Download App
Download on the App StoreGet it on Google Play
Breaking News

Rewa News :ब्राह्मण युवतियों पर आपत्तिजनक पोस्ट करने वाले यूट्यूबर मनीष पटेल ने किया सरेंडर

रीवा में ब्राह्मण युवतियों पर आपत्तिजनक पोस्ट करने वाले यूट्यूबर मनीष पटेल ने बुधवार को सरेंडर कर दिया। मनीष के यूट्यूब पर करीब चालीस लाख फॉलोअर्स है। कोर्ट ने उसे दो दिन की पुलिस रिमांड पर भेजा है।
ब्राह्मण युवतियों पर आपत्तिजनक पोस्ट करने वाले यूट्यूबर मनीष पटेल ने किया सरेंडर
फाइल फोटो

रीवा। सोशल मीडिया पर ब्राह्मण समाज की युवतियों को लेकर आपत्तिजनक टिप्पणी करने वाले चर्चित यूट्यूबर मनीष पटेल ने आखिरकार पुलिस के सामने सरेंडर कर दिया। करीब 40 लाख फॉलोअर्स वाले मनीष ने बुधवार को सिविल लाइन थाना पहुंचकर आत्मसमर्पण किया। पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर कोर्ट में पेश किया, जहां से दो दिन की पुलिस रिमांड मंजूर की गई है।

/img/89/1779895386738

 यूट्यूबर मनीष पटेल

ब्राह्मण समाज में थी नाराजगी

जानकारी के मुताबिक, मनीष पटेल रीवा जिले के खुटहा गांव का रहने वाला है। उसने 29 जनवरी को एक वीडियो बनाकर यूट्यूब, इंस्टाग्राम और फेसबुक पर पोस्ट किया था। वीडियो में ब्राह्मण समाज की युवतियों को लेकर कथित तौर पर आपत्तिजनक बातें कही गई थीं। वीडियो वायरल होने के बाद ब्राह्मण समाज में भारी नाराजगी फैल गई थी और मामले की शिकायत थाने में दर्ज कराई गई थी।

चार महीने से चल रहा था फरार

एफआईआर दर्ज होने के बाद से मनीष लगातार फरार चल रहा था। गिरफ्तारी से बचने के लिए उसने स्थानीय अदालत से लेकर हाई कोर्ट तक अग्रिम जमानत की कोशिश की, लेकिन 22 मई को हाई कोर्ट ने उसकी अग्रिम जमानत याचिका खारिज कर दी। इसके बाद पुलिस का दबाव बढ़ता गया और आखिरकार उसे सरेंडर करना पड़ा। हैरानी की बात यह रही कि फरारी के दौरान भी मनीष सोशल मीडिया पर लगातार सक्रिय रहा। वह शादी समारोहों और अन्य सार्वजनिक कार्यक्रमों में शामिल होने के फोटो और वीडियो पोस्ट करता रहा, जिससे पुलिस उसकी गतिविधियों पर नजर बनाए हुए थी।

पुलिस ने कहा-बढ़ती घेराबंदी के कारण किया सरेंडर 

सिविल लाइन थाना प्रभारी विजय सिंह ने बताया कि टावर लोकेशन के आधार पर लगातार निगरानी और बढ़ती घेराबंदी के चलते मनीष के पास आत्मसमर्पण के अलावा कोई रास्ता नहीं बचा था। पुलिस ने उसका मोबाइल फोन जब्त कर लिया है, जबकि अन्य डिजिटल डिवाइस और लैपटॉप की तलाश की जा रही है।पुलिस अब यह भी जांच कर रही है कि विवादित वीडियो तैयार करने और उसे वायरल करने में मनीष के साथ अन्य लोग भी शामिल थे या नहीं। मामले में आगे पूछताछ जारी है।

Naresh Bhagoria
By Naresh Bhagoria

नरेश भगोरिया। 27 वर्षों से पत्रकारिता में सक्रिय हूं। माखनलाल चतुर्वेदी राष्ट्रीय पत्रकारिता विश्ववि...Read More

Latest Posts