जयपुर में पटाखों के गोदाम में भीषण आग :बच्चे समेत 7 लोगों की मौत, धमाके के बाद मची अफरा-तफरी

राजस्थान के जयपुर शहर के खोह नागोरियान इलाके में मंगलवार सुबह करीब 11 बजे पटाखों के एक गोदाम में भीषण आग लग गई। आग के साथ हुए धमाकों से पूरे इलाके में अफरा-तफरी मच गई। इस दर्दनाक हादसे में एक बच्चे समेत सात लोगों की मौत हो गई। वहीं एक मजदूर गंभीर रूप से झुलस गया है, जिसका अस्पताल में इलाज चल रहा है।
मृतकों की पहचान
हादसे में जान गंवाने वालों में अब्दुल वाहिद (50), राबिल, बिलाल खान (30), समीर (20) और आजीम खान उर्फ आविद शामिल हैं। दो अन्य मृतकों की पहचान अभी नहीं हो सकी है।
95 प्रतिशत तक झुलसा घायल
घायल नासिर को जयपुर के SMS अस्पताल के बर्न वार्ड में भर्ती कराया गया है। अस्पताल के डॉक्टर आर.के. जैन के अनुसार, नासिर करीब 95 प्रतिशत तक झुलस गया है और उसकी हालत बेहद गंभीर बनी हुई है।

कैसे लगी आग?
जयपुर कलेक्टर संदेश नायक ने बताया कि यह गोदाम आयशा नगर तलाई क्षेत्र में आईटीआई कॉलेज के पास स्थित था। शुरुआती जानकारी के अनुसार, किसी ज्वलनशील पदार्थ के कारण आग लगने की आशंका है।
धमाके के बाद शुरू हुआ बचाव कार्य
स्थानीय लोगों ने बताया कि पहले जोरदार धमाके की आवाज सुनाई दी। इसके बाद आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और पानी डालकर आग बुझाने की कोशिश की। लोगों ने मकान के अंदर फंसे कुछ लोगों को बाहर भी निकाला।
कई लोग गंभीर रूप से झुलसे मिले
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, बाहर निकाले गए कई लोग बुरी तरह झुलस चुके थे। कुछ लोगों की हालत इतनी गंभीर थी कि उनकी मौत बचाव कार्य शुरू होने से पहले ही हो चुकी थी। अन्य घायलों का अस्पताल में इलाज जारी है।
घटना के बाद पुलिस, दमकल विभाग और अन्य संबंधित एजेंसियां मौके पर पहुंचीं। फिलहाल आग लगने के कारणों की जांच की जा रही है और पूरे मामले की पड़ताल जारी है।











