Aakash Waghmare
19 Jan 2026
Naresh Bhagoria
19 Jan 2026
Aakash Waghmare
19 Jan 2026
पंजाब के खरड़ विधानसभा क्षेत्र से आम आदमी पार्टी (AAP) की विधायक अनमोल गगन मान ने अपने इस्तीफे का फैसला वापस ले लिया है। उन्होंने शनिवार को राजनीति छोड़ने का ऐलान करते हुए विधायक पद से इस्तीफा दे दिया था। लेकिन रविवार को पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष अमन अरोड़ा से मुलाकात के बाद उन्होंने अपना फैसला बदल दिया।

AAP के पंजाब प्रमुख अमन अरोड़ा ने इस मुलाकात को पारिवारिक और सकारात्मक बताया। उन्होंने सोशल मीडिया पर जानकारी देते हुए कहा कि पार्टी ने अनमोल गगन का इस्तीफा स्वीकार नहीं किया और उन्होंने भी इस निर्णय को मान लिया है। अरोड़ा ने कहा, “अनमोल गगन मान पार्टी और क्षेत्र की सेवा में पहले की तरह जुटी रहेंगी। वह अरविंद केजरीवाल और आप परिवार का अभिन्न हिस्सा रही हैं और रहेंगी।”
शनिवार को अनमोल गगन मान ने एक्स पर लिखा था, “मेरा दिल भारी है, लेकिन मैंने राजनीति छोड़ने का फैसला कर लिया है। विधायक पद से स्पीकर को दिया गया मेरा इस्तीफा स्वीकार किया जाए। मेरी शुभकामनाएं पार्टी के साथ हैं। मुझे उम्मीद है कि पंजाब सरकार जनता की उम्मीदों पर खरी उतरेगी।”
उनके इस पोस्ट से पंजाब की राजनीति में हलचल मच गई थी।
उनके इस्तीफे के बाद विपक्षी कांग्रेस ने आम आदमी पार्टी पर तीखा तंज कसा। पंजाब कांग्रेस प्रमुख और लुधियाना से सांसद अमरिंदर सिंह राजा वड़िंग ने लिखा, “पंजाब में आप पार्टी में सब कुछ ठीक नहीं चल रहा है। एक विधायक को पार्टी से निलंबित कर दिया गया। एक महीने से भी कम समय में दूसरी विधायक ने इस्तीफा दे दिया और राजनीति छोड़ने की बात तक कह दी।”
वड़िंग ने कहा कि यह आप का अंदरूनी मामला हो सकता है, लेकिन जब अंदर आग लगती है, तो धुआं बाहर जरूर नजर आता है।
अनमोल गगन मान एक लोकप्रिय पंजाबी गायिका और युवा नेता हैं। उन्होंने 2022 के पंजाब विधानसभा चुनावों में खरड़ सीट से जीत दर्ज कर राजनीति में अपनी मजबूत उपस्थिति दर्ज कराई। उन्हें आम आदमी पार्टी का युवा और सांस्कृतिक चेहरा माना जाता है।