बेगमगंज में युवक को घरवालों ने पैसे नहीं दिए तो फांसी लगाकर की आत्महत्या

बेगमगंज। नगर के श्यामनगर में मंगलवार रात करीब 10 बजे 26 वर्षीय हाकम सिंह लोधी ने अज्ञात कारणों के चलते फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। पुलिस के अनुसार हाकम सिंह घर पहुंचने के बाद अपनी मां से पैसे मांग रहा था। मां के पास पैसे नहीं होने पर उन्होंने उसे मना कर दिया। इसके बाद उसने बड़े भाई कल्लू लोधी से पैसे मांगे। भाई ने सुबह सेठ से पैसे लेकर देने की बात कही, लेकिन हाकम सिंह इसके लिए तैयार नहीं हुआ।
घर में तोड़फोड़ के बाद कमरे में गया
परिजनों के मुताबिक पैसे को लेकर नाराज हाकम सिंह ने घर में उत्पात मचाते हुए तोड़फोड़ शुरू कर दी। बड़े भाई और परिवार के अन्य सदस्यों ने उसे पकड़कर समझाया और शांत होने के बाद सोने के लिए कहा। इसके बाद वह अपने कमरे में चला गया। कुछ देर बाद उसकी मां ने कमरे का दरवाजा खोलकर देखा तो हाकम सिंह फांसी के फंदे पर लटका हुआ था। मां ने तत्काल परिवार के अन्य सदस्यों को इसकी जानकारी दी।
ये भी पढ़ें: Bilaspur: अचानकमार टाइगर रिजर्व में बाघिन का हमला से युवक की मौत,
पुलिस ने मर्ग कायम कर शुरू की जांच
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और पंचनामा कार्रवाई की। पुलिस ने मर्ग कायम कर शव को अस्पताल की मर्चुरी में रखवाया। बुधवार सुबह पोस्टमार्टम की कार्रवाई पूरी होने के बाद शव अंतिम संस्कार के लिए परिजनों को सौंप दिया गया। पुलिस ने मामले को विवेचना में लिया है और युवक के आत्महत्या करने के कारणों की जांच की जा रही है।
ये भी पढ़ें: प्रॉपर्टी ब्रोकिंग की आड़ में MD ड्रग्स का धंधा:53 ग्राम नशे के साथ तस्कर गिरफ्तार





















