भोपाल:जिला बदर के बावजूद मां से मिलने पहुंचा मुख्तार मलिक का बेटा, घर के बाहर से हुआ गिरफ्तार

भोपाल में जिला बदर आदेश का उल्लंघन करने पर कुख्यात बदमाश मुख्तार मलिक के बेटे यासीन मलिक को कोहेफिजा पुलिस ने गिरफ्तार किया। आरोपी मां से मिलने शहर आया था।
जिला बदर के बावजूद मां से मिलने पहुंचा मुख्तार मलिक का बेटा, घर के बाहर से हुआ गिरफ्तार

भोपाल में जिला बदर के आदेश का उल्लंघन करने के आरोप में कोहेफिजा पुलिस ने रविवार देर रात यासीन मलिक को गिरफ्तार कर लिया। यासीन कुख्यात बदमाश मुख्तार मलिक का बेटा है और उसके खिलाफ पहले से कई आपराधिक मामले दर्ज हैं। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

छह महीने के लिए किया गया था जिला बदर

कोहेफिजा थाना प्रभारी केजी शुक्ला के अनुसार यासीन मलिक के खिलाफ करीब नौ आपराधिक मामले दर्ज हैं। लगातार आपराधिक गतिविधियों में शामिल रहने के कारण प्रशासन ने उसे छह माह के लिए जिला बदर किया था। हालांकि जिला बदर की अवधि पूरी होने से पहले ही वह भोपाल में दिखाई दिया। बताया जा रहा है कि जिला बदर की कार्रवाई को अभी करीब तीन महीने ही हुए थे।

मां से मिलने आया था भोपाल

पुलिस जांच में सामने आया है कि यासीन मलिक अपनी मां से मिलने भोपाल आया था। वह कोहेफिजा इलाके में स्थित अपनी मां के घर के बाहर मौजूद था। इसी दौरान मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर पुलिस ने कार्रवाई करते हुए उसे मौके से पकड़ लिया।

ये भी पढ़ें: 9 महीने बाद जीएडी की सख्ती: तबादले के बावजूद जमे अफसरों को एकतरफा किया कार्यमुक्त

मुखबिर की सूचना पर घेराबंदी कर दबोचा

पुलिस के मुताबिक देर रात सूचना मिली थी कि यासीन मलिक कोहेफिजा क्षेत्र में घूम रहा है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम सक्रिय हुई और इलाके की घेराबंदी कर उसे गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तारी के बाद उसकी तलाशी भी ली गई लेकिन उसके पास से कोई हथियार बरामद नहीं हुआ।

पुलिस कर रही पूछताछ

पुलिस फिलहाल आरोपी से पूछताछ कर रही है और यह जानने की कोशिश कर रही है कि जिला बदर होने के बावजूद वह शहर में क्यों आया था और किन लोगों के संपर्क में था। साथ ही उसके आपराधिक रिकॉर्ड की भी दोबारा जांच की जा रही है।

ये भी पढ़ें: ‘बार-बार कैसे लीक हो रहा NEET का पेपर?’ सुप्रीम कोर्ट ने NTA को लगाई फटकार, पूछा- 2024 से क्या सबक लिया; केंद्र-CBI से मांगा जवाब

आज कोर्ट में पेशी

पुलिस अधिकारियों के अनुसार यासीन मलिक के खिलाफ जिला बदर आदेश का उल्लंघन करने का मामला दर्ज किया गया है। सोमवार दोपहर उसे अदालत में पेश किया जाएगा, जहां से आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

Sumit  Shrivastava
By Sumit Shrivastava

सुमित श्रीवास्तव एक अनुभवी मीडिया प्रोफेशनल, बिजनेस पत्रकार और शोधकर्ता हैं। मास कम्युनिकेशन में M.P...Read More

Latest Posts