🌤️
--Bhopal, India

PlayBreaking News

ChatGPT पर पूछा ‘हत्या करने का तरीका’! फिर मां-भाई की मौत! अमेरिका में भारतीय मूल का अर्जन गिरफ्तार

अमेरिका के मैसाचुसेट्स में भारतीय मूल के 17 वर्षीय अर्जुन पर अपनी 45 वर्षीय मां सुधा वेंकटेशन और 14 वर्षीय छोटे भाई सिद्धार्थ अरविंद की हत्या का आरोप लगा है। दोनों के शव मंगलवार को एक्टन स्थित परिवार के घर से बरामद किए गए।
Follow on Google News
ChatGPT पर पूछा ‘हत्या करने का तरीका’! फिर मां-भाई की मौत! अमेरिका में भारतीय मूल का अर्जन गिरफ्तार
अमेरिका में अर्जुन पर अपनी मां सुधा वेंकटेशन और भाई सिद्धार्थ अरविंद की हत्या का आरोप

अमेरिका के मैसाचुसेट्स राज्य में भारतीय मूल के 17 वर्षीय किशोर को अपनी मां और छोटे भाई की हत्या के आरोप में गिरफ्तार किया गया है। आरोपी की पहचान अर्जुन अरविंद के रूप में हुई है। वह एक्टन शहर का रहने वाला है और एक्टन-बॉक्सबोरो रीजनल हाई स्कूल में पढ़ता है। पुलिस के अनुसार, अर्जुन पर अपनी 45 वर्षीय मां सुधा वेंकटेशन और 14 वर्षीय भाई सिद्धार्थ अरविंद की हत्या करने का आरोप है। दोनों के शव मंगलवार को परिवार के घर से बरामद किए गए। घटना के बाद आरोपी वहां से फरार हो गया था। पुलिस और दूसरी एजेंसियों ने रातभर उसकी तलाश की, जिसके बाद बुधवार सुबह उसे गिरफ्तार कर लिया गया। इस घटना ने इलाके में सनसनी फैला दी है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और हत्या के पीछे की वजह का पता लगाने की कोशिश की जा रही है।

पुलिस ने आरोपी पर लगाए कई गंभीर आरोप

पुलिस के मुताबिक, अर्जुन के खिलाफ हत्या के दो मामले दर्ज किए गए हैं। इसके अलावा परिवार के सदस्य पर हमला करने के दो मामले और मारपीट से जुड़े दो मामले भी दर्ज किए गए हैं। उस पर बिना अनुमति किसी दूसरे व्यक्ति की कार इस्तेमाल करने और मोटर वाहन चोरी से संबंधित आरोप भी लगाए गए हैं। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने घटना से जुड़े सभी सबूत जुटाने शुरू कर दिए हैं। जांच अधिकारी यह पता लगाने की कोशिश कर रहे हैं कि वारदात के समय घर में क्या हुआ था और हत्या के पीछे क्या कारण था।

ट्रंप की करीबी कैरोलिन लेविट छोड़ेंगी व्हाइट हाउस, जानिए क्या है वजह?

मंगलवार को घर में हुआ था हमला

मिडलसेक्स डिस्ट्रिक्ट अटॉर्नी मैरियन रयान और एक्टन पुलिस प्रमुख डगलस स्टर्निओलो के मुताबिक, मंगलवार को परिवार के घर में मां और बेटे पर जानलेवा हमला हुआ था। यह घर एक्टन के मार्था लेन इलाके में स्थित है और बोस्टन से करीब 48 किलोमीटर दूर है। पुलिस को सूचना मिलने के बाद जब अधिकारी घर पहुंचे तो उन्हें सुधा वेंकटेशन और उनके छोटे बेटे सिद्धार्थ के शव मिले। रिपोर्ट के मुताबिक, सुधा का शव घर के बेसमेंट में मिला, जबकि सिद्धार्थ का शव पहली मंजिल पर मिला था। दोनों के शरीर पर चोट के निशान थे। हालांकि, मेडिकल जांच अधिकारी ने अभी मौत की सटीक वजह और मौत किस तरीके से हुई, इसकी आधिकारिक जानकारी नहीं दी है। पुलिस यह भी पता लगाने में जुटी है कि इस घटना में किसी हथियार का इस्तेमाल किया गया था या नहीं।

पिता ने सुबह देखा था पत्नी को, बेटे को दोपहर में देखा

जांच के दौरान परिवार के सदस्यों से भी जानकारी जुटाई जा रही है। अधिकारियों के अनुसार, अर्जुन के पिता ने अपनी पत्नी सुधा को मंगलवार सुबह काम पर जाने से पहले आखिरी बार देखा था। वहीं, उनके छोटे बेटे सिद्धार्थ को दोपहर के आसपास आखिरी बार देखा गया था। शाम तक परिवार से संपर्क नहीं हो पाने के बाद मामला गंभीर होता गया। करीब शाम 6:30 बजे एक ट्यूटर परिवार के घर पढ़ाने के लिए पहुंची। जब वह घर पहुंची तो वह अंदर नहीं जा सकी। इसके बाद ट्यूटर ने अर्जुन के पिता को फोन किया। पिता ने भी परिवार के सदस्यों से संपर्क करने की कोशिश की, लेकिन कोई जवाब नहीं मिला। इसके बाद उन्होंने पुलिस को फोन कर परिवार की सुरक्षा की जांच करने का अनुरोध किया।

