Download App
Download on the App StoreGet it on Google Play
Breaking News

नैनपुर में गणेश पंडाल में करंट दौड़ा, 4 युवकों की मौत; 3 घायल, एक जबलपुर रेफर

मंडला के नैनपुर के हीरापुर गांव में गणेश पंडाल में करंट फैलने से 4 युवकों की मौत हो गई और 3 घायल हुए। एक घायल को गंभीर हालत में जबलपुर रेफर किया गया है।

नैनपुर। नैनपुर के ग्राम हीरापुर में शनिवार सुबह गणेश उत्सव की खुशियां अचानक मातम में बदल गईं। गणेश प्रतिमा विसर्जन के बाद गणेश मंच के पंडाल में सो रहे सात युवकों को सुबह करीब 5 से 5:30 बजे के बीच करंट लग गया। हादसे में चार युवकों की मौत हो गई, जबकि तीन घायल हुए हैं। घायलों में एक की हालत गंभीर बताई जा रही है, जिसे प्राथमिक उपचार के बाद जबलपुर रेफर किया गया है। हादसे में जैनू भांवरे (19), रवि झारिया (24), कृष्ण कुमार भांवरे (18) और वीरेंद्र भांवरे (24) की मौत हुई है। घटना की जानकारी मिलते ही गांव में अफरा-तफरी और चीख-पुकार मच गई। मृतकों के परिवारों में शोक का माहौल है।

विसर्जन के बाद पंडाल में सोए थे सात युवक

जानकारी के अनुसार गणेश समिति के सदस्य करीब सुबह 4 बजे गणेश प्रतिमा का विसर्जन कर वापस लौटे थे। इसके बाद झांकी में रखे सामान की निगरानी के लिए सात युवक गणेश पंडाल में ही सो गए। इसी दौरान सुबह अचानक पंडाल में करंट फैल गया और वहां सो रहे युवकों को बिजली का झटका लगा। घटना के बाद आसपास मौजूद लोगों ने घायलों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया।

लाइव तार पंडाल पर गिरने की आशंका

प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक गणेश पंडाल में बिजली का कनेक्शन पास के बिजली के खंभे से लिया गया था। बताया जा रहा है कि खंभे पर लगे टीसी और मीटर के आसपास से कोई लाइव तार टूटकर पंडाल पर गिर गया, जिसके कारण पंडाल में करंट फैलने की आशंका है। हालांकि बिजली का तार किस तरह टूटा और पंडाल में करंट फैलने की वास्तविक वजह क्या रही, इसकी आधिकारिक पुष्टि अभी नहीं हुई है। प्रशासन और बिजली विभाग की जांच के बाद स्थिति स्पष्ट होगी।

तीन युवक घायल, एक की हालत गंभीर

हादसे के बाद सभी घायलों को तत्काल नैनपुर अस्पताल पहुंचाया गया। यहां प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर रूप से घायल प्रियांशु को जबलपुर रेफर किया गया। दो अन्य घायलों का नैनपुर अस्पताल में इलाज जारी है।

मौके पर पहुंचे प्रशासन और बिजली विभाग के अधिकारी

घटना की सूचना मिलते ही नैनपुर एसडीएम, थाना प्रभारी, पुलिस प्रशासन और बिजली विभाग की टीम घटनास्थल पर पहुंची। अधिकारियों ने पंडाल और आसपास के क्षेत्र का निरीक्षण किया। जांच के दौरान यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि पंडाल में बिजली का कनेक्शन किस तरह लिया गया था, तार की स्थिति क्या थी और करंट पंडाल के संपर्क में कैसे आया। हादसे के अन्य पहलुओं की भी जांच की जा रही है।

ये भी पढ़ें: छतरपुर में दर्दनाक हादसा: बोलेरो-ट्रक की भीषण भिड़ंत, 5 लोगों की मौत; कई घायल

मंत्री संपतिया उइके ने परिजनों से की मुलाकात

घटना की जानकारी मिलने के बाद कैबिनेट मंत्री संपतिया उइके मृतकों के घर पहुंचीं और परिजनों से मुलाकात कर उन्हें सांत्वना दी। मंत्री ने बताया कि मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव को घटना की जानकारी मिलते ही मृतकों के परिवारों के लिए चार-चार लाख रुपये की आर्थिक सहायता घोषित की गई है। तत्काल राहत के तौर पर परिजनों को पांच-पांच हजार रुपये दिए गए हैं। वहीं घायल युवक के लिए 1.5 लाख रुपये की सहायता देने की बात भी मंत्री ने कही।

तीन मृतक परिवारों के इकलौते बेटे थे

मंत्री संपतिया उइके ने बताया कि हादसे में जान गंवाने वाले चार युवकों में से तीन अपने-अपने परिवारों के इकलौते बेटे थे। वहीं एक मृतक के परिवार में माता-पिता दोनों दिव्यांग हैं। उन्होंने कहा कि प्रभावित परिवारों को आगे सहारा देने के लिए प्रशासन से चर्चा की जाएगी। परिवार के एक-एक सदस्य को आउटसोर्स के माध्यम से रोजगार दिलाने का प्रयास करने की बात भी मंत्री ने कही।

ये भी पढ़ें: झीरम मामले पर राहुल गांधी का बड़ा सवाल,हमले से पहले कितनी थी सुरक्षा,मांगी पूरी रिपोर्ट

पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंपे

हादसे में मृत चारों युवकों के शवों का पोस्टमार्टम कराया गया। प्रक्रिया पूरी होने के बाद शव उनके परिजनों को सौंप दिए गए। पुलिस और प्रशासन ने घटना से जुड़े सभी पहलुओं की जांच शुरू कर दी है।

एसडीओपी ने कहा- जांच जारी है

नैनपुर के एसडीओपी मनीष राज ने बताया कि समिति के सदस्य सुबह करीब 4 बजे गणेश प्रतिमा का विसर्जन कर लौटे थे। इसके बाद झांकी में रखे सामान की सुरक्षा के लिए सात युवक पंडाल में सो गए थे। सुबह करंट फैलने से हादसा हुआ। उन्होंने बताया कि शवों का पोस्टमार्टम कराया गया है और उन्हें परिजनों को सौंप दिया गया है। मामले की जांच जारी है और घटना के कारणों की पड़ताल की जा रही है।

Sanjay Tiwari
By Sanjay Tiwari

Latest Posts