विदिशा:किसान कांग्रेस का धरना-प्रदर्शन, केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान को सौंपा किसानों की मांगों का ज्ञापन
मध्यप्रदेश कांग्रेस कमेटी के प्रदेशाध्यक्ष जीतू पटवारी और मध्यप्रदेश किसान कांग्रेस के प्रदेशाध्यक्ष धर्मेन्द्र सिंह चौहान के निर्देश पर विदिशा विधानसभा क्षेत्र के गुलाबगंज में किसान कांग्रेस ने किसानों की विभिन्न समस्याओं को लेकर विशाल धरना-प्रदर्शन किया। कार्यक्रम की अध्यक्षता किसान कांग्रेस के जिलाध्यक्ष विनीत सिंह दांगी ने की। धरने में बड़ी संख्या में किसान और कांग्रेस कार्यकर्ता शामिल हुए। प्रदर्शन के दौरान किसानों ने खाद संकट, बिजली, फसल खरीदी और अन्य कृषि संबंधी समस्याओं को लेकर सरकार के खिलाफ नाराजगी जताई।
केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान को सौंपा ज्ञापन
Protest के दौरान केंद्रीय कृषि मंत्री Shivraj Singh Chouhan का काफिला गंजबासौदा की ओर जा रहा था। इस दौरान किसानों और कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने उनका काफिला रोककर अपनी समस्याओं से अवगत कराया और मांगों का ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में किसानों ने खाद की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित करने, कालाबाजारी पर रोक लगाने, मूंग की शत-प्रतिशत खरीदी करने, ई-टोकन व्यवस्था समाप्त करने तथा किसानों को प्रतिदिन 12 घंटे निर्बाध बिजली उपलब्ध कराने सहित कई मांगें रखीं।
अन्नदाता सबसे बड़े संकट में
धरने को संबोधित करते हुए किसान कांग्रेस जिलाध्यक्ष विनीत सिंह दांगी ने कहा कि प्रदेश का अन्नदाता आज सबसे अधिक संकट का सामना कर रहा है। किसान खाद के लिए घंटों कतारों में खड़े रहने को मजबूर हैं, बिजली की अनियमित आपूर्ति से सिंचाई प्रभावित हो रही है और फसलों का उचित मूल्य भी नहीं मिल पा रहा है। उन्होंने कहा कि सरकारी व्यवस्थाओं की खामियों का सबसे अधिक नुकसान किसानों को उठाना पड़ रहा है। किसानों की सभी समस्याओं को केंद्रीय कृषि मंत्री के सामने गंभीरता से रखा गया है और जल्द समाधान की उम्मीद की जा रही है।
समस्याएं नहीं सुलझीं तो होगा बड़ा आंदोलन
विनीत सिंह दांगी ने कहा कि किसान कांग्रेस किसानों के सम्मान, अधिकार और हितों की लड़ाई सड़क से लेकर सदन तक पूरी मजबूती से लड़ती रहेगी। यदि सरकार ने समय रहते किसानों की समस्याओं का समाधान नहीं किया तो प्रदेशभर में चरणबद्ध और व्यापक आंदोलन किया जाएगा, जिसकी पूरी जिम्मेदारी सरकार की होगी।
प्रदेश महामंत्री ने भी उठाई किसानों की आवाज
किसान कांग्रेस के नवनियुक्त प्रदेश महामंत्री गोविंद सिंह राजपूत ने कहा कि किसानों की समस्याओं का समाधान सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता होना चाहिए और उनकी जायज मांगों पर तत्काल निर्णय लिया जाना चाहिए।
ये भी पढ़ें: विकसित भारत-जी राम जी : केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह ने राज्यों को जारी की 25,863 करोड़ रुपए की पहली किस्त
बड़ी संख्या में किसान रहे मौजूद
कार्यक्रम का संचालन पूर्व ब्लॉक अध्यक्ष जसवंत सिंह दांगी ने किया जबकि आभार प्रदर्शन किसान कांग्रेस ब्लॉक अध्यक्ष विक्की शर्मा ने किया। इस दौरान सैकड़ों किसान और कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे।














