अयोध्या में मछली भोज पर सियासी बवाल! कांग्रेस पर BJP और संतों ने साधा निशाना

अयोध्या में कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष अजय राय के स्वागत को लेकर आयोजित कार्यक्रम अब राजनीतिक विवाद का केंद्र बन गया है। कार्यक्रम में कथित तौर पर मछली बनाए जाने का वीडियो सोशल मीडिया पर सामने आने के बाद बीजेपी नेताओं और साधु-संतों ने कांग्रेस पर तीखा हमला बोला है। आरोप लगाया जा रहा है कि अजय राय के स्वागत के लिए आयोजित कार्यक्रम में लोगों के लिए मछली तैयार की जा रही थी। हालांकि, कार्यक्रम में दो कुंतल से ज्यादा मछली बनाए जाने के दावे की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। दरअसल, अजय राय अयोध्या पहुंचे थे, जहां उन्होंने हनुमानगढ़ी में हनुमान चालीसा का पाठ किया। इसके बाद उनके स्वागत के लिए एक कार्यक्रम आयोजित किया गया। इसी कार्यक्रम से जुड़े कुछ वीडियो सामने आने के बाद मछली भोज को लेकर विवाद शुरू हो गया।
सावन में मछली भोज पर संतों ने जताई नाराजगी
मामले पर राष्ट्रीय अध्यक्ष सनातन रक्षक संघ मुकुंद माधव त्रिपाठी ने कांग्रेस पर निशाना साधा। उन्होंने आरोप लगाया कि हनुमानगढ़ी में दर्शन करने के बाद अजय राय के स्वागत में लॉन में मछली भोज कराया गया। मुकुंद माधव त्रिपाठी ने सावन के महीने में अयोध्या में इस तरह के आयोजन को दुर्भाग्यपूर्ण बताया। संत सीताराम दास जी महाराज ने भी इस मामले पर नाराजगी जाहिर की। उनका कहना है कि सावन के पवित्र महीने में अयोध्या में मछली भोज का आयोजन सनातन परंपराओं और धार्मिक भावनाओं के खिलाफ है। उन्होंने आरोप लगाया कि कांवड़ मार्ग के पास स्थित लॉन में ऐसा आयोजन कर कांवड़ियों और सनातन समाज की भावनाओं को ठेस पहुंचाई गई।
बीजेपी अध्यक्ष पंकज चौधरी ने कांग्रेस से मांगी माफी
विवाद के बीच उत्तर प्रदेश बीजेपी अध्यक्ष और सांसद पंकज चौधरी ने सोशल मीडिया के जरिए कांग्रेस पर हमला बोला। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस के लिए सनातन का अपमान अब पहचान बनता जा रहा है। पंकज चौधरी ने कहा कि पवित्र श्रावण मास में अयोध्या धाम में कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष के स्वागत कार्यक्रम में मछली भोज का आयोजन किया जाना निंदनीय है। उन्होंने इस मामले को अक्षम्य बताते हुए कांग्रेस से संत समाज और देशवासियों से सार्वजनिक तौर पर माफी मांगने की मांग की।
डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक बोले- बेहद दुखद
उत्तर प्रदेश के डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक ने भी अयोध्या में कथित मछली भोज को लेकर कांग्रेस पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि सावन के महीने में अयोध्या में इस तरह का भोज कराया जाना बेहद दुखद है। ब्रजेश पाठक ने इसे कांग्रेस की सोच से जोड़ते हुए विपक्ष पर भी हमला किया। उन्होंने कहा कि विपक्ष के पास कोई ठोस एजेंडा नहीं है और वह जाति तथा तुष्टिकरण के नाम पर राजनीति कर रहा है। उनके मुताबिक, जनता विपक्ष को पहले ही नकार चुकी है और विपक्ष का मुख्य लक्ष्य सत्ता हासिल करना रह गया है।
साइबर अपराध से आतंकवाद तक, सुरक्षा चुनौतियों पर आज से बैठक! अमित शाह करेंगे नेतृत्व
ओम प्रकाश राजभर ने बताया कांग्रेस का कल्चर
उत्तर प्रदेश सरकार में मंत्री और सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी के अध्यक्ष ओम प्रकाश राजभर ने भी इस विवाद पर कांग्रेस को घेरा। उन्होंने अजय राय के अयोध्या दौरे और कथित मछली भोज को लेकर कहा कि यह कांग्रेस का कल्चर है। ओम प्रकाश राजभर ने कहा कि देश संविधान के अनुसार चलता है और सभी राजनीतिक दलों को संविधान के दायरे में रहकर काम करना चाहिए। उन्होंने कांग्रेस और समाजवादी पार्टी के नेताओं पर भी निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि वे लगातार झूठ बोलने की राजनीति कर रहे हैं। फिलहाल, अयोध्या में कथित मछली भोज को लेकर राजनीतिक बयानबाजी तेज है।





















