बेगमगंज में मॉडिफाइड साइलेंसर की तेज आवाज पर पुलिस का शिकंजा, नाबालिग चला रहे थे बुलेट; बाइक जब्त

बेगमगंज। शहर की सड़कों पर मॉडिफाइड साइलेंसर लगाकर तेज और कानफोड़ू आवाज में बाइक दौड़ाने वालों के खिलाफ पुलिस ने कार्रवाई शुरू कर दी है। इसी अभियान के तहत बेगमगंज पुलिस ने मॉडिफाइड साइलेंसर लगी एक बुलेट बाइक को जब्त किया है। खास बात यह सामने आई कि बाइक नाबालिग चला रहे थे। साइलेंसर से निकलने वाली तेज आवाज से राहगीरों और आसपास रहने वाले लोगों को परेशानी हो रही थी।
तेज आवाज से राहगीरों में मचती है अफरातफरी
पुलिस के मुताबिक शहर में कुछ वाहन चालक कंपनी की ओर से लगाए गए निर्धारित साइलेंसर को हटाकर बाजार में मिलने वाले मॉडिफाइड साइलेंसर लगवा रहे हैं। ऐसे साइलेंसर से सामान्य बाइक की तुलना में काफी तेज आवाज निकलती है। कई बार आवाज इतनी तेज होती है कि अचानक सुनने पर बंदूक चलने जैसी लगती है। सड़कों पर इस तरह तेज आवाज करने वाले वाहनों से राहगीर परेशान होते हैं। अचानक तेज धमाके जैसी आवाज आने से कई लोग चौंक जाते हैं। इसे देखते हुए पुलिस ने ऐसे वाहनों के खिलाफ कार्रवाई शुरू की है।
ये भी पढ़ें: ब्रेक फेल होते ही पलटा क्रूड ऑयल टैंकर, एक्सप्रेसवे पर लगी आग; चालक अंदर फंसा
नाबालिग चला रहे थे मॉडिफाइड साइलेंसर वाली बुलेट
पुलिस ने कार्रवाई के दौरान मॉडिफाइड साइलेंसर लगी बुलेट को पकड़ा। जांच में सामने आया कि बाइक नाबालिग चला रहे थे। पुलिस ने बाइक को जब्त कर चालान की कार्रवाई की और नाबालिगों के वाहन चलाने को लेकर भी प्रकरण तैयार किया। मामले को न्यायालय में पेश करने की प्रक्रिया भी की गई है। पुलिस की इस कार्रवाई के बाद तेज आवाज वाले मॉडिफाइड साइलेंसर लगाकर वाहन चलाने वालों में हड़कंप की स्थिति है।
आगे भी जारी रहेगी कार्रवाई
सब इंस्पेक्टर संदीप पवार ने बताया कि मॉडिफाइड साइलेंसर लगी बुलेट नाबालिगों द्वारा चलाते हुए पकड़ी गई है। बाइक को जब्त कर प्रकरण तैयार किया गया है, जिसे न्यायालय में पेश किया जाएगा। उन्होंने कहा कि वाहनों में नियमों के विपरीत मॉडिफाइड साइलेंसर लगाने और तेज आवाज करने वाले वाहन चालकों के खिलाफ आगे भी कार्रवाई जारी रहेगी।
ये भी पढ़ें: जनता के द्वार पहुंचा प्रशासन: जाजनखेड़ी-धामंदा में शिविर, कलेक्टर-एसपी ने सुनीं समस्याएं, अफसरों को दिए निर्देश
कंपनी के निर्धारित साइलेंसर का ही करें इस्तेमाल
पुलिस ने वाहन चालकों से अपील की है कि वे अपने वाहनों में कंपनी की ओर से निर्धारित साइलेंसर का ही इस्तेमाल करें। मॉडिफाइड या अत्यधिक तेज आवाज निकालने वाले साइलेंसर लगाकर वाहन चलाने से बचें। पुलिस का कहना है कि सड़क पर वाहन चलाते समय नियमों का पालन करना जरूरी है, ताकि दूसरे लोगों को भी परेशानी न हो। बेगमगंज में पुलिस की इस कार्रवाई से यह साफ है कि अब मॉडिफाइड साइलेंसर लगाकर तेज आवाज में वाहन दौड़ाने वालों पर निगरानी और कार्रवाई का सिलसिला आगे भी जारी रहेगा।




















