कानपुर: फुफेरे भाई ने AI से बनाई फर्जी वीडियो, फिर करने लगा ब्लैकमेल, NEET छात्रा ने किया सुसाइड

कानपुर में रक्षाबंधन से ठीक पहले एक परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा। NEET की तैयारी कर रही एक छात्रा की मौत के मामले में उसके फुफेरे भाई पर गंभीर आरोप लगे हैं। परिवार का आरोप है कि आरोपी AI की मदद से छात्रा के फर्जी वीडियो और मैसेज तैयार कर उसके दोस्तों को भेजता था और उसे अपनी गर्लफ्रेंड बताता था। लगातार हो रही बदनामी और मानसिक दबाव से छात्रा काफी परेशान थी।
AI से बनाए फर्जी वीडियो-मैसेज भेजने का आरोप
श्याम नगर इलाके में रहने वाली छात्रा खुशबू सिंह NEET की तैयारी कर रही थी। परिवार के मुताबिक, उसका फुफेरा भाई गुजरात में रहता है। आरोप है कि वह AI तकनीक का इस्तेमाल करके खुशबू के फर्जी वीडियो और मैसेज तैयार करता था। इन फर्जी वीडियो और मैसेज को वह छात्रा के दोस्तों के पास भेजता और उसके बारे में गलत बातें बताता था। परिवार का कहना है कि इस वजह से छात्रा काफी तनाव में रहने लगी थी।
पहले भी परिवार ने आरोपी को दी थी चेतावनी
परिजनों के मुताबिक, करीब एक साल पहले खुशबू के पिता की मौत के बाद आरोपी उनके घर आया था। इसी दौरान परिवार को उसकी कुछ हरकतें आपत्तिजनक लगीं। इसके बाद परिजनों ने उसे समझाया और घर से वापस भेज दिया। हालांकि, परिवार का आरोप है कि गुजरात जाने के बाद भी उसकी हरकतें नहीं रुकीं। वह लगातार छात्रा के दोस्तों को फर्जी सामग्री भेजता रहा। खुशबू ने इस बारे में अपने परिवार को भी बताया था।
ये भी पढ़ें: कुबेरेश्वर धाम से लौट रहे 24 वर्षीय युवक की ट्रेन में बिगड़ी तबीयत, गार्ड और यात्रियों ने पहुंचाया अस्पताल
परिवार ने समझाने की कोशिश की, लेकिन नहीं माना
परिजनों का कहना है कि उन्होंने आरोपी को कई बार समझाया और ऐसा करने से रोकने की कोशिश की, लेकिन वह नहीं माना। धीरे-धीरे स्थिति इतनी बिगड़ गई कि छात्रा मानसिक रूप से बेहद परेशान रहने लगी। खुशबू की मां ने इस घटना पर दुख जताते हुए कहा कि जब अपने ही परिवार का कोई व्यक्ति ऐसी हरकत करे तो भरोसा करना मुश्किल हो जाता है।
पुलिस ने शुरू की जांच
घटना की जानकारी मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। पुलिस ने छात्रा के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मौके से कोई सुसाइड नोट मिलने की बात सामने नहीं आई है। पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, परिवार की शिकायत के आधार पर आरोपी के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और AI से तैयार किए गए कथित फर्जी वीडियो-मैसेज समेत अन्य सबूतों की भी पड़ताल की जा रही है।




















