बेगमगंज में सेवा संकल्प अभियान का शुरू, रक्तदान शिविर का आयोजन

बेगमगंज। रामपाल सिंह ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में पिछले वर्षों में भारत की पहचान विश्व पटल पर और मजबूत हुई है। सेवा संकल्प अभियान के माध्यम से भाजपा कार्यकर्ता समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचकर सेवा और जनभागीदारी के कार्यों को आगे बढ़ाएं। कार्यक्रम के दौरान नमो वाटिका में पौधारोपण किया गया और सिविल अस्पताल में रक्तदान शिविर लगाकर मरीजों को फल वितरित किए गए।
नमो वाटिका में सेवा संकल्प अभियान का शुभारंभ
बेगमगंज नगर के त्रिवेणी स्थित नमो वाटिका में 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक सेवा संकल्प अभियान आयोजित किया जाएगा। कार्यक्रम में पूर्व कैबिनेट मंत्री रामपाल सिंह ने कहा कि आज भारत दुनिया में आत्मविश्वास के साथ अपनी बात रखने वाला देश बनकर उभरा है।
ये भी पढ़ें: PM मोदी के जन्मदिन पर दीया जलाने को लेकर जगदलपुर में बवाल, कांग्रेस-BJP कार्यकर्ताओं में जोरदार झड़प, VIDEO वायरल
आर्थिक विकास और जनकल्याण का किया जिक्र
रामपाल सिंह ने कहा कि देश की अर्थव्यवस्था को नई गति मिली है और जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ करोड़ों लोगों तक पहुंचा है। उन्होंने कहा कि देश की सुरक्षा व्यवस्था भी सशक्त की गई है आतंकवाद और देश की सुरक्षा को चुनौती देने वाले तत्वों के खिलाफ भारत ने दृढ़ता के साथ कार्रवाई की है।
सेवा और जनभागीदारी को आगे बढ़ाने का आह्वान
पूर्व कैबिनेट मंत्री ने कहा कि सेवा संकल्प अभियान का मूल उद्देश्य समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचकर सेवा और जनभागीदारी के कार्यों को आगे बढ़ाना है। उन्होंने भाजपा कार्यकर्ताओं से अभियान के माध्यम से सेवा और जनभागीदारी के कार्यों को आगे बढ़ाने का आह्वान किया।
दीप प्रज्ज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ
कार्यक्रम का शुभारंभ मां सरस्वती के समक्ष दीप प्रज्ज्वलित कर किया गया। इसके बाद नगर पालिका अध्यक्ष संदीप लोधी ने पूर्व कैबिनेट मंत्री रामपाल सिंह का स्वागत किया, वहीं राकेश भार्गव, कमल साहू और संदीप लोधी ने सेवा संकल्प अभियान के उद्देश्य और जनसेवा से जुड़े विभिन्न विषयों पर विचार रखे।
नमो वाटिका में किया पौधारोपण
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन और सेवा संकल्प अभियान के शुभारंभ अवसर पर नमो वाटिका में जनप्रतिनिधियों, पार्टी पदाधिकारियों, कार्यकर्ताओं एवं गणमान्य नागरिकों ने उत्साहपूर्वक पौधारोपण किया। इस दौरान पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया गया।
ये भी पढ़ें: सीहोर: रेडिएंट होटल में पुरानी ग्रेवी मिलने से हड़कंप, खाद्य विभाग ने लिए बेसन-कॉर्न स्टार्च और नमक के सैंपल
सिविल अस्पताल में रक्तदान शिविर
कार्यक्रम के बाद सिविल अस्पताल पहुंचकर रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया, जिसमें पार्टी कार्यकर्ताओं एवं गणमान्य नागरिकों ने बढ़-चढ़कर रक्तदान किया। इस दौरान अस्पताल में भर्ती मरीजों को फल भी वितरित किए गए। कार्यक्रम में प्रियंका भलावी, एसडीओपी सोनाली गुप्ता, सहित बड़ी संख्या में पार्टी कार्यकर्ता मौजूद रहे।



















