बेगमगंज-कचरे के ढेर से ग्रामीण बेहाल, आवारा कुत्तों का आतंक; एसडीएम को ज्ञापन देकर आंदोलन की चेतावनी

बेगमगंज। ग्राम हपसीली एवं आसपास के ग्रामीणों ने अनुविभागीय अधिकारी (एसडीएम) बेगमगंज को ज्ञापन सौंपकर गांव के पास लंबे समय से जमा हो रहे कचरे की समस्या से निजात दिलाने की मांग की। ग्रामीणों ने बताया कि नगर पालिका परिषद बेगमगंज द्वारा लंबे समय से ग्राम के पास कचरा डाला जा रहा है। वर्तमान में यहां बड़ी मात्रा में कचरे का ढेर एकत्रित हो गया है, जिससे आसपास रहने वाले ग्रामीणों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
ग्रामीणों का कहना है कि कचरे के ढेर से दुर्गंध फैल रही है। इसके अलावा मक्खी-मच्छर और अन्य संक्रमण फैलाने वाले कीट पनप रहे हैं। इससे ग्रामीणों के स्वास्थ्य पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ने की आशंका बनी हुई है। कचरे के कारण आसपास का वातावरण भी लगातार दूषित हो रहा है और ग्रामीणों के लिए अस्वच्छ एवं असुरक्षित परिस्थितियां निर्मित हो रही हैं।
आवारा कुत्तों से पशुधन पर बढ़ा खतरा
ग्रामीणों ने ज्ञापन में बताया कि कचरे के ढेर पर बड़ी संख्या में आवारा कुत्ते एकत्रित रहते हैं। ये कुत्ते आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों में घूमते हैं और ग्रामीणों की गाय, भैंस, बछड़ों एवं अन्य पालतू पशुओं पर हमला करते हैं। कई बार इन हमलों में पशु गंभीर रूप से घायल हो जाते हैं और उनकी जान तक चली जाती है। इससे पशुपालकों को आर्थिक नुकसान उठाना पड़ रहा है। साथ ही अपने पशुधन की सुरक्षा को लेकर ग्रामीणों में लगातार भय और चिंता बनी हुई है। ग्रामीणों का कहना है कि कचरे के ढेर के कारण आवारा कुत्तों की संख्या भी बढ़ रही है, जिससे समस्या ग्रामीणों और उनके पालतू पशुओं के लिए गंभीर खतरा बनती जा रही है।

पहले चक्काजाम, फिर भी नहीं हुआ स्थायी समाधान
ग्रामीणों ने बताया कि कचरे की समस्या को लेकर पहले भी चक्काजाम किया गया था। उस समय नगर पालिका प्रबंधन ने आवश्यक व्यवस्था किए जाने का भरोसा ग्रामीणों को दिया था। हालांकि पर्याप्त समय बीत जाने के बाद भी ग्राम हप्सिली के पास जमा कचरे की समस्या का स्थायी समाधान नहीं हो सका।
ये भी पढ़ें: रतलाम में 10 दिन पहले खरीदी ई-स्कूटी में धमाका, आग से झुलसीं मां और बेटियां
लगातार जमा किया जा रहा है कचरा
ग्रामीणों के अनुसार, वर्तमान में भी कचरा लगातार जमा किया जा रहा है, जिससे स्थिति और गंभीर होती जा रही है। उन्होंने प्रशासन से मामले को गंभीरता से लेते हुए ग्राम की आबादी के पास खरिया नारायण दास एवं रहवासी क्षेत्र में जमा कचरे के ढेर को तत्काल हटवाने की मांग की है।
निर्धारित स्थान पर कचरा हटाने की मांग
ग्रामीणों ने संबंधित अधिकारियों से मांग की है कि आबादी और रहवासी क्षेत्र के पास जमा कचरे को शीघ्र हटवाकर किसी निर्धारित एवं उपयुक्त स्थान पर उसका निस्तारण कराया जाए। साथ ही उक्त स्थान पर दोबारा कचरा नहीं डाले जाने की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द ही कचरे के ढेर को हटाकर समस्या का स्थायी समाधान नहीं किया गया और वहां कचरा डालना बंद नहीं किया गया, तो वे आगे बड़ा आंदोलन करने के लिए मजबूर होंगे।
ये भी पढ़ें: भोपाल में ड्यूटी के दौरान SSB जवान की मौत, सर्विस राइफल से खुद को गोली मारी; मराठी में मिला सुसाइड नोट











