Download App
Download on the App StoreGet it on Google Play
Breaking News

2 लाख दिए फिर भी नहीं थमी मांग! 15 लाख के लिए नवविवाहिता को प्रताड़ित करने का आरोप, तीन पर FIR

शादी के दिन से ही दहेज को लेकर शुरू हुआ विवाद, कार के लिए मांगे थे 5 लाख; शिवानी की मौत के बाद पति और ससुर हिरासत में
2 लाख दिए फिर भी नहीं थमी मांग! 15 लाख के लिए नवविवाहिता को प्रताड़ित करने का आरोप, तीन पर FIR
मृत्तिका शिवानी

इंदौर। मल्हारगंज थाना क्षेत्र  में 27 वर्षीय नवविवाहिता की फांसी लगाकर आत्महत्या के मामले में पुलिस ने जांच के बाद बड़ी कार्रवाई की है। मृतका शिवानी मौर्य की मौत के मामले में उसके पति, सास और ससुर के खिलाफ आत्महत्या के लिए उकसाने के आरोप में एफआईआर दर्ज की गई है। मायके पक्ष ने ससुराल वालों पर दहेज के लिए लगातार प्रताड़ित करने और रुपए की मांग करने के आरोप लगाए हैं।एसीपी अशोक सिंह जादौन ने रविवार को मृतका के परिजनों के बयान और मामले की जांच के आधार पर पति लोकेश मौर्य, ससुर मनोहर और सास अनिता के खिलाफ प्रकरण दर्ज करने के निर्देश दिए। पुलिस ने मामले में पति और ससुर को हिरासत में लिया है। अब पुलिस आरोपों की जांच के साथ घटना से जुड़े अन्य पहलुओं और साक्ष्यों को भी जुटा रही है।

ये भी पढ़ें: प्रशासन को कहा ‘सिर्फ सगाई होगी’, टीम के जाते ही कर दिया विवाह! बाल विवाह पर 9 पर FIR

फरवरी में हुई थी शादी, शुरुआत से ही विवाद का आरोप

शिवानी के परिवार के मुताबिक, उसकी शादी फरवरी 2026 में लोकेश मौर्य से हुई थी। उसका मायका कम्पेल में है। परिजनों ने पुलिस को दिए बयान में बताया कि शादी के दौरान ही दहेज को लेकर दोनों परिवारों के बीच विवाद की स्थिति बनी थी।परिजनों का आरोप है कि शादी के बाद भी दहेज को लेकर ससुराल में शिवानी को परेशान किया जाता रहा। कुछ समय बाद पति लोकेश ने कार खरीदने के लिए 5 लाख रुपए की मांग की। बेटी की परेशानी को देखते हुए उसके पिता ने अपनी क्षमता के अनुसार 2 लाख रुपए की व्यवस्था कर दी।मायके पक्ष का आरोप है कि इसके बावजूद ससुराल वालों की मांग खत्म नहीं हुई। बाद में 15 लाख रुपए और लाने के लिए शिवानी पर दबाव बनाया जाने लगा। इसी बात को लेकर उसे लगातार परेशान किए जाने का आरोप परिजनों ने लगाया है।

ये भी पढ़ें: मुकदमे खत्म हुए तो रिश्ते भी जुड़ गए! लोक अदालत में 103 राजीनामे, 24 दंपतियों ने बसाया घर

10 सितंबर को उठाया आत्मघाती कदम

पुलिस के अनुसार, 10 सितंबर को शिवानी ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना के बाद उसके पति और परिवार के अन्य सदस्य उसे उपचार के लिए अस्पताल लेकर पहुंचे। रात में शिवानी के पिता और अन्य मायके वालों को फोन कर घटना की जानकारी दी गई।सूचना मिलने के बाद मायके पक्ष के लोग अस्पताल पहुंचे। परिजनों के अनुसार, उनके अस्पताल पहुंचने के बाद शिवानी का पति और ससुर वहां से चले गए। अगले दिन जब पोस्टमॉर्टम की कार्रवाई की गई, तब भी ससुराल पक्ष के लोग वहां मौजूद नहीं थे।इस घटनाक्रम को लेकर मायके पक्ष ने पुलिस के सामने अपनी आपत्ति जताई और ससुराल वालों पर गंभीर आरोप लगाए।

ये भी पढ़ें: सीहोर में 14 से गूंजेगा 'गणपति बप्पा मोरया', 12 दिन चलेगा उत्सव; जानें स्थापना, पूजा और चंद्र दर्शन का पूरा समय

ACP कार्यालय में हुए परिजनों के बयान

घटना के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू की। एसीपी कार्यालय में शिवानी के मायके पक्ष के सदस्यों के बयान लिए गए। परिजनों ने अपने बयानों में शादी के बाद से चल रहे विवाद, दहेज की मांग और शिवानी को परेशान किए जाने की जानकारी पुलिस को दी।पुलिस ने इन आरोपों को जांच का हिस्सा बनाया। एसीपी अशोक सिंह जादौन ने जांच के बाद पति, सास और ससुर के खिलाफ आत्महत्या के लिए उकसाने के आरोप में एफआईआर दर्ज करने के निर्देश दिए।

ये भी पढ़ें: सागर शराब कांड में एक्शन! 30 हजार के इनामी शिवांजय को पुलिस ने पैर में गोली लगने के बाद पकड़ा

पति और ससुर हिरासत में, सास पर भी केस

मल्हारगंज पुलिस ने मामले में लोकेश मौर्य और मनोहर को हिरासत में लिया है। वहीं सास अनिता के खिलाफ भी एफआईआर दर्ज की गई है। पुलिस अब मामले में सामने आए आरोपों की पुष्टि के लिए संबंधित लोगों से पूछताछ कर रही है।जांच में पुलिस दहेज की कथित मांग, पति-पत्नी के बीच हुए विवाद, परिजनों के बयान और घटना से पहले की परिस्थितियों को भी खंगाल रही है। साथ ही यह भी पता लगाया जा रहा है कि शिवानी और उसके ससुराल पक्ष के बीच विवाद को लेकर पहले कोई शिकायत या बातचीत हुई थी या नहीं।

Hemant Nagle
By Hemant Nagle

हेमंत नागले | पिछले बीस वर्षों से अधिक समय से सक्रिय पत्रकारिता में हैं। वर्ष 2004 में मास्टर ऑफ जर्...Read More

Latest Posts