ग्वालियर में बड़ा हादसा...शमशान के पास बनी दीवार गिरी, 1 महिला की मौत,पति- देवर की हालत गंभीर

ग्वालियर के चिरवाई नाका इलाके में रविवार सुबह बड़ा हादसा हो गया। सुबह करीब 6 से 7 बजे के बीच पहाड़ी पर बनी करीब 15 फीट ऊंची रिटेनिंग वॉल अचानक भरभराकर गिर गई। दीवार की चपेट में आने से एक महिला की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उसके पति और देवर गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची और राहत कार्य शुरू किया।
कैसे हुआ हादसा
मृतक महिला की पहचान 40 वर्षीय तराना के रूप में हुई है। वह दीवार के पास चाय और सिगरेट का ठेला लगाकर परिवार का गुजारा करती थी। रविवार सुबह भी वह रोज की तरह ठेला लगाए हुए थी। उसी दौरान उसके पति राहुल उर्फ लल्ली जाटव (42) और देवर पप्पू जाटव भी वहां मौजूद थे। अचानक रिटेनिंग वॉल ढह गई और तीनों उसकी चपेट में आ गए। हादसे में तराना की मौत हो गई, जबकि राहुल और पप्पू गंभीर रूप से घायल हो गए।
भाई- भाभी से मिलने आया था देवरजानकारी के मुताबिक, पप्पू जाटव कुछ दिन पहले ही अपने भाई-भाभी से मिलने ग्वालियर आया था। हादसे के बाद स्थानीय लोगों ने मलबे में दबे लोगों को बाहर निकाला और घायलों को अस्पताल पहुंचाया। पुलिस और प्रशासन की टीम मौके पर जांच कर रही है। फिलहाल दीवार गिरने के कारणों का पता लगाया जा रहा है।
यह भी पढ़ें: MP में लागू होगा UCC! 'एक देश, एक कानून' को कैबिनेट की मंजूरी, विधानसभा के मानसून सत्र में पेश होगा बिल
वार्ड नंबर 55 की घटना
यह घटना वार्ड नंबर-55 की है। श्मशान के पास बनी रिटेनिंग वॉल अचानक भरभराकर गिर गई। दीवार के ठीक पास चाय की गुमटी संचालित की जा रही थी, जिसकी चपेट में आने से पति-पत्नी समेत तीन लोग मलबे में दब गए। हादसे के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलते ही पुलिस, प्रशासन और एसडीआरएफ की टीम मौके पर पहुंची। घायलों को मलबे से निकालकर अस्पताल पहुंचाया गया, जहां इलाज के दौरान एक महिला की मौत हो गई।
रेस्क्यू में जुटी SDRF
हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और एसडीआरएफ की टीम को बुलाया गया। ग्वालियर एसपी धर्मवीर सिंह ने भी मौके पर पहुंचकर राहत कार्य की निगरानी की। रेस्क्यू ऑपरेशन के दौरान तीनों को मलबे से बाहर निकाला गया और अस्पताल भेजा गया। इलाज के दौरान तराना ने दम तोड़ दिया, जबकि राहुल और पप्पू का इलाज जारी है।
कब बनी थी दीवार?
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार यह रिटेनिंग वॉल नगर निगम की ओर से बनाई जा रही थी। इसका निर्माण करीब दो महीने पहले शुरू हुआ था। हैरानी की बात यह है कि पिछले कुछ दिनों से इलाके में बारिश भी नहीं हुई थी, फिर भी दीवार अचानक गिर गई। फिलहाल हादसे की असली वजह सामने नहीं आई है।रहवासियों के गंभीर आरोप
हादसे के बाद स्थानीय लोगों ने निर्माण कार्य में गंभीर लापरवाही का आरोप लगाया है। उनका कहना है कि दीवार जरूरत से ज्यादा ऊंची बनाई गई थी और इसमें घटिया निर्माण सामग्री का इस्तेमाल किया गया। लोगों का यह भी आरोप है कि निर्माण में पर्याप्त सरिया नहीं लगाया गया, जिससे दीवार कमजोर हो गई।
निर्माण सामग्री की होगी जांच- कलेक्टर
कलेक्टर रुचिका चौहान ने बताया कि प्राथमिक जांच में सामने आया है कि दीवार के पीछे एक मकान का निर्माण कार्य भी चल रहा था और वहां निर्माण सामग्री रखी हुई थी। इस पहलू की भी जांच की जाएगी। वहीं नगर निगम की ओर से दीवार के निर्माण में इस्तेमाल सामग्री की गुणवत्ता की जांच कराने और पूरे मामले की जांच के लिए टीम गठित करने की बात कही गई है।
एसपी धर्मवीर सिंह ने बताया कि मलबा हटाने का काम जारी है। यह सुनिश्चित किया जा रहा है कि कहीं और कोई व्यक्ति मलबे के नीचे तो नहीं दबा है। पुलिस और प्रशासन पूरे मामले की जांच में जुटे हैं और हादसे के कारणों का पता लगाया जा रहा है।











