Aakash Waghmare
23 Dec 2025
Manisha Dhanwani
23 Dec 2025
Aakash Waghmare
22 Dec 2025
नई दिल्ली/ढाका। हिंदू युवक दीपू चंद्र की हत्या को लेकर भारत और बांग्लादेश के रिश्तों में एक बार फिर तनाव गहराता दिख रहा है। इसी को लेकर दिल्ली में विश्व हिंदू परिषद (VHP) ने बांग्लादेश हाई कमीशन के बाहर जोरदार प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों ने बांग्लादेश में मारे गए हिंदू युवक दीपू चंद्र दास के परिवार को न्याय दिलाने की मांग की। इस पूरे घटनाक्रम ने न सिर्फ राजनीतिक बल्कि कूटनीतिक सर्कल्स में भी हलचल मचा दी है। यह अब सिर्फ एक प्रदर्शन नहीं, बल्कि दोनों देशों के बीच बढ़ते अविश्वास का प्रतीक बनता जा रहा है।
23 दिसंबर 2025 को दिल्ली स्थित बांग्लादेश हाई कमीशन के बाहर VHP कार्यकर्ता जमा हुए। प्रदर्शन शांतिपूर्ण रहा, लेकिन एहतियात के तौर पर इलाके में सुरक्षा कड़ी कर दी गई। VHP का कहना है कि, बांग्लादेश में अल्पसंख्यकों, खासकर हिंदुओं पर लगातार हमले हो रहे हैं और दीपू चंद्र की हत्या उसी का उदाहरण है।
बांग्लादेश के मैमनसिंह जिले में 18 दिसंबर की रात 27 वर्षीय हिंदू युवक दीपू चंद्र दास की बेरहमी से हत्या कर दी गई। शुरुआत में यह दावा किया गया कि, दीपू ने फेसबुक पर धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुंचाने वाली टिप्पणी की थी।
हालांकि, शुरुआती जांच में इस दावे का कोई ठोस सबूत नहीं मिला, जिससे यह मामला मॉब लिंचिंग और साजिश की ओर इशारा करता है। हत्या के बाद शव को आग लगा देने की खबर ने आक्रोश और बढ़ा दिया।
इस पूरे विवाद के बीच बांग्लादेश ने भारत के उच्चायुक्त प्रणय वर्मा को तलब किया है। यह एक हफ्ते में दूसरी बार है जब उन्हें बुलाया गया।
क्यों तलब किया गया?
बांग्लादेश के विदेश मंत्रालय ने कहा कि ऐसी घटनाएं राजनयिक गरिमा, आपसी सम्मान और सहिष्णुता को कमजोर करती हैं।
बांग्लादेश ने भारत सरकार से साफ कहा है कि वह सभी बांग्लादेशी दूतावासों और मिशनों की सुरक्षा सुनिश्चित करे। हालिया घटनाओं की जांच कराए। भविष्य में ऐसी घटनाएं न हों, इसके लिए ठोस कदम उठाए। बयान में यह भी कहा गया कि ये भारत की अंतरराष्ट्रीय और कूटनीतिक जिम्मेदारियों से जुड़ा मामला है।
सुरक्षा चिंताओं का हवाला देते हुए बांग्लादेश हाई कमीशन ने भारत में सभी वीजा और काउंसलर सेवाएं अस्थायी रूप से बंद कर दी हैं। सिलीगुड़ी में वीजा सेंटर (VFS) पहले ही निलंबित हो चुका है। अगरतला स्थित बांग्लादेश कॉन्सुलेट भी वीजा सेवाएं रोक चुका है। बांग्लादेश का कहना है कि यह फैसला अगले आदेश तक लागू रहेगा।
बांग्लादेशी छात्र नेता शरीफ उस्मान हादी की हत्या के बाद से हालात और बिगड़े हैं। बांग्लादेश ने आरोप लगाया था कि, पूर्व प्रधानमंत्री शेख हसीना भारत में रहते हुए भड़काऊ बयान दे रही हैं। हालांकि, बांग्लादेश के गृह मंत्रालय ने यह स्पष्ट किया है कि हादी हत्याकांड के आरोपी के भारत भागने की कोई पुख्ता जानकारी नहीं है।
14 दिसंबर: भारतीय उच्चायुक्त को पहली बार तलब
18 दिसंबर: दीपू चंद्र दास की हत्या
19 दिसंबर: बांग्लादेश और विदेशों में विरोध
20 दिसंबर: भारत ने अल्पसंख्यकों पर हमलों पर चिंता जताई
22 दिसंबर: सिलीगुड़ी में वीजा सेंटर में तोड़फोड़, वीजा सेवाएं रोकी गईं
23 दिसंबर: दिल्ली में VHP का प्रदर्शन, भारतीय उच्चायुक्त दोबारा तलब