MP News:बेगमगंज के तुलसीपार में पुरानी रंजिश में तलवार से हमला, तीन युवक घायल; आरोपी फरार

रायसेन। आरोपी ने पहले मोटर बाइरिंग की दुकान पर पहुंचकर गाली-गलौज की और रिपोर्ट वापस लेने का दबाव बनाया। विरोध करने पर वह तलवार लेकर लौटा और हमला कर दिया। घायलों में एक युवक को गंभीर हालत में सागर रेफर किया गया है।
दुकान पर पहुंचकर किया विवाद
पुलिस के अनुसार ग्राम तुलसीपार में शाम करीब 4 बजे पुरानी रंजिश को लेकर आरोपी अभिषेक अठ्या, नारायण यादव की मोटर बाइरिंग की दुकान पर पहुंचा। वहां उसने गाली-गलौज करते हुए पिछले महीने की गई रिपोर्ट वापस लेने को लेकर अड़ीबाजी शुरू कर दी। जब उसकी बात नहीं मानी गई तो वह वहां से चला गया।
ये भी पढ़ें: MP High Court: 9 साल नौकरी के बाद भी CPCT पास नहीं कर पाए कंप्यूटर इंजीनियर, हाईकोर्ट ने बर्खास्तगी को ठहराया सही
तलवार से किया जानलेवा हमला
कुछ देर बाद आरोपी अपने घर से तलवार लेकर वापस आया। आते ही उसने नारायण यादव के पुत्र सचिन यादव (28 वर्ष) पर तलवार से हमला कर दिया। बीच-बचाव करने पहुंचे अभिषेक गौर (28 वर्ष) और छोटू कुशवाहा (24 वर्ष) पर भी उसने तलवार से हमला कर गंभीर रूप से घायल कर दिया।
एक युवक सागर रेफर, दो का अस्पताल में इलाज
हमले में सचिन यादव के मुंह और नाक पर गंभीर चोट आई, जिसके बाद डॉक्टरों ने उन्हें मेडिकल हॉस्पिटल सागर रेफर कर दिया। वहीं अभिषेक गौर के पैर और छोटू कुशवाहा की पीठ में तलवार लगने से दोनों को सिविल अस्पताल में भर्ती कराया गया। डॉक्टरों की निगरानी में उनका इलाज जारी है।
ये भी पढ़ें: सतना में तीन महीने बाद हत्या का खुलासा: पत्नी ने प्रेमी के साथ मिलकर कराई पति की हत्या
आरोपी की तलाश में जुटी पुलिस
थाना प्रभारी राजीव उइके ने बताया कि पुरानी रंजिश को लेकर विवाद हुआ है। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और फरार आरोपी अभिषेक अठ्या की तलाश की जा रही है। आरोपी को जल्द गिरफ्तार कर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
Edited By: Rohit Sharma












