Download App
Download on the App StoreGet it on Google Play
Breaking News

बेगमगंज:जनरल स्टोर और गोदाम में भीषण आग, शॉर्ट सर्किट से हुआ हादसा

बेगमगंज में शॉर्ट सर्किट से जनरल स्टोर, गोदाम और मकान में भीषण आग लग गई। हादसे में एक महिला गंभीर रूप से झुलस गई जबकि दुकान मालिक और उनके बेटे ने खिड़की तोड़कर जान बचाई। आग में करीब 20 लाख रुपये की संपत्ति जलकर खाक हो गई।

रायसेन जिले के बेगमगंज में शनिवार तड़के एक जनरल स्टोर, गोदाम और मकान में शॉर्ट सर्किट से भीषण आग लग गई। आग इतनी तेजी से फैली कि कुछ ही देर में पूरा स्टोर, गोदाम और मकान इसकी चपेट में आ गया। हादसे में दुकान मालिक नवीन समैया की पत्नी मनीषा (जूली) समैया गंभीर रूप से झुलस गईं जिन्हें प्राथमिक उपचार के बाद भोपाल रेफर किया गया है। आग से करीब 20 लाख रुपये के नुकसान का अनुमान लगाया गया है।

खिड़की तोड़कर बचाई जान

घटना महाराणा प्रताप रोड स्थित नवीन समैया के मकान और जनरल स्टोर में हुई। आग लगने के समय परिवार के सदस्य मकान की दूसरी मंजिल पर मौजूद थे। आग और धुएं से घिरने पर नवीन समैया और उनके 22 वर्षीय बेटे नयन (बिट्टू) समैया ने खिड़की तोड़कर बाहर निकलने का फैसला किया। दोनों लोहे के टीन शेड पर कूदकर सुरक्षित बाहर आए हालांकि उनके पैरों में चोटें आईं। वहीं घर में मौजूद 90 वर्षीय सितारा देवी सुरक्षित रहीं।

सुबह धुएं से खुली नींद, मची अफरा-तफरी

जानकारी के अनुसार सुबह करीब 5:30 बजे मनीषा समैया की नींद घर में धुआं भरने से खुली। उन्होंने दुकान की ओर आग की तेज लपटें देखीं और मदद के लिए शोर मचाया। उनकी आवाज सुनकर पड़ोसी बद्री विशाल गुप्ता और उनकी पत्नी रानी गुप्ता मौके पर पहुंचे। उन्होंने तुरंत पुलिस और फायर ब्रिगेड को सूचना दी।

6 फायर ब्रिगेड ने पाया आग पर काबू

सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड और नगर पालिका की टीम मौके पर पहुंची। आग इतनी भीषण थी कि उसे बुझाने के लिए छह फायर ब्रिगेड की मदद लेनी पड़ी। घंटों की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया जा सका लेकिन तब तक दुकान, गोदाम और मकान का बड़ा हिस्सा जल चुका था।

ये भी पढ़ें: ग्वालियर में बड़ा हादसा... शमशान के पास बनी दीवार गिरी, 1 महिला की मौत,पति- देवर की हालत गंभीर

गैस सिलेंडर हटाने से टला बड़ा हादसा

आग के दौरान रसोई में रखा गैस सिलेंडर भी खतरे की जद में आ गया था। परिवार के सदस्यों ने सूझबूझ दिखाते हुए सिलेंडर को बाहर सड़क पर फेंक दिया, जिससे संभावित बड़ा विस्फोट टल गया और आसपास के इलाके को सुरक्षित रखा जा सका।

घरेलू सामान जलकर राख

नवीन समैया के जनरल स्टोर के साथ डायपर एजेंसी का भी संचालन होता था। गोदाम में बड़ी मात्रा में डायपर, खिलौने, प्लास्टिक का घरेलू सामान, राखियां, महिलाओं के उपयोग की सामग्री सहित अन्य व्यापारिक सामान रखा था। आग में पूरा स्टॉक जलकर नष्ट हो गया। इसके अलावा फ्रिज, वॉशिंग मशीन, एलईडी टीवी, फर्नीचर, लकड़ी के दरवाजे-खिड़कियां, रसोई का पूरा सामान और मकान का एक हिस्सा भी आग की भेंट चढ़ गया।

ये भी पढ़ें: CG NEWS: चलती ट्रेन में मोबाइल चोरी के शक में युवक को लात मारकर गिराया, आरोपी यात्री गिरफ्तार

महिला की हालत गंभीर, भोपाल रेफर

अग्निकांड के दौरान मनीषा समैया घबराकर बेहोश हो गईं और आग की चपेट में आने से गंभीर रूप से झुलस गईं। उन्हें तत्काल सिविल अस्पताल ले जाया गया, जहां से हालत गंभीर होने पर भोपाल रेफर कर दिया गया। वहीं नवीन समैया और उनके बेटे का स्थानीय अस्पताल में उपचार जारी है।

Edited By: Sumit Shrivastava

Anand Sharma
By Anand Sharma

Latest Posts