बारिश का दौर खत्म होते-होते फिर बदलेगा मौसम, 14 राज्यों में आंधी-तूफान का अलर्ट

बारिश का दौर खत्म होते-होते मौसम फिर करवट लेगा। यूपी-बिहार समेत 14 राज्यों में आंधी-बारिश का अलर्ट है। कई इलाकों में 60-70 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना है।
बारिश का दौर खत्म होते-होते फिर बदलेगा मौसम, 14 राज्यों में आंधी-तूफान का अलर्ट

नई दिल्ली। मानसून की विदाई का समय नजदीक आते ही देश के कई हिस्सों में मौसम एक बार फिर करवट ले रहा है। मौसम विभाग के मुताबिक, 21 सितंबर को उत्तर प्रदेश, बिहार समेत कई राज्यों में बारिश और आंधी का अलर्ट है। कुछ इलाकों में तेज हवाओं के साथ गरज-चमक और बिजली गिरने की भी संभावना है। पहाड़ी राज्यों में हल्की बारिश के साथ कुछ जगहों पर भूस्खलन का खतरा बताया गया है। वहीं, पूर्वी और मध्य भारत के कई हिस्सों में आने वाले दिनों में बारिश का दौर जारी रह सकता है।

14 राज्यों में बारिश-आंधी का अलर्ट

21 सितंबर को कई राज्यों में मौसम खराब रहने की संभावना है। यूपी और बिहार समेत पूर्वी भारत के कई हिस्सों में बारिश हो सकती है। कुछ इलाकों में बारिश के साथ तेज हवाएं चलने और बिजली गिरने का भी खतरा है। मौसम विभाग के मुताबिक, पूर्वी-मध्य बंगाल की खाड़ी और उससे सटे उत्तरी अंडमान सागर के ऊपर बना निम्न दबाव क्षेत्र आगे और सक्रिय हो सकता है। इसके असर से आने वाले दिनों में पूर्वी और मध्य भारत के कई राज्यों में भारी बारिश का दौर देखने को मिल सकता है। 22 से 24 सितंबर के दौरान उत्तरी तटीय आंध्र प्रदेश में, 22 से 25 सितंबर के दौरान दक्षिणी ओडिशा में और 23 से 25 सितंबर के दौरान छत्तीसगढ़ व तेलंगाना में कहीं-कहीं भारी से बहुत भारी बारिश की संभावना है। 24 और 25 सितंबर को विदर्भ में भी भारी बारिश हो सकती है।

उत्तर-पश्चिम भारत में कैसा रहेगा मौसम?

उत्तर-पश्चिम भारत में आज मौसम कई जगह सामान्य से लेकर हल्का खराब रह सकता है। पूर्वी उत्तर प्रदेश में 25 और 26 सितंबर को गरज-चमक के साथ काफी व्यापक बारिश होने की संभावना है। इस दौरान बिजली गिरने का खतरा भी रहेगा। उत्तर-पश्चिम भारत के बाकी हिस्सों में कहीं-कहीं से लेकर छिटपुट बारिश हो सकती है। राजस्थान के कुछ इलाकों में हल्की बारिश के साथ आंधी चलने का अलर्ट है। दिल्ली में 21 सितंबर को किसी भी इलाके में बारिश की संभावना नहीं है। पंजाब में भी बारिश को लेकर कोई चेतावनी नहीं है। हिमाचल प्रदेश के ऊपरी इलाकों में कुछ जगहों पर हल्की बारिश हो सकती है। उत्तराखंड के रुद्रप्रयाग, चमोली और नैनीताल में हल्की बारिश की संभावना है। जम्मू-कश्मीर के रामबन, राजौरी, रियासी और कठुआ में भी कुछ जगहों पर हल्की बारिश हो सकती है।

Breaking News

बिहार, झारखंड और ओडिशा में बारिश का दौर

पूर्वी भारत में 21 से 26 सितंबर के दौरान झारखंड, ओडिशा और उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल व सिक्किम में बारिश की संभावना है। बिहार में 21 से 26 सितंबर के दौरान काफी ज्यादा से लेकर व्यापक बारिश होने का अनुमान है। 22 से 25 सितंबर के बीच गंगा के मैदानी इलाकों वाले पश्चिम बंगाल में भी बारिश हो सकती है। ओडिशा में 21 और 22 सितंबर को कुछ जगहों पर आंधी-तूफान और बिजली गिरने की संभावना है। इस दौरान 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं, जबकि झोंकों की रफ्तार 60 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है। झारखंड में 21 सितंबर को 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना है। झोंकों के दौरान इनकी रफ्तार 50 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है।

