Download App
Download on the App StoreGet it on Google Play
Breaking News

अमेठी में पूर्वांचल एक्सप्रेसवे पर भीषण हादसा : एंबुलेंस और पिकअप में जोरदार भिड़ंत, पिता का शव ले जा रहे बेटे समेत 5 की मौत

Follow on Google News
अमेठी में पूर्वांचल एक्सप्रेसवे पर भीषण हादसा : एंबुलेंस और पिकअप में जोरदार भिड़ंत,  पिता का शव ले जा रहे बेटे समेत 5 की मौत
अमेठी। उत्तर प्रदेश के अमेठी जिले में पूर्वांचल एक्सप्रेसवे पर एक दर्दनाक सड़क हादसा हुआ है। शनिवार सुबह करीब 5:30 बजे हरियाणा से बिहार जा रही एम्बुलेंस पिकअप से टकरा गई। इस भीषण टक्कर में एम्बुलेंस सवार 5 लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक शख्स गंभीर रूप से घायल हो गया है।

पिता का शव लेकर जा रहा था बेटा

हादसे का शिकार हुए लोग हरियाणा के सोहना से समस्तीपुर, बिहार जा रहे थे। एम्बुलेंस में मृतक के परिजन शव लेकर जा रहे थे। मृतकों में राजकुमार शर्मा, रवि शर्मा और फुलो शर्मा (तीनों समस्तीपुर, बिहार निवासी) के साथ एम्बुलेंस चालक सरफराज और सहयोगी आबिद (दोनों हरियाणा निवासी) शामिल हैं। गंभीर रूप से घायल शंभू राय का इलाज जारी है।

दरवाजा काटकर निकाले गए शव

हादसे के बाद हाईवे पर चीख-पुकार मच गई। राहगीर और स्थानीय लोग तुरंत मौके पर पहुंचे। एम्बुलेंस का अगला हिस्सा पूरी तरह पिचक गया था। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि चार लोगों को समय रहते बाहर निकाल लिया गया था, लेकिन एम्बुलेंस की आगे की बॉडी इतनी पिचक चुकी थी कि ड्राइवर और उसके बगल वाले व्यक्ति को निकालना संभव नहीं हो पा रहा था। आखिरकार पुलिस और यूपीडा की टीम ने दरवाजा काटकर उन्हें बाहर निकाला, लेकिन तब तक उनकी मौत हो चुकी थी।

120 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से आई एम्बुलेंस

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार हादसा उस समय हुआ जब पिकअप वाहन के टायर में पंचर हो गया था और चालक विजय सिंह उसे किनारे खड़ी कर पंचर बनवा रहे थे। इसी दौरान तेज रफ्तार (लगभग 120 किमी प्रति घंटा) से आ रही एम्बुलेंस अनियंत्रित होकर पीछे से पिकअप में जा घुसी। टक्कर इतनी भीषण थी कि एम्बुलेंस के परखच्चे उड़ गए। हादसे की सूचना मिलते ही बाजार शुकुल थानाध्यक्ष अभिनेष कुमार पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। यूपीडा और पुलिस ने तुरंत रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया। शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया और गंभीर घायल को जिला अस्पताल रेफर किया गया। क्षतिग्रस्त वाहनों को हटाकर हाईवे पर यातायात सुचारू कर दिया गया।

सीएम योगी ने जताया दुख, हेल्पलाइन नंबर जारी

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने इस हादसे पर गहरा शोक जताया है। डीएम संजय चौहान ने बताया कि प्रशासन द्वारा राहत कार्य तेजी से कराया जा रहा है। मुसाफिरखाना तहसील में टोल फ्री हेल्पलाइन नंबर भी जारी किया गया है, ताकि मृतकों के परिजन आवश्यक जानकारी प्राप्त कर सकें। सरकार की ओर से पीड़ित परिवारों को हर संभव मदद का आश्वासन दिया गया है। पुलिस ने पूरे मामले की जांच शुरू कर दी है। प्राथमिक तौर पर ओवरस्पीडिंग और अचानक ब्रेकिंग को हादसे की वजह माना जा रहा है। प्रशासन ने दुर्घटना की गहन जांच के आदेश दिए हैं। ये भी पढ़ें- प्रयागराज में कुदरत का कहर : आकाशीय बिजली गिरने से एक ही परिवार के चार लोगों की मौत, मां-बाप और दो मासूम बेटियां जिंदा जलीं
Manisha Dhanwani
By Manisha Dhanwani

मनीषा धनवानी | जागरण लेकसिटी यूनिवर्सिटी से BJMC | 6 वर्षों के पत्रकारिता अनुभव में सब-एडिटर, एंकर, ...Read More

Latest Posts