मथुरा :वृंदावन- बांके बिहारी मंदिर के पास मकान का छज्जा गिरा, 9 घायल, 4 की हालत नाजुक

हादसे के बाद प्रशासन ने बांके बिहारी मंदिर क्षेत्र में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात कर दिया है। श्रद्धालुओं की आवाजाही को नियंत्रित किया जा रहा है ताकि किसी तरह की अव्यवस्था न हो। 
वृंदावन- बांके बिहारी मंदिर के पास मकान का छज्जा गिरा, 9 घायल, 4 की हालत नाजुक

मथुरा। उत्तर प्रदेश के वृंदावन में मंगलवार शाम एक बड़ा हादसा हो गया। बांके बिहारी मंदिर के पास गली नंबर-5 में स्थित एक मकान का जर्जर छज्जा अचानक भरभराकर गिर गया। हादसे के समय इलाके में श्रद्धालुओं की आवाजाही थी, जिसके चलते छज्जे का मलबा कई लोगों पर आ गिरा। घटना में 9 लोग घायल हुए हैं, जिनमें 4 की हालत गंभीर बताई जा रही है। सभी घायलों को तत्काल अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

तेज आंधी और बंदरों के कारण हुआ हादसा

यह हादसा सुधीर गोस्वामी के मकान में हुआ। स्थानीय लोगों के अनुसार छज्जा काफी पुराना और जर्जर था। पड़ोसी शिवकुमार ने बताया कि छज्जे में पहले से दरारें थीं। घटना के समय तेज आंधी चल रही थी और इलाके में बंदरों का भी काफी प्रकोप रहता है। आशंका जताई जा रही है कि बंदरों के कूदने और खराब मौसम के कारण छज्जा टूटकर नीचे गिर गया।

मथुरा के जिलाधिकारी चंद्र प्रकाश सिंह ने बताया कि शाम करीब 6 से 6:15 बजे के बीच श्रद्धालु दर्शन कर लौट रहे थे। उसी दौरान मंदिर से करीब 300 मीटर दूर स्थित तीन मंजिला मकान के ऊपरी हिस्से का छज्जा टूटकर नीचे गिर गया।

Twitter Post

यह भी पढ़ें: जयपुर में पटाखों के गोदाम में भीषण आग : बच्चे समेत 7 लोगों की मौत, धमाके के बाद मची अफरा-तफरी

हादसे के बाद लोगों ने किया रेस्क्यू

छज्जा गिरते ही इलाके में अफरा-तफरी मच गई। तेज आवाज सुनकर आसपास के दुकानदार, स्थानीय निवासी और श्रद्धालु मौके पर पहुंचे। लोगों ने मलबे में दबे घायलों को बाहर निकाला और पुलिस को सूचना दी।

सूचना मिलते ही पुलिस, प्रशासन और राहत दल मौके पर पहुंच गए। घायलों को एंबुलेंस की मदद से अस्पताल भेजा गया। प्रशासन ने क्षेत्र को घेरकर सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी है।

यह भी पढ़ें: ममता बनर्जी के आवास पर CID की दस्तक : कालीघाट में TMC ऑफिस की तलाशी, अभिषेक बनर्जी को नोटिस देने की तैयारी

हादसे में घायल हुए श्रद्धालु

  1. लक्ष्मीनारायण (35), निवासी अलीगढ़
  2. रुद्रांश (5)
  3. विजय (35), निवासी आगरा
  4. उर्मिला देवी (70)
  5. चंचल प्रजापति (26), निवासी राजस्थान
  6. जानकी देवी (48)
  7. मेघा सैनी
  8. गोविंद (65), निवासी जनकपुरी, दिल्ली
  9. आस्था भदौरिया (17), निवासी इटावा

मंदिर क्षेत्र में बढ़ाई गई सुरक्षा, जर्जर भवनों की होगी जांच

हादसे के बाद प्रशासन ने बांके बिहारी मंदिर क्षेत्र में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात कर दिया है। श्रद्धालुओं की आवाजाही को नियंत्रित किया जा रहा है ताकि किसी तरह की अव्यवस्था न हो। साथ ही आसपास के पुराने और जर्जर भवनों का सर्वे शुरू कर दिया गया है। प्रशासन का कहना है कि भीड़भाड़ वाले धार्मिक क्षेत्रों में ऐसे भवनों की पहचान कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं को रोका जा सके। घटना के बाद स्थानीय लोगों और श्रद्धालुओं में चिंता का माहौल है।

Aakash Waghmare
By Aakash Waghmare

आकाश वाघमारे | MCU, भोपाल से स्नातक और फिर मास्टर्स | मल्टीमीडिया प्रोड्यूसर के तौर पर 3 वर्षों का क...Read More

Latest Posts