मध्य प्रदेश समेत मध्य भारत में भी बारिश

मध्य भारत के राज्यों में भी मौसम का असर देखने को मिलेगा। पश्चिमी मध्य प्रदेश में 25 और 26 सितंबर को, जबकि पूर्वी मध्य प्रदेश में 23 से 26 सितंबर के दौरान गरज-चमक और बिजली के साथ काफी व्यापक से व्यापक बारिश की संभावना है। विदर्भ में 21 से 26 सितंबर और छत्तीसगढ़ में भी 21 से 26 सितंबर के दौरान गरज-चमक और बिजली के साथ बारिश हो सकती है। दक्षिणी छत्तीसगढ़ के लिए 24 सितंबर खास तौर पर महत्वपूर्ण है। यहां भारी से बहुत भारी बारिश की संभावना है। कुछ जगहों पर अत्यधिक भारी बारिश भी हो सकती है। 21 सितंबर को प्रमुख शहरों के तापमान की बात करें तो भोपाल में अधिकतम तापमान 30 डिग्री और न्यूनतम 23 डिग्री सेल्सियस रह सकता है। दिल्ली में अधिकतम 34 और न्यूनतम 24 डिग्री, लखनऊ में 34 और 26 डिग्री, पटना में 33 और 27 डिग्री, जयपुर में 35 और 24 डिग्री सेल्सियस तापमान रहने का अनुमान है।

X Post

पूर्वोत्तर राज्यों में भी बारिश का अलर्ट

पूर्वोत्तर भारत में भी अगले कुछ दिनों तक बारिश का दौर जारी रहने की संभावना है। असम और मेघालय में 23 से 25 सितंबर के दौरान बारिश हो सकती है। नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा में 21 सितंबर और 22 से 24 सितंबर के दौरान गरज-चमक और बिजली के साथ काफी व्यापक से व्यापक बारिश की संभावना है। अरुणाचल प्रदेश में 21 से 26 सितंबर के दौरान भारी बारिश और आंधी की चेतावनी है। ऐसे में इन राज्यों में रहने वाले लोगों को मौसम विभाग के अपडेट पर नजर रखने की सलाह दी गई है।

मध्यप्रदेश में मानसून की विदाई से पहले फिर बदलेगा मौसम, 24 सितंबर से कई जिलों में भारी बारिश..!

दक्षिण भारत में भी कई राज्यों में बारिश

दक्षिण भारत के कई राज्यों में भी आने वाले दिनों में बारिश का दौर देखने को मिल सकता है। 21 से 26 सितंबर के दौरान रायलसीमा और तमिलनाडु, पुडुचेरी और कराईकल में भारी बारिश की संभावना है। केरल और माहे में 22 और 23 सितंबर तथा 26 सितंबर को भारी बारिश हो सकती है। वहीं 26 सितंबर को तटीय कर्नाटक, उत्तरी आंतरिक कर्नाटक और दक्षिणी आंतरिक कर्नाटक में भी भारी बारिश की संभावना है। 25 और 26 सितंबर को तटीय आंध्र प्रदेश और यनम में भारी बारिश हो सकती है।

बंगाल की खाड़ी में बना सिस्टम बढ़ा सकता है बारिश

मौसम में इस बदलाव के पीछे पूर्वी-मध्य बंगाल की खाड़ी और उससे सटे उत्तरी अंडमान सागर के ऊपर बना निम्न दबाव क्षेत्र प्रमुख सिस्टम है। इसके और तेज होने पर 22 से 25 सितंबर के बीच कई राज्यों में बारिश की गतिविधियां बढ़ सकती हैं। ऐसे में खासकर पहाड़ी इलाकों में यात्रा करने वाले लोगों और बारिश प्रभावित क्षेत्रों में रहने वालों को मौसम विभाग के अपडेट पर नजर रखने की जरूरत है। तेज हवाओं, बिजली और भारी बारिश की संभावना वाले इलाकों में स्थानीय प्रशासन की ओर से जारी सलाह का भी ध्यान रखना जरूरी होगा।

Sona Rajput
By Sona Rajput

माखनलाल चतुर्वेदी राष्ट्रीय पत्रकारिता एवं संचार विश्वविद्यालय से मास कम्युनिकेशन किया है। साल 2022 ...Read More

Latest Posts