Download App
Download on the App StoreGet it on Google Play
Breaking News

‘वंदे मातरम्’ पर विवाद से गरमाई सियासत, सीहोर में भाजपा ने निकाला विशाल कैंडल मार्च

राष्ट्रगीत ‘वंदे मातरम्’ के कथित अपमान के विरोध में भाजपा ने सीहोर में विशाल कैंडल मार्च निकाला। कोतवाली चौराहे से शुरू मार्च अटल चौराहे पहुंचा।
राष्ट्रगीत के सम्मान में सड़कों पर उतरे भाजपा कार्यकर्ता

सीहोर। राष्ट्रगीत ‘वंदे मातरम्’ के कथित अपमान के विरोध में भारतीय जनता पार्टी जिला इकाई सीहोर ने रविवार को शहर में विशाल कैंडल मार्च निकालकर अपना विरोध दर्ज कराया। हाथों में मोमबत्तियां और तख्तियां लेकर बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता कोतवाली चौराहे पर एकत्रित हुए और वहां से मुख्य मार्गों से होते हुए अटल चौराहे तक मार्च निकाला।

कांग्रेस नेतृत्व के खिलाफ लगाए नारे

मार्च के दौरान भाजपा कार्यकर्ताओं ने कांग्रेस के शीर्ष नेतृत्व सोनिया गांधी, राहुल गांधी और राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे के खिलाफ नारेबाजी की। भाजपा नेताओं ने आरोप लगाया कि स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर राष्ट्रगीत ‘वंदे मातरम्’ का गायन चल रहा था, जिसे रोकने के लिए कांग्रेस के शीर्ष नेताओं द्वारा कथित रूप से कहा जा रहा था। इसे लेकर कार्यकर्ताओं ने तीखा विरोध जताया।

ये भी पढ़ें: गूगल पर डॉक्टर का नंबर खोजा, तो खाते से उड़ गए 49 हजार

‘वंदे मातरम्’ राष्ट्रभक्ति और बलिदान का प्रतीक : नरेश मेवाड़ा

कैंडल मार्च के समापन पर अटल चौराहे पर आयोजित सभा को संबोधित करते हुए भाजपा जिलाध्यक्ष नरेश मेवाड़ा ने कहा कि ‘वंदे मातरम्’ केवल एक गीत नहीं, बल्कि मां भारती की वंदना और अमर स्वतंत्रता सेनानियों के त्याग एवं बलिदान का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि स्वतंत्रता आंदोलन के दौरान इस राष्ट्रगीत ने देशवासियों में राष्ट्रभक्ति की भावना को मजबूत किया। उन्होंने कांग्रेस के शीर्ष नेतृत्व के कथित आचरण को निंदनीय बताते हुए कहा कि भाजपा राष्ट्र और राष्ट्रीय प्रतीकों के सम्मान के लिए हमेशा अग्रिम पंक्ति में खड़ी रहेगी।

राष्ट्रीय प्रतीकों का सम्मान हर नागरिक का कर्तव्य : सुदेश राय

सीहोर विधायक सुदेश राय ने कहा कि राष्ट्रगीत और राष्ट्रीय प्रतीकों का सम्मान देश के प्रत्येक नागरिक का परम कर्तव्य है। उन्होंने कांग्रेस नेतृत्व के रवैये को देशवासियों की भावनाओं से जोड़ते हुए कहा कि जनता ऐसे मामलों को गंभीरता से देख रही है। उन्होंने कहा कि राष्ट्र के सम्मान से जुड़े विषयों पर किसी भी प्रकार का समझौता स्वीकार नहीं किया जा सकता।

कांग्रेस पर राष्ट्रहित की अनदेखी का आरोप

नगर पालिका अध्यक्ष प्रिंस राठौर ने भी कांग्रेस के कथित कृत्य का विरोध किया। उन्होंने कांग्रेस पर राष्ट्रीय प्रतीकों की अनदेखी करने का आरोप लगाते हुए कहा कि ऐसे मामलों में पार्टी का पुरजोर विरोध किया जाना चाहिए। उन्होंने कार्यकर्ताओं से राष्ट्र और राष्ट्रीय गौरव के प्रति अपनी प्रतिबद्धता कायम रखने का आह्वान किया।

ये भी पढ़ें: उज्जैन नागचंद्रेश्वर मंदिर में मची अफरा-तफरी, बैरिकेडिंग में फंसे श्रद्धालु; 13 लोग घायल, एक की हालत गंभीर

अंत में गूंजा ‘वंदे मातरम्’, एकता का लिया संकल्प

कैंडल मार्च में भाजपा जिलाध्यक्ष नरेश मेवाड़ा, विधायक सुदेश राय, नपाध्यक्ष प्रिंस राठौर, युवा मोर्चा अध्यक्ष महेन्द्र ठाकुर, वरिष्ठ नेता सीताराम यादव, जसपाल अरोरा, मंडल अध्यक्ष सुदीप प्रजापति, मंडल अध्यक्ष सुशील ताम्रकार, युवा मोर्चा महामंत्री हर्षित मेवाड़ा सहित बड़ी संख्या में पदाधिकारी और कार्यकर्ता शामिल हुए। कार्यक्रम के अंत में सभी ने राष्ट्रगीत ‘वंदे मातरम्’ का सामूहिक गायन किया और राष्ट्र की एकता एवं अखंडता के प्रति संकल्प दोहराया।

Sunil Sharma
By Sunil Sharma

सुनील शर्मा, सीहोर जिला ब्यूरो, पीपुल्स समाचार ढाई दशक से पत्रकारिता में सक्रिय। दैनिक भास्कर, पत...Read More

Latest Posts