बंडा जहरीली शराब कांड के बाद बड़ी कार्रवाई, 58 में से 40 पुलिसकर्मी लाइन अटैच

बंडा। जहरीली शराब से कई लोगों की मौत के मामले के बाद पुलिस प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई की है। सागर जिले के बंडा थाना और इसके अंतर्गत आने वाली गूगरा व बरा पुलिस चौकी में तैनात 40 पुलिसकर्मियों को लाइन अटैच किया गया है। इनमें उप निरीक्षक, सहायक उप निरीक्षक, प्रधान आरक्षक और आरक्षक शामिल हैं। एसपी अनुराग सुजानिया ने यह कार्रवाई करते हुए संबंधित पुलिसकर्मियों को तत्काल अपने नए कार्यस्थल पर आमद देने के निर्देश दिए हैं। इनकी जगह पुलिस लाइन और जिले के अन्य थानों से नए पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई है।
बंडा थाने के 35 पुलिसकर्मियों का तबादला
एसपी की ओर से जारी आदेश के मुताबिक बंडा थाने में पदस्थ दो उप निरीक्षक मुन्ना लाल धुर्वे और आदिल खान, 10 प्रधान आरक्षक और 23 आरक्षकों को लाइन अटैच किया गया है। बंडा थाने में कुल 58 पुलिसकर्मी पदस्थ थे। इनमें से 35 पुलिसकर्मियों को हटाकर उनके स्थान पर नए पुलिसकर्मियों की पदस्थापना की गई है। आदेश में सभी संबंधित पुलिसकर्मियों को तत्काल नए कार्यस्थल पर जॉइन करने के निर्देश दिए गए हैं।
ये भी पढ़ें: फर्जी जाति प्रमाणपत्रों से नौकरी करने वालों पर करो कार्रवाई,जनहित याचिका पर मप्र हाईकोर्ट ने दिए राज्य सरकार को आदेश
गूगरा और बरा चौकी के पुलिसकर्मी भी हटाए
बंडा थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाली गूगरा और बरा पुलिस चौकी में भी कार्रवाई की गई है। दोनों चौकियों से दो-दो प्रधान आरक्षकों को लाइन अटैच किया गया है। इसके अलावा बहरोल थाना में पदस्थ एक प्रधान आरक्षक को भी लाइन अटैच किया गया है। जिले के अन्य थानों में तैनात पुलिसकर्मियों के कार्यस्थल में भी प्रशासनिक स्तर पर मामूली बदलाव किए गए हैं।
ये भी पढ़ें: नरसिंहपुर में लोकायुक्त की कार्रवाई, 8 हजार की रिश्वत लेते सहकारी समिति का प्रभारी प्रबंधक गिरफ्तार
शराबकांड के बाद पहले भी हो चुकी है कार्रवाई
बंडा में जहरीली शराब का मामला सामने आने के बाद पुलिस विभाग ने इससे पहले भी कार्रवाई की थी। तत्कालीन बंडा थाना प्रभारी राजेंद्र कुशवाहा और एसडीओपी प्रदीप वाल्मीकि को पहले ही हटा दिया गया था। इसके बाद बंडा थाना प्रभारी की जिम्मेदारी सिविल लाइन टीआई आनंद सिंह को सौंपी गई थी। अब थाना और संबंधित चौकियों में बड़े स्तर पर पुलिसकर्मियों की पदस्थापना बदलने की कार्रवाई की गई है। पुलिस प्रशासन की ओर से जारी आदेश के बाद बंडा थाना क्षेत्र में नए पुलिसकर्मियों की तैनाती शुरू कर दी गई है।




















