Download App
Download on the App StoreGet it on Google Play
Breaking News

5000 मी. दौड़ में पारुल, भाला फेंक में अन्नू ने जीता गोल्ड

एशियन गेम्स 2023 : पदक तालिका में 15 गोल्ड, 26 सिल्वर, 28 ब्रॉन्ज सहित 69 मेडलों के साथ भारत चौथे स्थान पर
Follow on Google News
5000 मी. दौड़ में पारुल, भाला फेंक में अन्नू ने जीता गोल्ड

हांगझोउ। एशियन गेम्स के 10वें दिन भारत ने 2 गोल्ड, 2 सिल्वर और 5 ब्रॉन्ज मेडल जीते हैं। 5000 मीटर स्पर्धा में पारुल चौधरी और भालाफेंक स्पर्धा में अन्नू रानी ने गोल्ड मेडल पर कब्जा जमाया है। डेकेथलॉन में तेजस्विन शंकर, 800 मीटर दौड में मो. अफजल ने सिल्वर मेडल तो वहीं, ट्रिपल जंप में प्रवीण, 400 मी. दौड़ में विद्या, नौकायन में अर्जुन-सुनील की जोड़ी और मुक्केबाजी में प्रीति और नरेंद्र बेरवाल ने ब्रॉन्ज मेडल जीता है। पदक तालिका में 15 गोल्ड, 26 सिल्वर और 28 ब्रॉन्ज सहित 69 मेडलों के साथ भारत चौथे स्थान पर है।

जापान की रिरिका को अंतिम समय में पीछे छोड़ा

भारत की पारुल चौधरी ने महिला 5000 मीटर स्पर्धा में स्वर्ण पदक जीता है। 28 वर्षीय खिलाड़ी पारुल अंतिम लैप में जापान की रिरिका हिरोनाका से पीछे चल रही थी, लेकिन अंतिम 40 मीटर में उन्हें पछाड़कर 15 मिनट 14.75 सेकंड के समय के साथ स्वर्ण पदक अपने नाम किया। पारुल का मौजूदा एशियाई खेलों में यह दूसरा पदक है। उन्होंने सोमवार को महिला 3000 मीटर स्टीपलचेज में भी रजत पदक जीता था।

अन्नू का गोल्डन थ्रो

भारत की अन्नू रानी ने भी इतिहास रच दिया है। एशियाड की महिलाओं की भाला फेंक स्पर्धा में अन्नू ने स्वर्ण जीता है। बता दें कि अन्नू रानी उत्तर प्रदेश के मेरठ जीते की रहने वाली हैं। उन्होंने अपने चौथे प्रयास में सीजन का सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करते हुए उन्होंने 62.92 मीटर भाला फेंका। श्रीलंका की नदीशा दिल्हान और चीन की हुइहुइ ल्यु ने क्रमश: 61.57 मीटर और 61.29 मीटर के प्रयास के साथ रजत और कांस्य पदक जीते।

सिल्वर मेडल

तेजस्विन शंकर (डेकेथलॉन स्पर्धा)

भारत के तेजस्विन शंकर ने रजत पदक अपने नाम किया है। उन्होंने डेकेथलॉन में यह कामयाबी हासिल की। इस स्पर्धा में 10 अलग-अलग खेल खेले जाते हैं। दो दिन तक यह मुकाबला चलता है। भारत ने इस स्पर्धा में 1974 के बाद कोई पदक जीता है। 1974 में विजय सिंह चौहान ने स्वर्ण और सुरेश बाबू ने कांस्य जीता था।

मोहम्मद अफजल (800 मीटर दौड़ स्पर्धा)

भारत के मोहम्मद अफजल ने पुरुषों की 800 मीटर दौड़ में एक मिनट 48.43 सेकंड के साथ रजत पदक जीता। तेजस्विन शंकर ने पुरुष डेकाथलन स्पर्धा में 7666 अंक के राष्ट्रीय रिकॉर्ड के साथ रजत पदक हासिल किया। भारत का एशियाई खेलों की पुरुष डेकाथलन स्पर्धा में 1974 के बाद यह पहला पदक है।

ब्रॉन्ज मेडल

प्रवीण चित्रावल (ट्रिपल जंप स्पर्धा)

भारत के प्रवीण चित्रावेल ने पुरुषों की ट्रिपल जंप स्पर्धा में कांस्य पदक जीता। उन्होंने अपने छठे प्रयास में 16.68 मीटर की छलांग लगाई और तीसरा स्थान हासिल करने में सफल रहे। भारत के ही एन अब्दुल्ला अबुबाकर 16.62 मीटर की छलांग के साथ चौथे स्थान पर रहे। चीन के झू येमिंग (17.13 मीटर) और फेंग याओकिंग (16.93 मीटर) ने क्रमश: स्वर्ण और रजत पदक जीता।

विद्या रामराज (400 मीटर दौड़ स्पर्धा)

