Download App
Download on the App StoreGet it on Google Play
Breaking News

कैलिफोर्निया के लॉस एंजिल्स में कांपी धरती, सीरिया के कई प्रांतों में महसूस हुए भूकंप के झटके, जानें कितनी रही तीव्रता

Follow on Google News
कैलिफोर्निया के लॉस एंजिल्स में कांपी धरती, सीरिया के कई प्रांतों में महसूस हुए भूकंप के झटके, जानें कितनी रही तीव्रता
अमेरिकी राज्य कैलिफोर्निया के लॉस एंजिल्स में 4.4 तीव्रता का भूकंप आया। भारतीय समय के मुताबिक, सोमवार रात करीब 1 बजे आया है। उस समय अमेरिका में दोपहर के 12:30 बजे थे। भूकंप का केंद्र हाईलैंड पार्क था, जो प्रसिद्ध हॉलीवुड साइन और ग्रिफ़िथ वेधशाला के पास है। सीरिया के कई प्रांतों में भूकंप के झटके महसूस किए गए हैं। रिक्टर स्केल पर भूकंप की तीव्रता 5.5 मापी गई है। सीरियाई राष्ट्रीय भूकंप केंद्र के अनुसार, मध्य शहर हामा से 28 किलोमीटर पूर्व में आया।

लॉस एंजिल्स में इमारतें हिलने लगीं

कैलिफोर्निया के लॉस एंजिल्स में भूकंप के असर से इमारतें हिलने लगीं, बर्तन गिरने लगे और वाहनों के अलार्म बजना शुरू हो गए। हालांकि, भूकंप से फिलहाल किसी बड़ी क्षति या जनहानि की सूचना नहीं है। अमेरिकी भूवैज्ञानिक सर्वेक्षण (USGC) ने कहा कि सोमवार को आए भूकंप का केंद्र लॉस एंजिलिस के सिटी हॉल से 10.5 किलोमीटर उत्तर-पूर्व में हाईलैंड पार्क के पास 12.1 किलोमीटर की गहराई में था। भूकंप के चलते सुनामी की कोई वॉर्निंग जारी नहीं की गई है।

सीरिया में भूकंप से नुकसान की जानकारी नहीं

सीरिया में भूकंप स्थानीय समयानुसार सोमवार रात 11:56 बजे हामा शहर से 3.9 किलोमीटर पूर्व में आया। भूकंप के झटके सीरिया के कई प्रांतों में महसूस किए गए। यह भूकंप सोमवार को रात 9:30 बजे आए 3.7 तीव्रता वाले भूकंप के बाद आया है। अधिकारियों ने किसी के हताहत होने या किसी महत्वपूर्ण नुकसान की तत्काल कोई रिपोर्ट जारी नहीं की।

आखिर क्यों आते हैं भूकंप ?

भूकंप आने के पीछे की वजह पृथ्वी के भीतर मौजूद प्लेटों का आपस में टकराना है। हमारी पृथ्वी के अंदर सात प्लेट्स हैं, जो लगातार घूमती हैं। जब ये आपस में टकराती हैं, तब फॉल्ट लाइन जोन बन जाता है। जिसकी वजह से सतह के कोने मुड़ जाते हैं और वहां दबाव बनने लगता है। ऐसी स्थिति में प्लेट के टूटने के बाद ऊर्जा पैदा होती है, जो बाहर निकलने के लिए रास्ता ढूंढती है। जिसकी वजह से धरती हिलने लगती है।

कैसे मापते हैं भूकंप की तीव्रता

रिक्टर स्केल पर भूकंप की तीव्रता मापी जाती है। भूकंप को 1 से 9 तक के आधार पर मापा जाता है। भूकंप को इसके केंद्र (एपीसेंटर) से मापा जाता है। भूकंप को लेकर चार अलग-अलग जोन में बांटा गया है। मैक्रो सेस्मिक जोनिंग मैपिंग के अनुसार इसमें जोन-5 से जोन-2 तक शामिल है। जोन 5 को सबसे ज्यादा संवेदनशील माना गया है और इसी तरह जोन दो सबसे कम संवेदनशील माना जाता है।

किस तीव्रता का भूकंप कितना खतरनाक है

• 0 से 1.9 तीव्रता का भूकंप काफी कमजोर होता है। सीज्मोग्राफ से ही इसका पता चलता है। • वहीं 2 से 2.9 तीव्रता का भूकंप रिक्टर स्केल पर हल्का कंपन करता है। • 3 से 3.9 तीव्रता का भूकंप आने पर ऐसा लगता है जैसे कोई ट्रक आपके नजदीक से गुजर गया हो। • 4 से 4.9 तीव्रता का भूकंप आने पर खिड़कियां टूट सकती हैं। साथ ही दीवारों पर टंगे फ्रेम गिर सकते हैं। • 5 से 5.9 तीव्रता का भूकंप आने पर घर का फर्नीचर हिल सकता है। • 6 से 6.9 तीव्रता का भूकंप आने पर इमारतों की नींव दरक सकती है। • 7 से 7.9 तीव्रता का भूकंप खतरनाक होता है। इससे बिल्डिंग गिर जाती हैं और जमीन में पाइप फट जाती है। • 8 से 8.9 तीव्रता का भूकंप काफी खतरनाक होता है। जापान, चीन समेत कई देशों में 8.8 से 8.9 तीव्रता वाले भूकंप ने खूब तबाही मचाई थी। • 9 और उससे ज्यादा तीव्रता का भूकंप आने पर पूरी तबाही होती है। इमारतें गिर जाती है। पेड़ पौधे, समुद्रों के नजदीक सुनामी आ जाती है।
Shivani Gupta
By Shivani Gupta

शिवानी गुप्ता | MCU, भोपाल से इलेक्ट्रॉनिक मीडिया में ग्रेजुएशन | 9 वर्षों की टीवी और डिजिटल तक की य...Read More

Latest Posts