भारत भर में बाढ़ का कहर!असम, ओडिशा और केरल में बिगड़े हालात, भारी बारिश और भूस्खलन से कई लोगों की मौत

देश के कई राज्यों में लगातार हो रही बारिश ने लोगों की परेशानियां बढ़ा दी हैं। असम में बाढ़ से हालात अभी भी गंभीर हैं, ओडिशा में नदियों का जलस्तर बढ़ने से कई जिले अलर्ट पर हैं और केरल में भारी बारिश व भूस्खलन के कारण जनजीवन प्रभावित हुआ है। प्रशासन राहत और बचाव कार्यों में लगातार जुटा हुआ है।
Follow on Google News
असम, ओडिशा और केरल में बिगड़े हालात, भारी बारिश और भूस्खलन से कई लोगों की मौत
बाढ़ प्रभावित इलाके

नई दिल्ली। देश में मानसून का असर लगातार बढ़ता जा रहा है। असम, ओडिशा, केरल और गुजरात समेत कई राज्यों में भारी बारिश ने सामान्य जीवन को प्रभावित किया है। कई इलाकों में बाढ़ का पानी घरों और सड़कों तक पहुंच गया है, जबकि पहाड़ी क्षेत्रों में भूस्खलन की घटनाएं भी सामने आई हैं। हजारों लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया गया है और राहत शिविरों में रखा गया है। मौसम विभाग ने आने वाले दिनों में भी कई राज्यों में भारी बारिश की संभावना जताई है। ऐसे में प्रशासन लगातार हालात पर नजर रखे हुए है और लोगों से सतर्क रहने की अपील कर रहा है।

असम में बाढ़

असम में बाढ़ की स्थिति पहले के मुकाबले कुछ बेहतर जरूर हुई है, लेकिन मुश्किलें अभी खत्म नहीं हुई हैं। राज्य में बाढ़ से मरने वालों की संख्या 82 तक पहुंच चुकी है। हालांकि कुछ इलाकों में पानी घटा है, फिर भी करीब 1.93 लाख लोग अभी भी बाढ़ से प्रभावित हैं। राहत शिविरों में लोगों को भोजन, दवा और जरूरी सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं। प्रशासन प्रभावित परिवारों को सामान्य जीवन में वापस लाने के लिए लगातार राहत और पुनर्वास का काम कर रहा है।

ये भी पढ़ें: हरिद्वार में दर्दनाक हादसा: फ्लाईओवर का गार्डर गिरने से 2 कांवड़ियों की मौत, गंगाजल लेकर लौट रहे थे घर

ओडिशा में हाई अलर्ट

ओडिशा में लगातार बारिश और हीराकुड बांध से पानी छोड़े जाने के कारण बाढ़ का खतरा बढ़ गया है। महानदी समेत कई नदियां उफान पर हैं, जिससे निचले इलाकों में पानी भर गया है। राज्य के 20 जिले प्रभावित हैं और 8.34 लाख से ज्यादा लोग बाढ़ की चपेट में हैं। हालात को देखते हुए महानदी के किनारे बसे 10 जिलों में हाई अलर्ट जारी किया गया है। कई गांवों का संपर्क टूट गया है और खेती के साथ-साथ सड़कों और अन्य सरकारी संपत्तियों को भी नुकसान पहुंचा है।

मुख्यमंत्री ने किया हवाई सर्वे, जल्द होगा नुकसान का आकलन

ओडिशा के मुख्यमंत्री मोहन चरण मांझी ने बाढ़ प्रभावित इलाकों का हवाई निरीक्षण किया और अधिकारियों के साथ स्थिति की समीक्षा की। उन्होंने कहा कि पानी उतरने के बाद फसलों, सड़कों और सरकारी संपत्तियों को हुए नुकसान का जल्द आकलन किया जाएगा। सरकार ने राहत कार्यों के लिए एसडीआरएफ को अतिरिक्त धनराशि भी उपलब्ध कराई है। मुख्यमंत्री ने लोगों से घबराने की बजाय प्रशासन के निर्देशों का पालन करने की अपील की है।

केरल में भारी बारिश और भूस्खलन से बढ़ी परेशानी

केरल में लगातार हो रही तेज बारिश ने कई जिलों में मुश्किलें बढ़ा दी हैं। भूस्खलन और बाढ़ की घटनाओं में छह लोगों की मौत हो चुकी है, जबकि छह अन्य लोगों की तलाश जारी है। राज्य सरकार ने 65 राहत शिविर शुरू किए हैं, जहां 1,465 लोगों को सुरक्षित रखा गया है। कई घर पूरी तरह नष्ट हो गए हैं और बड़ी संख्या में मकानों को आंशिक नुकसान पहुंचा है। NDRF , पुलिस, फायर एंड रेस्क्यू और स्थानीय प्रशासन मिलकर बचाव अभियान चला रहे हैं।

ये भी पढ़ें: CAA पर बंगाल सरकार का बड़ा फैसला : 6 महीने में पूरी होगी प्रक्रिया, जानिए क्या है कानून?

मौसम विभाग ने जारी की नई चेतावनी

भारतीय मौसम विभाग ने केरल के कई जिलों में रेड और ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। वहीं उत्तर प्रदेश और दिल्ली-एनसीआर में भी भारी बारिश की संभावना जताई गई है। गुजरात के कई हिस्सों में भी तेज बारिश के कारण हजारों लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया गया है। प्रशासन ने लोगों से नदी, पहाड़ी और जलभराव वाले इलाकों से दूर रहने और मौसम विभाग की सलाह का पालन करने की अपील की है। आने वाले दिनों में भी कई राज्यों में बारिश का दौर जारी रहने की संभावना है।

Aditi Rawat
By Aditi Rawat

अदिति रावत | MCU, भोपाल से M.Sc.(न्यू मीडिया टेक्नॉलजी) | एंकर, न्यूज़ एक्ज़िक्यूटिव की जिम्मेदारिय...Read More

नई दिल्ली
--°
बारिश: -- mmह्यूमिडिटी: --%हवा: --
Source:AccuWeather
icon

Latest Posts