पहलगाम आतंकी हमले पर चुप्पी को लेकर आमिर खान का रिएक्शन आया सामने, बोले- मैं डिप्रेशन में था, कई दिनों तक घर से नहीं निकला

एंटरटेनमेंट डेस्क। 22 अप्रैल को जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में हुए आतंकी हमले ने पूरे देश को झकझोर दिया था। इस हमले में निर्दोष लोगों की जान गई और देशभर में आक्रोश की लहर दौड़ गई। लेकिन इस दुखद घटना के बाद कुछ बड़े सेलेब्रिटीज की चुप्पी पर सोशल मीडिया पर सवाल उठने लगे थे। इन्हीं में से एक नाम था बॉलीवुड अभिनेता आमिर खान का। अब आमिर ने इस मुद्दे पर खुलकर बात की है और बताया है कि वो किस मानसिक स्थिति से गुजर रहे थे।
डिप्रेशन में था, घर से नहीं निकला- आमिर खान
टीवी शो आप की अदालत में रजत शर्मा के सवालों का जवाब देते हुए आमिर खान ने बताया कि पहलगाम आतंकी हमले ने उन्हें अंदर तक हिला कर रख दिया था। उन्होंने कहा, "मैं कई दिनों तक डिप्रेशन में था। घर से बाहर नहीं निकल पाया। इस हमले ने मेरे दिल को गहरा दर्द दिया।" आमिर ने यह भी बताया कि इस हमले के बाद उन्होंने अपनी फिल्म सितारे जमीन पर का ट्रेलर रिलीज रोक दिया और उसी दिन आयोजित होने वाला अंदाज अपना अपना का प्रीमियर भी कैंसिल कर दिया।ये हमला देश ही नहीं, हमारी एकता पर हमला है
बातचीत के दौरान आमिर ने इस आतंकी हमले को घिनौना और कायरतापूर्ण बताया। उन्होंने कहा, "आतंकवादी हमारे देश में घुसकर लोगों पर गोलियां चला रहे हैं। परिवारों को निशाना बना रहे हैं, मजहब पूछकर गोलियां चला रहे हैं – इसका क्या मतलब है? वहां मैं भी हो सकता था, आप भी हो सकते थे। ये हमारे देश की एकता पर सीधा हमला है।"





















