PlayBreaking News

मोहन सरकार के बजट में क्या पूरा होगा मोदी का वह ‘वचन’

Follow on Google News
मोहन सरकार के बजट में क्या पूरा होगा मोदी का वह ‘वचन’

मनीष दीक्षित-भोपाल। पिछले हफ्ते महाराष्ट्र सरकार द्वारा पेश किए गए बजट में डीजल पर लगने वाला वैट 24 से घटाकर 21 प्रतिशत और पेट्रोल पर भी 26 से कम कर 25 प्रतिशत किए जाने से मध्यप्रदेश के लाखों उपभोक्ताओं की उम्मीदें भी बढ़ गई हैं। वजह है-मप्र की डॉ. मोहन यादव की सरकार का पहला बजट भी बुधवार को पेश होना है। इसके अलावा एक सवाल यह है कि क्या प्रदेश सरकार पीएम मोदी की बात को सही साबित करेगी?

दरअसल, पिछले वर्ष जून में प्रधानमंत्री ने दावा किया था कि भाजपा शासित राज्यों में पेट्रोल 100 रुपए से कम में बिक रहा है, जबकि मप्र में पेट्रोल की कीमत 108 रुपए लीटर से अधिक थी। पीएम मोदी ने यह भी कहा था कि विपक्षी दलों की सरकार ने लोगों को फायदा देने की बजाय वैट बढ़ा दिया है और उन्हें लूट रहे हैं। उन्होंने कहा था उप्र, गुजरात, हरियाणा, उत्तराखंड और जहां भी भाजपा के नेतृत्व वाली सरकार है। उन राज्यों में पेट्रोल 100 रु. से कम है। वित्त मंत्री जगदीश देवड़ा ने कहा था कि प्रधानमंत्री संज्ञान में लाए हैं तो विचार करेंगे।

कई भाजपा शासित प्रदेशो में भी पेट्रोल है 100 रुपए के पार

मध्यप्रदेश के अलावा, राजस्थान और छत्तीसगढ़ में पेट्रोल 100 रुपए से अधिक कीमत पर मिल रहा है। इसके अलावा भाजपा समर्थित कुछ राज्यों में भी कीमतें 100 रुपए से अधिक है। इन राज्यों में आंध्रप्रदेश के अलावा, बिहार, ओडिशा और महाराष्ट्र जैसे राज्य शामिल हैं।

भाजपा समर्थित नायडू सरकार में है सबसे अधिक कीमत

हाल ही संपन्न विधानसभा चुनावों में टीडीपी के सहयोग से भाजपा ने आंध्रप्रदेश में सरकार बनाई है। देशभर में सबसे महंगा पेट्रोल वहीं बिक रहा है।

भाजपा के इन राज्यों में है 100 रुपये से कम कीमतें

जहां आंध्रप्रदेश में पेट्रोल की कीमत 109. 61 रुपए प्रति लीटर है, वहीं भाजपा के कई राज्यों में यह 100 रुपए से कम है। इन राज्यों में उत्तरप्रदेश (94. 70), उत्तराखंड (93. 78) , गुजरात (94. 44) , हरियाणा (95. 54) , गोवा (96. 52) , असम (97. 44) जैसे राज्य शामिल हैं।

विपक्ष द्वारा शासित राज्यों में भी ज्यादा है कीमतें

विपक्ष द्वारा शासित कई राज्यों में भी पेट्रोल की कीमतें 100 रुपए से अधिक है। इन राज्यों में तेलंगाना, पश्चिम बंगाल, केरल, तमिलनाडु, कर्नाटक में भी पेट्रोल की कीमतें अधिक हैं।

People's Reporter
By People's Reporter
नई दिल्ली
--°
बारिश: -- mmह्यूमिडिटी: --%हवा: --
Source:AccuWeather
icon

Latest Posts