हाथी से आशीर्वाद लेना पड़ा भारी...बाइक सवार दो युवक घायल, महावतों ने कहा शराब पीकर कर रहे थे छेड़छाड़

छिंदवाड़ा जिले के चौरई में एक हाथी दो युवकों पर भड़क गया। इससे दोनों घायल हो गए। महावतों का कहना है कि युवक शराब पीकर हाथी को छेड़ रहे थे, इसलिए हाथी उन पर भड़क गया। घायलों को चौरई अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
बाइक सवार दो युवक घायल, महावतों ने कहा शराब पीकर कर रहे थे छेड़छाड़
AI Image

चौरई। चौरई-गुरैया मार्ग पर गुरुवार को हाथी का आशीर्वाद लेने की कोशिश दो युवकों को भारी पड़ गई। हाथी के अचानक उग्र हो जाने से दोनों युवक घायल हो गए। घटना के तुरंत बाद उन्हें चौरई अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज जारी है। हादसे के बाद मौके पर कुछ देर के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया।

बिस्किट खिलाने और सूंड पकड़ने की कोशिश में भड़का 

जानकारी के अनुसार, प्रदीप कहार पिता संतोष कहार निवासी कोठे यादव और उसका एक साथी बाइक से चौरई से गुरैया की ओर जा रहे थे। इसी दौरान अमरकंटक से उज्जैन स्थित महाकालेश्वर धाम की यात्रा पर निकले हाथी और उसके साथ चल रहे साधु-संतों के दल से उनकी मुलाकात हुई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, एक युवक हाथी को बिस्किट खिलाने और दूसरा उसकी सूंड पकड़ने का प्रयास करने लगा। इसी दौरान हाथी अचानक आक्रोशित हो गया और उसने दोनों पर हमला कर दिया।

ये भी पढ़ें: थाईलैंड में बड़ा हादसा: 11 साल के बच्चे की चलाई पिकअप ने भिक्षुओं के समूह को रौंदा, 8 की मौत

महावत दल ने दी थी चेतावनी 

 

घटना के बाद हाथी के साथ चल रहे महावत दल के सदस्य राजू वासनिक और गणेश वासुदेव ने बताया कि उन्होंने पहले ही युवकों को हाथी से सुरक्षित दूरी बनाए रखने की सलाह दी थी। इसके बावजूद युवक हाथी के काफी करीब पहुंच गए, जिससे वह भड़क गया। घटना के बाद दल के सदस्यों ने तुरंत घायलों की मदद की और उन्हें अस्पताल पहुंचाने में सहयोग किया।

घायलों ने कहा- महावत दल की कोई गलती नहीं 

अस्पताल में उपचार करा रहे घायलों ने भी स्पष्ट किया कि हाथी के साथ चल रहे लोगों की कोई गलती नहीं थी। उनके अनुसार, यह एक आकस्मिक दुर्घटना थी और घटना के बाद दल के सदस्यों ने उनकी पूरी मदद की। यह हादसा एक बार फिर चेतावनी देता है कि हाथी जैसे जानवर के अत्यधिक करीब जाना, उसे छूने या खिलाने का प्रयास करना खतरनाक साबित हो सकता है।

ये भी पढ़ें: 'बम-बम भोले' के साथ अमरनाथ यात्रा शुरू! जम्मू से रवाना हुआ पहला जत्था, उपराज्यपाल मनोज सिन्हा ने दिखाई हरी झंडी

Naresh Bhagoria
By Naresh Bhagoria

नरेश भगोरिया। 27 वर्षों से पत्रकारिता में सक्रिय हूं। माखनलाल चतुर्वेदी राष्ट्रीय पत्रकारिता विश्ववि...

Latest Posts