Download App
Download on the App StoreGet it on Google Play
Breaking News

गोरखपुर में दर्दनाक हादसा, सड़क किनारे खड़ी बस को ट्रक ने मारी टक्कर, 6 की मौत, 25 से ज्यादा घायल

Follow on Google News
गोरखपुर में दर्दनाक हादसा, सड़क किनारे खड़ी बस को ट्रक ने मारी टक्कर, 6 की मौत, 25 से ज्यादा घायल
गोरखपुर। उत्तर प्रदेश में गोरखपुर-कुशीनगर हाईवे पर जगदीशपुर के पास देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। इस हादसे में 6 लोगों की मौत हो गई। जबकि 25 से अधिक अन्य लोग घायल हो गए। हाइवे पर एक यात्री बस पंचर होने के बाद सड़क किनारे खड़ी थी। तभी पीछे से एक तेज रफ्तार ट्रक ने उसमें टक्कर मार दी। टक्कर होते ही बस के परखच्चे उड़ गए। चीख-पुकार मच गई। आज तड़के तक रेस्क्यू ऑपरेशन चलता रहा। पुलिस ने ट्रक जब्त कर लिया है एवं उसके चालक की तलाश कर रही है।

सड़क किनारे खड़ी थी बस

पुलिस के मुताबिक पंचर होने के बाद बस सड़क किनारे खड़ी थी। इस दौरान कुछ यात्री उतरकर दूसरी बस में चढ़ गए, जबकि कुछ बस के अंदर ही रह गए। तभी ट्रक उस बस से टकरा गया, जिसके परिणाम स्वरूप यह दुर्घटना हुई। पुलिस अधीक्षक (नगर) कृष्ण कुमार ने बताया, "यह हादसा गुरुवार देर रात हुआ, जब एक तेज रफ्तार ट्रक ने सड़क किनारे खड़ी बस को टक्कर मार दी। दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गई और अन्य चार ने अस्पताल में इलाज के दौरान दम तोड़ दिया।

ट्रक को जब्त कर चालक की तलाश शुरू

सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची। घायलों को अस्पताल ले जाया गया और उनके परिवार के सदस्यों को भी सूचित किया गया। ट्रक को जब्त कर लिया गया है और पुलिस चालक की तलाश कर रही है। पुलिस के अनुसार बस 30 से अधिक यात्रियों को गोरखपुर से कुशीनगर के पडरौना ले जा रही थी।

दूसरी बस का इंतजार कर रहे थे यात्री

यात्री मुबारक अंसारी ने बताया कि बस यात्रियों से खचाखच भरी थी और अचानक बस का टायर फट गया। लेकिन चालक ने किसी तरह बस को नियंत्रित कर लिया। अंसारी के अनुसार, चालक ने डिपो से बात कर दूसरी बस मंगवाई और इस बीच यात्री दूसरी बस के आने का इंतजार कर रहे थे। अचानक तेज आवाज के साथ बस में कुछ टकराया और लोग मदद के लिए चिल्लाने लगे। पहले तो हम समझ नहीं पाए, लेकिन बाद में हमें एहसास हुआ कि एक ट्रक ने बस को पीछे से टक्कर मार दी है।

दो मृतक यात्रियों की पहचान नहीं हो पाई

पुलिस के मुताबिक, 6 मृतकों में से 4 यात्रियों की पहचान शैलेश पटेल (25), सुरेश चौहान (35), नितेश सिंह (25) और 24 वर्षीय हिमांशु यादव के रूप में की गई है, जो सभी कुशीनगर के निवासी हैं। दो मृतक यात्रियों की पहचान अभी तक नहीं हो पाई हैं। गंभीर रूप से घायल यात्रियों में मुबारक अंसारी, ऋषभ जयसवाल, सोनू गौड़, हरीश तिवारी, रामदेव, मनोज चौधरी और रवींद्र सिंह शामिल हैं, जो सभी कुशीनगर के हैं। ये भी पढ़ें- दिल्ली में बारिश के बाद मिली राहत, AQI पहले से बेहतर; प्रदूषण पर सुप्रीम कोर्ट बोला- हमें परिणाम चाहिए
Mithilesh Yadav
By Mithilesh Yadav

वर्तमान में पीपुल्स समाचार के डिजिटल विंग यानी 'पीपुल्स अपडेट' में बतौर सीनियर सब-एडिटर कार्यरत हूं।...Read More

Latest Posts