Assembly Elections :बंगाल में 41 % वोटिंग, सुवेंदु अधिकारी पर हमला, तमिलनाडु में 37 फीसदी से ज्यादा मतदान

कोलकाता/ चेन्नई। पश्चिम बंगाल में पहले चरण के तहत 152 सीटों पर मतदान हो रहा है, जबकि तमिलनाडु की सभी 234 सीटों पर वोट डाले जा रहे हैं। सुबह 11 बजे तक पश्चिम बंगाल में 41.11 प्रतिशत और तमिलनाडु में 37.56 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया है। पश्चिम बंगाल के दक्षिण मिदनापुर में कुमारगंज सीट से भाजपा उम्मीदवार सुवेंदु सरकार पर हमला किए जाने का मामला सामने आया है। सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो में देखा जा सकता है कि सुवेंदु हमले से बचने के लिए भागते नजर आ रहे हैं।
तमिलनाडु में अब तक 37 फीसदी मतदान
तमिलनाडु विधानसभा चुनाव के तहत राज्यभर में मतदान जारी है और इस दौरान कई प्रमुख नेताओं और फिल्मी हस्तियों ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया। डीएमके सांसद दयानिधि मारन ने भी वोट डालकर लोगों से लोकतंत्र के इस पर्व में भाग लेने की अपील की।
CM स्टालिन, कमल हासन समेत कई हस्तियों ने डाला वोट
मुख्यमंत्री एमके स्टालिन, अभिनेता विजय, कमल हासन और उदयनिधि स्टालिन सहित कई चर्चित चेहरों ने भी मतदान किया। इन सभी ने लोगों से ज्यादा से ज्यादा संख्या में मतदान करने की अपील की, ताकि लोकतंत्र मजबूत हो सके।
परिवर्तन Vs जीतबे बांग्ला, किसे चुनेगी जनता
बंगाल में मुकाबला मुख्य रूप से तृणमूल कांग्रेस (TMC) और भारतीय जनता पार्टी (BJP) के बीच माना जा रहा है। दोनों दलों ने ‘परिवर्तन’ और ‘जीतबे बांग्ला’ जैसे नारों के साथ चुनावी मैदान में पूरी ताकत झोंक दी है। पहले चरण में कुल 1478 उम्मीदवार अपनी किस्मत आजमा रहे हैं। इस चरण को बेहद अहम माना जा रहा है क्योंकि इसमें उत्तर बंगाल, जंगलमहल और राढ़ क्षेत्र की सीटें शामिल हैं, जो सत्ता का रुख तय कर सकती हैं।
यह भी पढ़ें: IRS अधिकारी की बेटी का रेप-मर्डर केस : आरोपी राहुल मीणा गिरफ्तार, मोबाइल चार्जर से गला घोंटकर की हत्या
2407 कंपनियों के केंद्रीय बल तैनात
निष्पक्ष मतदान सुनिश्चित करने के लिए सभी बूथों पर वेबकास्टिंग की व्यवस्था की गई है। करीब 2,407 कंपनियों के केंद्रीय बल और 10 हजार से अधिक पुलिसकर्मी तैनात किए गए हैं। सबसे ज्यादा सुरक्षा बल मुर्शिदाबाद जिले में लगाए गए हैं। इस चरण में लगभग 3.60 करोड़ मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे, जिनमें पुरुष, महिला और थर्ड जेंडर वोटर्स शामिल हैं।
राज्य के विपक्ष के नेता सुवेंदु अधिकारी ने नंदीग्राम से मतदान के दौरान शांतिपूर्ण प्रक्रिया की अपील की है। उन्होंने कहा कि यदि फर्जी वोटिंग नहीं होती है तो सत्ताधारी दल की जीत मुश्किल है। नंदीग्राम सहित कई सीटों पर हाई-प्रोफाइल मुकाबले हो रहे हैं, जिन पर पूरे देश की नजर है।
यह भी पढ़ें: मिर्जापुर की शादी बनी पहेली: चार बेटों के बीच उलझा रिश्ता, दुल्हन आज भी इंतजार में
दक्षिण में त्रिकोणीय मुकाबला
वहीं, तमिलनाडु में चुनावी मुकाबला द्रविड़ मुनेत्र कषगम (DMK) और कांग्रेस गठबंधन के बीच है, जबकि अन्ना द्रविड़ मुनेत्र कषगम (AIADMK) भाजपा के साथ मिलकर चुनाव लड़ रही है। इस बार अभिनेता थलापति विजय की नई पार्टी TVK भी मैदान में है, जिससे मुकाबला त्रिकोणीय हो गया है। ऐसे में राज्य के चुनावी परिणाम इस बार चौंका सकते हैं।
सुनेत्रा पवार ने डाला वोट
इसके अलावा महाराष्ट्र की बारामती सीट पर उपचुनाव भी हो रहा है। उपचुनाव 2026 के लिए महाराष्ट्र की उपमुख्यमंत्री सुनेत्रा पवार ने गांगूबाई काटे जिला परिषद प्राथमिक विद्यालय में मतदान किया, यह सीट अजित पवार के निधन के बाद खाली हुई थी। उनकी पत्नी सुनेत्रा पवार मैदान में हैं, जबकि विपक्षी महा विकास अघाड़ी ने यहां उम्मीदवार नहीं उतारा है।
बंगाल में बाकी 142 सीटों पर दूसरे चरण का मतदान 29 अप्रैल को होगा, जबकि दोनों राज्यों के चुनाव परिणाम 4 मई को घोषित किए जाएंगे। चुनाव आयोग ने इस बार कम चरणों में चुनाव कराने का फैसला लिया है, ताकि प्रक्रिया को तेज और प्रभावी बनाया जा सके।











