MP News:बालाघाट में भीषण हादसा, पेड़ से टकराकर एम्बुलेंस में लगी आग; ड्राइवर की जिंदा जलकर मौत

बालाघाट। हादसा परसवाड़ा क्षेत्र के खर्रा गांव में मंगलवार सुबह हुआ। नागपुर से मरीज छोड़कर लौट रही एम्बुलेंस दुर्घटनाग्रस्त हो गई। ड्राइवर वाहन में फंस गया और आग में जलकर मौत हो गई। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
तड़के हुआ दर्दनाक हादसा
मंगलवार सुबह करीब 5 बजे परसवाड़ा थाना क्षेत्र के खर्रा गांव के पास यह हादसा हुआ। एम्बुलेंस अचानक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पेड़ से जा टकराई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि वाहन पलट गया और उसमें आग लग गई। आसपास मौजूद लोग कुछ समझ पाते, इससे पहले ही आग ने विकराल रुप ले लिया। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और लोग मदद के लिए दौड़े, लेकिन तब तक हालात बिगड़ चुके थे।
ये भी पढ़ें: UP Politics: अजीत सिंह हत्याकांड का आरोपी ‘कबूतरा’ सुभासपा में शामिल, पार्टी ने झाड़ा पल्ला
नागपुर जा रहा था ड्राइवर
जानकारी के मुताबिक एम्बुलेंस ड्राइवर मरीज को नागपुर से संतरीटोला गांव छोड़ने आया था। मरीज को सुरक्षित घर पहुंचाने के बाद ड्राइवर ने वहीं कुछ देर आराम किया। सुबह करीब 4 बजे वह वापस नागपुर के लिए रवाना हुआ था। रास्ते में मंडला रोड पर यह हादसा हो गया।
वाहन में फंसकर जिंदा जला ड्राइवर
हादसे के बाद एम्बुलेंस पलटने से ड्राइवर अंदर ही फंस गया। आग तेजी से फैलने के कारण उसे बाहर निकलने का मौका नहीं मिल सका। कुछ ही मिनटों में आग ने विकराल रूप ले लिया और ड्राइवर उसकी चपेट में आ गया। स्थानीय लोगों ने बचाने की कोशिश की, लेकिन आग इतनी भयंकर थी कि कोई पास नहीं जा सका। इस दर्दनाक घटना ने सभी को झकझोर कर रख दिया।
मृतक की हुई पहचान
मोबाइल नंबर के आधार पर मृतक की पहचान माइकल अंतुने मोरिस (56) के रूप में हुई है। वह नागपुर के अजनी इलाके का रहने वाला था। बताया जा रहा है कि वह पेशे से एम्बुलेंस ड्राइवर था और लंबे समय से यह काम कर रहा था।
ये भी पढ़ें: पंजाबी सिंगर इंदर कौर की हत्या... अपहरण के 6 दिन बाद नहर में मिला शव, सिरफिरे कनाडाई आशिक पर शक
पुलिस जांच में जुटी
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। परसवाड़ा थाना प्रभारी ने बताया कि प्रारंभिक जांच में एम्बुलेंस के अनियंत्रित होकर पेड़ से टकराने की बात सामने आई है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पुलिस हादसे के सभी पहलुओं की जांच कर रही है।