मां की कार लेकर गायब हुआ अर्जुन

पुलिस के मुताबिक, घटना के बाद अर्जुन भी घर पर नहीं था। उसकी मां की होंडा अकॉर्ड कार भी गायब थी। इससे पुलिस को शक हुआ कि अर्जुन कार लेकर वहां से निकल गया है। इसके बाद पुलिस ने उसकी तलाश शुरू की। आसपास के इलाकों में अलर्ट जारी किया गया और अन्य कानून प्रवर्तन एजेंसियों को भी जानकारी दी गई। लोगों से भी आरोपी के बारे में जानकारी मिलने पर पुलिस को सूचित करने की अपील की गई। कई घंटे की तलाश के बाद बुधवार सुबह पुलिस को बड़ी सफलता मिली।

पार्किंग में मिली मां की कार, अंदर था अर्जुन

मैसाचुसेट्स के वेलैंड इलाके में पुलिस एक पार्किंग लॉट में एक दूसरी घटना से जुड़े अलार्म की जांच करने पहुंची थी। इसी दौरान अधिकारियों की नजर एक कार पर पड़ी। जांच करने पर पता चला कि यह वही होंडा अकॉर्ड थी, जो अर्जुन की मां के नाम से जुड़ी थी। पुलिस ने कार के अंदर अर्जुन को पाया। इसके बाद अधिकारियों ने उसे बिना किसी परेशानी के हिरासत में ले लिया। पुलिस के अनुसार, गिरफ्तारी के दौरान किसी तरह की झड़प या हिंसा की स्थिति नहीं बनी। 

भारत पर 100% टैरिफ का खतरा! ट्रंप-मोदी बातचीत से निकलेगा रास्ता? रूस वाले बिल पर नवारो का बयान

ChatGPT और इंटरनेट सर्च हिस्ट्री की भी जांच

इस मामले में जांच का एक और पहलू सामने आया है। मिडलसेक्स काउंटी डिस्ट्रिक्ट अटॉर्नी ऑफिस के मुताबिक, जांचकर्ताओं को अर्जुन के हाल के ऑनलाइन व्यवहार से जुड़ी कुछ चिंताजनक जानकारी मिली है। अधिकारियों के अनुसार, अर्जुन ने इंटरनेट और ChatGPT पर परिवार को नुकसान पहुंचाने और हत्या से जुड़े काल्पनिक विचारों के बारे में सर्च किया था। जांचकर्ताओं का कहना है कि वह AI चैटबॉट से गॉथिक उपन्यास जैसी काल्पनिक कहानियां तैयार करने में मदद भी मांगता था। इसके लिए वह अलग-अलग सवाल पूछता था और काल्पनिक किरदार तैयार करता था। हालांकि, इन ऑनलाइन गतिविधियों और वास्तविक घटना के बीच सीधा संबंध क्या है, यह जांच का विषय है। पुलिस को यह भी पता लगाना है कि ये सिर्फ काल्पनिक लेखन का हिस्सा था या उसके पीछे कोई गंभीर इरादा भी था।

हत्या की वजह अब भी साफ नहीं

फिलहाल पुलिस ने हत्या के पीछे की स्पष्ट वजह सार्वजनिक नहीं की है। जांच अधिकारी परिवार की पृष्ठभूमि, आरोपी के व्यवहार, ऑनलाइन गतिविधियों और घटना से पहले की परिस्थितियों की जानकारी जुटा रहे हैं। इसके अलावा पुलिस घटनास्थल से मिले सबूतों और मेडिकल रिपोर्ट की भी जांच कर रही है। हत्या में इस्तेमाल संभावित हथियार और घटना के पूरे क्रम को लेकर भी जांच जारी है।

कोर्ट में होगी अगली पेशी

अर्जुन को बुधवार को लोवेल जुवेनाइल कोर्ट में पेश किए जाने की उम्मीद थी। लेकिन हत्या जैसे गंभीर मामलों की सुनवाई का अधिकार उस अदालत के पास नहीं है। इसलिए हत्या और उससे जुड़े हमले के मामलों में आरोपी को बाद में कॉनकॉर्ड डिस्ट्रिक्ट कोर्ट में पेश किया जाएगा। आगे की कानूनी प्रक्रिया में अभियोजन पक्ष और बचाव पक्ष दोनों अपनी-अपनी दलीलें रखेंगे। फिलहाल 17 वर्षीय अर्जुन पुलिस हिरासत में है और जांच एजेंसियां इस दोहरे हत्याकांड की हर कड़ी को जोड़ने में जुटी हैं। पुलिस यह जानने की कोशिश कर रही है कि आखिर परिवार के घर में उस दिन क्या हुआ और इस भयावह घटना के पीछे वास्तविक वजह क्या थी।

Garima Vishwakarma
By Garima Vishwakarma

गरिमा विश्वकर्मा | People’s Institute of Media Studies से B.Sc. Electronic Media की डिग्री | पत्रकार...Read More

icon

Latest Posts