विद्या रामराज ने 400 मीटर बाधा दौड़ में भारत को एक और पदक दिला दिया है। उन्होंने 55.68 सेकंड का समय लेकर तीसरे स्थान पर रहीं और कांस्य पदक अपने नाम किया। बहरीन की अदेकोया ने 54.45 सेकंड का समय लेकर स्वर्ण जीता। यह एशियन गेम्स का नया रिकॉर्ड भी है। वहीं, चीन की जियादी मो ने 55.01 सेकंड का समय लेकर रजत पदक अपने नाम किया।

प्रीति पंवार (मुक्केबाजी स्पर्धा)

मुक्केबाजी में प्रीति पंवार ने कांस्य पदक जीता है। चीन की युआन चैंग के खिलाफ सेमीफाइनल में उन्हें 5-0 से हार का सामना करना पड़ा। इसके साथ ही एशियाई खेलों में उनका सफर खत्म हो गया। वह कांस्य पदक और पेरिस ओलिंपिक का कोटा लेकर यहां से विदा होंगी। पहले तीन मिनट में प्रीति ने अच्छा प्रदर्शन करते हुए घूंसे बरसाये लेकिन बाद में लय कायम नहीं रख सकी।

नरेंद्र बेरवाल (मुक्केबाजी स्पर्धा)

भारतीय मुक्केबाज नरेंद्र बेरवाल एशियाई खेलों के 92 किग्रा से अधिक वर्ग के सेमीफाइनल में कजाकिस्तान के ओलंपिक और विश्व चैंपियनशिप पदक विजेता कामशीबेक कुंकाबायेव से 0-5 से हार गए और कांस्य पदक से संतोष करना पड़ा। वहीं, सचिन सिवाच अपना 57 किग्रा का क्वार्टर फाइनल मुकाबला ल्यू पिंग से तीन मिनट और सात सेकंड में 1-4 से हार गए।

अर्जुन और सुनील की जोड़ी (कैनो डबल 1000 मीटर स्पर्धा )

अर्जुन सिंह और सुनील सिंह सलाम की भारतीय जोड़ी ने मंगलवार को पुरुषों की कैनो डबल 1000 मीटर स्पर्धा में कांस्य पदक जीता हैं। चीन में चल रहे 19वें एशियाई खेलों में मंगलवार को फुयांग वॉटर स्पोर्ट्स सेंटर में प्रतिस्पर्धा करते हुए सुनील सिंह सलाम और अर्जुन सिंह ने 3:53.329 समय के साथ कांस्य पदक जीता। उज्बेकिस्तान के शोखमुरोड खोलमुराडोव और नूरिसलोम तुखतासिन उगली ने 3:43.796 के समय के साथ स्वर्ण पदक जीता। टिमोफे और सर्गेई येमेल्यानोव की कजाकिस्तान टीम ने 3:49.991 का समय लेकर रजत पदक जीता।

नेपाल को 23 रन से हराकर भारत सेमीफाइनल में पहुंचा

सलामी बल्लेबाज यशस्वी जायसवाल की शतकीय पारी के बाद रवि बिश्नोई की अगुवाई में स्पिनरों की शानदार गेंदबाजी से भारत ने एशियाई खेलों की पुरुष टी20 क्रिकेट स्पर्धा के क्वार्टर फाइनल मंगलवार को यहां नेपाल को 23 रन से शिकस्त दी। जायसवाल ने 49 गेंद की पारी में 8 चौके और 7 छक्के जड़ 100 रन बनाए। भारत ने चार विकेट पर 202 रन बनाने के बाद नेपाल की पारी को नौ विकेट पर 179 रन पर रोक कर सेमीफाइनल में अपनी जगह पक्की की। जायसवाल ने कप्तान रुतुराज गायकवाड़ (23 गेंद में 25 रन) के साथ 59 गेंद में 103 रन की शतकीय साझेदारी कर टीम को शानदार शुरुआत दिलाई। शिवम दुबे (19 गेंद में नाबाद 25) और रिंकू सिंह (15 गेंद में नाबाद 37) ने पांचवें विकेट के लिए 22 गेंद में 52 रन की अटूट साझेदारी कर टीम के स्कोर को 200 के पार पहुंचाया। रिंकू ने दो चौके और चार छक्के जड़े, जबकि दुबे ने दो चौके और एक छक्का लगाया। लक्ष्य का पीछा करते समय नेपाल की टीम 13 ओवर में चार विकेट पर 120 रन बना कर अच्छी स्थिति में थी, लेकिन बिश्नोई ने खतरनाक बल्लेबाज दीपेंद्र सिंह ऐरी (15 गेंद में 32 रन) और अर्शदीप ने संदीप जोरा (12 गेंद में 29 रन) को आउट कर मैच में भारत की वापसी करायी।
Javedakhtar Ansari
By Javedakhtar Ansari

Latest Posts