सतना के टोल प्लाजा पर 24 नकाबपोश बदमाशों का हमला, कर्मचारियों से की मारपीट और तोड़फोड़, फ्री में गाड़ी निकालने पर विवाद

Follow on Google News
सतना के टोल प्लाजा पर 24 नकाबपोश बदमाशों का हमला, कर्मचारियों से की मारपीट और तोड़फोड़, फ्री में गाड़ी निकालने पर विवाद

मध्यप्रदेश के सतना जिले में स्थित ओढ़की टोल प्लाजा पर बुधवार शाम एक खौफनाक हमला हुआ। रामपुर बाघेलान थाना क्षेत्र में शाम करीब 7:30 बजे दो दर्जन से अधिक नकाबपोश बदमाशों ने हथियारों के साथ टोल कर्मचारियों पर हमला कर दिया। हमलावरों ने न सिर्फ कर्मचारियों को बुरी तरह पीटा, बल्कि टोल प्लाजा के ऑफिस और उपकरणों को भी भारी नुकसान पहुंचाया।

क्या है पूरा मामला

घटना की शुरुआत उस वक्त हुई जब कुछ लोग कार से टोल प्लाजा पहुंचे और बिना टैक्स दिए गुजरने की जिद करने लगे। कर्मचारियों के विरोध करने पर विवाद हुआ, जिसके बाद वे टैक्स देकर चले गए। लेकिन करीब एक घंटे बाद बदला लेने के इरादे से ये लोग करीब 15 मोटरसाइकिलों पर 24 से ज्यादा नकाबपोश बदमाशों के साथ लौटे और हमला कर दिया।

कर्मचारियों को दौड़ा-दौड़ाकर पीटा

बदमाशों ने अचानक लाठी-डंडों और हथियारों से टोल प्लाजा के कर्मचारियों पर धावा बोल दिया। उन्होंने केबिन और कार्यालय में जमकर तोड़फोड़ की। कंप्यूटर, मॉनिटर, कुर्सियां और अन्य उपकरण तहस-नहस कर दिए गए। करीब एक दर्जन कर्मचारियों को गंभीर चोटें आईं। हमले के दौरान कर्मचारियों को परिसर में दौड़ा-दौड़ाकर पीटा गया। घटना के बाद आसपास से गुजर रहे कुछ राहगीरों ने हमलावरों का पीछा करने की कोशिश भी की, लेकिन वे बाइक पर सवार होकर फरार हो गए।

CCTV फुटेज में कैद हुई पूरी वारदात

हमला करीब आधे घंटे तक चला और पूरी वारदात टोल प्लाजा के CCTV कैमरों में कैद हो गई है। टोल प्लाजा मैनेजर जितेंद्र सिंह ने रामपुर बाघेलान थाने में शिकायत दर्ज कराई है। टीआई संदीप चतुर्वेदी ने बताया कि घटना में शामिल कुछ संदिग्धों की पहचान की गई है, जो त्योंधरी और अहिरगांव गांवों के रहने वाले बताए जा रहे हैं। फिलहाल पुलिस की कई टीमें आरोपियों की तलाश में जुटी हैं।

टोल प्लाजा की सुरक्षा पर सवाल

इस हमले के बाद टोल प्लाजा की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठने लगे हैं। कर्मचारी डरे हुए हैं और उन्होंने प्रशासन से सुरक्षा की मांग की है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

Vaishnavi Mavar
By Vaishnavi Mavar
नई दिल्ली
--°
बारिश: -- mmह्यूमिडिटी: --%हवा: --
Source:AccuWeather
icon

Latest Posts