Download App
Download on the App StoreGet it on Google Play
Breaking News

अनूपपुर : किचन में खाना बना रही पहली पत्नी की कुल्हाड़ी मारकर हत्या, आरोपी पति हुआ गिरफ्तार

अनूपपुर जिले के ग्राम पयारी क्रमांक-1 में चरित्र शंका को लेकर हुए विवाद में एक पति ने अपनी पहली पत्नी की कुल्हाड़ी से हमला कर हत्या कर दी। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आरोपी दो शादियां कर चुका था और पहली पत्नी से अलग रहता था।
किचन में खाना बना रही पहली पत्नी की कुल्हाड़ी मारकर हत्या, आरोपी पति हुआ गिरफ्तार
अनूपपुर। पयारी गांव में महिला की हत्या के बाद पुलिस पहुंची।

अनूपपुर। अनूपपुर जिले के ग्राम पयारी क्रमांक-1 (फुनगा पुलिस चौकी) में शनिवार सुबह एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई। चरित्र पर संदेह के चलते एक पति ने रसोई घर में खाना बना रही अपनी ही पहली पत्नी पर कुल्हाड़ी से ताबड़तोड़ हमला कर उसकी हत्या कर दी। वारदात को अंजाम देने के बाद पुलिस ने आरोपी को मुस्तैदी दिखाते हुए गिरफ्तार कर लिया है।

पत्नी के सर पर किए कई वार

चौकी प्रभारी सोने सिंह परस्ते ने बताया कि शनिवार सुबह करीब 9.30 बजे मृतका मुनिया बाई (40) अपने घर के किचन में खाना बना रही थी। इसी दौरान उसका पति मायाराम चौधरी हाथ में कुल्हाड़ी लेकर वहां पहुंचा और चरित्र शंका को लेकर विवाद करने लगा। बात बढ़ते ही मायाराम ने आपा खो दिया और मुनिया के सिर पर कुल्हाड़ी से कई जानलेवा वार कर दिए। गंभीर चोटों और अत्यधिक रक्तस्राव के कारण महिला ने मौके पर ही दम तोड़ दिया।

दूसरी पत्नी के साथ रहता है आरोपी

पुलिस जांच में सामने आया है कि आरोपी मायाराम ने दो शादियां की थीं। वह अपनी दूसरी पत्नी के साथ घटनास्थल से करीब एक किलोमीटर दूर पयारी गांव में ही रहता था, जबकि पहली पत्नी मुनिया बाई अपने दो बेटों के साथ अलग रहती थी। आरोपी लगातार अपनी पहली पत्नी के चरित्र पर शक करता था, जो इस हत्याकांड की मुख्य वजह बना। घटना की सूचना मिलते ही कोतमा एसडीओपी आरती शाक्य और पुलिस बल मौके पर पहुंचे और साक्ष्य जुटाए। 

ये भी पढ़ें: पेपर लीक पर सरकार सख्त: 10 साल तक की जेल, ₹10 करोड़ जुर्माना; STF जांच और फास्ट-ट्रैक कोर्ट का प्रावधान

आरोपी को हिरासत में लिया है

चरित्र संदेह में पति द्वारा कुल्हाड़ी से हमला कर पत्नी की हत्या का मामला है। आरोपी मायाराम चौधरी को हिरासत में ले लिया गया है और हत्या में प्रयुक्त हथियार जब्त कर मामला दर्ज किया गया है।

आरती शाक्य, एसडीओपी, कोतमा

गोबर गैस टंकी में गिरने से किसान की मौत 

अनूपपुर जिले के जैतहरी थाना क्षेत्र अंतर्गत सेमरवार गांव में शुक्रवार शाम एक दर्दनाक हादसा हो गया। अपने घर के पास स्थित गोबर गैस टंकी की सफाई के दौरान पैर फिसलने से 40 वर्षीय अजय सिंह राठौर की मृत्यु हो गई। मृतक, किशोर न्याय बोर्ड अनूपपुर के सदस्य विजय सिंह राठौर के पुत्र थे। परिजनों के अनुसार, अजय पिछले 20 वर्षों से गोबर गैस कुएं की सफाई स्वयं करते आ रहे थे।

ये भी पढ़ें: इंदौर: शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे से MP के छात्रों में खुशी की लहर

अस्पताल पहुंचने से पहले दम तोड़ा

शुक्रवार शाम करीब 6 बजे सफाई के दौरान मेढ़ से अचानक उनका पैर फिसल गया और वे गोबर से लबालब भरे कुएं में गिर गए। चीख-पुकार सुनकर पहुंची मां और पत्नी ने पड़ोसियों की मदद से उन्हें बाहर निकाला। परिजन तुरंत उन्हें सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र जैतहरी लेकर पहुंचे, लेकिन रास्ते में ही उन्होंने दम तोड़ दिया। अस्पताल में ड्यूटी डॉक्टर ने परीक्षण के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव का पंचनामा बनाकर वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है। जैतहरी पुलिस का कहना है कि, मामले में मर्ग कायम कर घटना के कारणों की वैधानिक जांच की जा रही है। 

Naresh Bhagoria
By Naresh Bhagoria

नरेश भगोरिया। 27 वर्षों से पत्रकारिता में सक्रिय हूं। माखनलाल चतुर्वेदी राष्ट्रीय पत्रकारिता विश्ववि...Read More

Latest Posts