खत्म हुआ 8 महीने लंबा इंतजार, 9 हजार से ज्यादा चयनित पटवारियों को मिलेगी नियुक्ति

भोपाल। पिछले 8 महीनों से ज्यादा समय से अपनी नियुक्ति की बाट जोह रहे 9 हजार से ज्यादा चयनित पटवारियों के लिए ये राहत भरी खबर है। मध्य प्रदेश सरकार अब जल्द ही इन पटवारियों को नियुक्ति देने जा रही है। इस संबंध में प्रदेश के सामान्य प्रशासन विभाग (GAD) ने आज इस संबंध में निर्देश भी जारी कर दिए। आज जारी निर्देश के बाद इन चयनित पटवारियों को नौकरी मिलने का रास्ता साफ हो गया है और जल्द ही इनके हाथ में अपॉइन्टमेंट लेटर भी पहुंच जाएंगे।
आचार संहिता से पहले नियुक्ति पत्र देने की कवायद
लोकसभा चुनाव में कांग्रेस एक बार फिर बेरोजगारी के मुद्दे को भुनाने की तैयारी कर रही है। ऐसे में अगर 9 हजार से ज्य़ादा पटवारियों को आचार संहिता से पहले नियुक्ति पत्र मिल जाएंगे तो यह बीजेपी के लिए फायदे का सौदा होगा। यही वजह है कि जीएडी के निर्देश जारी करने के बाद अब सरकार का फोकस है कि जल्दी ही इस दिशा में कार्यवाही की जाए। जीएडी की उप सचिव रंजना पाटने द्वारा जारी इस पत्र के बाद ये साफ हो गया है कि कर्मचारी चयन मंडल द्वारा घोषित नतीजों के आधार पर ही नियुक्ति देने का फैसला राज्य सरकार ने किया है।





















