Flight Emergency Landing:एयर इंडिया की दो फ्लाइट्स के साथ बड़ा हादसा टला, इंजन में लगी आग

एयरलाइन और एयरपोर्ट अधिकारियों ने तत्परता दिखाते हुए स्थिति को संभाला और किसी बड़े हादसे को टाल दिया। दिल्ली एयरपोर्ट पर फुल इमरजेंसी घोषित करनी पड़ी, जबकि बेंगलुरु की घटना के बाद तकनीकी जांच शुरू कर दी गई। दोनों मामलों में एयर इंडिया ने आधिकारिक बयान जारी कर सुरक्षा मानकों के पालन की बात कही है।
बेंगलुरु में लैंडिंग के दौरान आई दिक्कत
गुरुवार को एअर इंडिया की एक फ्लाइट में बेंगलुरु एयरपोर्ट पर लैंडिंग के दौरान बड़ा हादसा होने से टल गया। जानकारी के मुताबिक विमान का पिछला हिस्सा यानी टेल रनवे से टकरा गया। घटना के बाद एयरपोर्ट प्रशासन और तकनीकी टीम तुरंत सक्रिय हो गई। विमान में मौजूद यात्रियों और चालक दल को सुरक्षित बाहर निकाला गया। शुरुआती जांच में माना जा रहा है कि लैंडिंग के दौरान संतुलन बिगड़ने के कारण यह स्थिति बनी।
ये भी पढ़ें: ‘पेपर लीक नहीं हुआ...’ संसदीय समिति के सामने NTA चीफ का चौंकाने वाला दावा, फिर क्यों रद्द हुई NEET परीक्षा?
दिल्ली आ रही फ्लाइट में इंजन अलर्ट
बता दें कि बेंगलुरु से दिल्ली आ रही एअर इंडिया की फ्लाइट AI 2802 को उस समय बड़ी चुनौती का सामना करना पड़ा, जब विमान दिल्ली एयरपोर्ट के फाइनल अप्रोच पर था। कॉकपिट क्रू को अचानक इंजन में आग लगने की चेतावनी मिली। जांच के दौरान इंजन में तकनीकी गड़बड़ी के संकेत भी सामने आए। इसके बाद तुरंत एयरपोर्ट पर फुल इमरजेंसी घोषित कर दी गई।
171 यात्रियों को सुरक्षित उतारा गया
एयरबस A320 विमान में कुल 171 यात्री सवार थे। इमरजेंसी अलर्ट के बाद एयरपोर्ट की फायर और रेस्क्यू टीम रनवे पर तैनात कर दी गई थी। रात करीब साढ़े नौ बजे विमान की सुरक्षित लैंडिंग कराई गई। लैंडिंग के बाद विमान को टो करके रनवे से हटाया गया, ताकि अन्य उड़ानों पर असर न पड़े। एयरलाइन अधिकारियों ने बताया कि सभी यात्रियों और चालक दल के सदस्यों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। घटना के बाद यात्रियों में कुछ देर तक दहशत का माहौल बना रहा।
ये भी पढ़ें: आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे पर दर्दनाक हादसा! डबल डेकर बस में लगी आग, चालक और कंडक्टर की मौत, कई यात्री घायल
एयर इंडिया ने जारी किया बयान
एअर इंडिया ने दोनों घटनाओं को लेकर आधिकारिक बयान जारी किया है। एयरलाइन के प्रवक्ता ने कहा कि दिल्ली पहुंच रही फ्लाइट के कॉकपिट क्रू को इंजन में आग की वार्निंग मिली थी, जिसकी बाद में पुष्टि भी हुई। उन्होंने बताया कि पायलट और क्रू ने सभी स्टैंडर्ड ऑपरेटिंग प्रोसीजर का पूरी तरह पालन किया। इसी वजह से विमान को सुरक्षित उतारने में सफलता मिली।
फ्लाइट की कराई गई इमरजेंसी लैंडिंग
एक ही दिन में एअर इंडिया की दो उड़ानों में आई तकनीकी दिक्कतों ने विमानन सुरक्षा को लेकर कई सवाल खड़े कर दिए हैं। लगातार सामने आ रही ऐसी घटनाएं यात्रियों की चिंता बढ़ा रही हैं। विशेषज्ञों का मानना है कि विमानों की तकनीकी जांच और मेंटेनेंस प्रक्रिया को और मजबूत करने की जरूरत है। वहीं नागरिक उड्डयन से जुड़ी एजेंसियां भी घटनाओं की गंभीरता से जांच कर रही हैं।












