Download App
Download on the App StoreGet it on Google Play
Breaking News

दीपावली के बाद बुंदेलखंड में गूंजा मौनिया-दीवारी का रंग, मोरपंख और लाठियों से सजे गांव

दीपावली के दूसरे दिन से मध्य प्रदेश के दमोह और बुंदेलखंड के गांवों में मौनिया और दीवारी नृत्य की परंपरा शुरू हो जाती है। मोरपंख, लाठी और पारंपरिक कपड़ों में सजे लोग पशुधन की रक्षा का संकल्प लेते हैं। जानिए मौनिया कौन होते हैं, खिरका का क्या महत्व है और यह अनोखी परंपरा कैसे निभाई जाती है।मध्य प्रदेश के बुंदेलखंड में दीपावली का त्योहार सिर्फ रोशनी और खुशियों तक ही सीमित नहीं रहता, बल्कि इसके बाद यहा
दीपावली के बाद बुंदेलखंड में गूंजा मौनिया-दीवारी का रंग, मोरपंख और लाठियों से सजे गांव
मोरपंख, लाठी और ढोल की थाप, बुंदेलखंड में शुरू हुआ दीवारी नृत्य

मध्य प्रदेश के बुंदेलखंड में दीपावली का त्योहार सिर्फ रोशनी और खुशियों तक ही सीमित नहीं रहता, बल्कि इसके बाद यहां की खास लोक परंपराएं भी देखने को मिलती हैं। दमोह जिले के ग्रामीण इलाकों में दीपावली के दूसरे दिन से मौनिया और दीवारी नृत्य की शुरुआत हो जाती है। गांवों में पारंपरिक कपड़े पहने युवक, हाथों में लाठियां और मोरपंख लेकर घूमते नजर आ रहे हैं। मंदिरों और खिरका में पूजा-पाठ के साथ दीवारी नृत्य की प्रस्तुतियां दी जा रही हैं। इस दौरान पूरा ग्रामीण इलाका बुंदेलखंड की पुरानी संस्कृति और परंपराओं के रंग में रंग जाता है।

क्या है मौनिया और दीवारी नृत्य की परंपरा?

मौनिया और दीवारी नृत्य बुंदेलखंड की पुरानी लोक परंपराओं का हिस्सा हैं। इनका संबंध मुख्य रूप से गायों और दूसरे पशुओं की रक्षा, देखभाल और खुशहाली से जुड़ा है। इस परंपरा में गौपालक और पशुपालक व्रत रखते हैं और पूरे दिन मौन रहने का संकल्प लेते हैं। वे पशुओं को चराने भी जाते हैं। मौन रहकर पूजा और जप करने की इस परंपरा के कारण इन्हें मौनिया कहा जाता है। वहीं, दीवारी नृत्य में गांव के युवक पारंपरिक कपड़े पहनकर हाथों में लाठियां और मोरपंख लेकर समूह में नृत्य करते हैं। इस दौरान लोक संस्कृति की झलक देखने को मिलती है। गांवों में लोग इस नृत्य को देखने के लिए बड़ी संख्या में जुटते हैं।

खिरका में होती है खास पूजा

मौनिया परंपरा में खिरका का खास महत्व है। खिरका वह स्थान होता है, जहां पशुओं और गोपालन से जुड़े देवी-देवताओं की पूजा की जाती है। यहां गौपालक विशेष रूप से पूजा-अर्चना करते हैं। दूसरे पशुपालक भी अपने मवेशियों की अच्छी सेहत, सुरक्षा और खुशहाली की कामना लेकर यहां पहुंचते हैं। इसके अलावा गांवों में गोपाल बाबा, कारसदेव और कमली बाबा के स्थानों पर भी मौनिया दल पहुंचते हैं। यहां माथा टेककर आशीर्वाद लिया जाता है। लोगों का विश्वास है कि इस पूजा से उनके पशुधन पर देवी-देवताओं की कृपा बनी रहती है।

ये भी पढ़ें: 400 साल से चली आ रही परंपरा, धामी में दिवाली के अगले दिन खेला जाता है 'पत्थर का खेल'

कैसे निभाई जाती है मौनिया की परंपरा?

इस परंपरा की शुरुआत सुबह व्रत रखने के साथ होती है। इसके बाद गुरु मौनिया के कान में मंत्र देते हैं। फिर गाय के नीचे से निकलने की रस्म निभाई जाती है। इसके बाद मौनिया दल के लोग हाथों में मोरपंख और बोबई का पौधा लेकर गांवों की ओर निकल पड़ते हैं। दिनभर वे मौन रहते हैं और पशुओं को चराने के साथ पूजा-पाठ की परंपरा निभाते हैं। इस दौरान गांवों में दीवारी नृत्य भी किया जाता है। शाम को एक बार फिर गाय के नीचे से निकलने की रस्म पूरी की जाती है। इसके साथ ही व्रत का समापन होता है।

पशुओं की रक्षा और प्रकृति से जुड़ाव का संदेश

मौनिया और दीवारी नृत्य सिर्फ पूजा-पाठ या मनोरंजन का हिस्सा नहीं हैं। इनके जरिए लोगों को पशुओं की देखभाल, गौवंश की रक्षा और प्रकृति के प्रति जिम्मेदारी का संदेश भी दिया जाता है। यह परंपरा बताती है कि ग्रामीण जीवन में पशुधन का कितना महत्व है। आज के आधुनिक दौर में भी दमोह और बुंदेलखंड के गांवों में यह परंपरा पूरे उत्साह के साथ निभाई जा रही है। मोरपंख, लाठियों और पारंपरिक वेशभूषा से सजे मौनिया दल गांवों में घूमकर अपनी संस्कृति को आगे बढ़ा रहे हैं। इस तरह मौनिया और दीवारी नृत्य बुंदेलखंड की पहचान को आज भी जिंदा रखे हुए हैं।

Dheeraj Jonsan
By Dheeraj Jonsan

Latest Posts