसे बचाने के लिए प्रियंका भी पीछे से नदी में कूद पड़ी।
गहरे पानी से शिवानी को नहीं बचा सके
प्रियंका शिवानी को बचा नहीं पाई और वह भी डूबने लगी। घाट पर मौजूद उसकी मां शांति बाई लोधी ने नदी में कूदकर अपनी बेटी प्रियंका को तो बचा लिया, लेकिन गहरे पानी में जाने से शिवानी को नहीं बचा पाई। महिलाओं की चीख-पुकार सुनकर गांव के कई लोग नदी पर पहुंचे और गांव के युवाओं ने बमुश्किल गहरे गड्ढे से शिवानी को ढूंढकर बाहर निकाला, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी।
पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू की
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और मर्ग कायम कर विवेचना में लिया है। वहीं घटना की जानकारी लगते ही एसडीएम प्रियंका भलावी एवं तहसीलदार प्रमोद उइके भी सिविल अस्पताल पहुंचे और भर्ती प्रियंका लोधी की कुशलक्षेम पूछी।




















