Fuel Saving : केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी बस से सफर करेंगे, प्रधानमंत्री की अपील का असर

नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की ईंधन बचाने की अपील अब सरकार के बड़े मंत्रियों के कामकाज में भी दिखाई देने लगी है। केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी ने अपने आगामी महाराष्ट्र दौरे के लिए बड़ा फैसला लेते हुए बस से यात्रा करने का निर्णय लिया है। 14 और 15 मई को होने वाले पुणे, सतारा और सोलापुर दौरे के दौरान गडकरी सड़क मार्ग से बस में सफर करेंगे। खास बात यह है कि उनके साथ सुरक्षा कर्मी, अधिकारी, स्टाफ और पत्रकार भी उसी बस में यात्रा करेंगे।

पालखी मार्ग परियोजनाओं का करेंगे निरीक्षण
सड़क परिवहन मंत्रालय की ओर से जारी नोटिस के अनुसार, नितिन गडकरी इन दो दिनों में संत ज्ञानेश्वर महाराज और संत तुकाराम महाराज पालखी मार्ग परियोजनाओं का निरीक्षण करेंगे। यह परियोजनाएं महाराष्ट्र में धार्मिक और सड़क संपर्क व्यवस्था के लिहाज से काफी अहम मानी जा रही हैं। मंत्रालय ने बताया कि प्रधानमंत्री मोदी द्वारा ऊर्जा सुरक्षा और ईंधन बचत को लेकर दिए गए संदेश के बाद गडकरी ने यह कदम उठाया है। उनका मानना है कि सामूहिक यात्रा से न केवल ईंधन की बचत होगी, बल्कि ट्रैफिक प्रबंधन भी बेहतर होगा और आम लोगों को कम असुविधा होगी।
ये भी पढ़ें: West Asia Crisis : प्रधानमंत्री मोदी के काफिले में अब सिर्फ दो गाड़ियां, तेल बचाने की अपील के बाद खुद किया अमल
काफिले में 50 फीसदी कटौती के निर्देश
मंत्रालय ने पुणे, सतारा और सोलापुर के जिला कलेक्टरों और पुलिस अधीक्षकों को पत्र भेजकर यात्रा के दौरान काफिले में वाहनों की संख्या घटाने की अपील की है। निर्देश दिए गए हैं कि काफिले में शामिल गाड़ियों की संख्या करीब 50 फीसदी तक कम रखी जाए। सरकारी सूत्रों के मुताबिक, इस पहल का उद्देश्य सिर्फ ईंधन बचत नहीं, बल्कि प्रशासनिक स्तर पर सादगी और संसाधनों के जिम्मेदार इस्तेमाल का संदेश देना भी है। माना जा रहा है कि आने वाले समय में अन्य मंत्रालय और नेता भी इसी तरह के कदम उठा सकते हैं।
पीएम मोदी ने की थी सार्वजनिक परिवहन अपनाने की अपील
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने हाल ही में हैदराबाद में आयोजित एक जनसभा के दौरान देशवासियों से पेट्रोल और डीजल की खपत कम करने की अपील की थी। उन्होंने लोगों से मेट्रो, इलेक्ट्रिक बसों और अन्य सार्वजनिक परिवहन सेवाओं का अधिक उपयोग करने का आग्रह किया था। साथ ही कार पूलिंग को बढ़ावा देने की बात भी कही थी। पीएम मोदी ने वैश्विक परिस्थितियों और ऊर्जा सुरक्षा का हवाला देते हुए कहा था कि ईंधन की बचत अब केवल आर्थिक नहीं, बल्कि राष्ट्रीय जिम्मेदारी का विषय बन चुकी है।
ये भी पढ़ें: Tamil Nadu Floor Test : AIADMK में बगावत, DMK बाहर...आखिर विधानसभा में विजय ने कैसे पास की अग्निपरीक्षा?
प्रधानमंत्री के काफिले में भी दिखा बदलाव
प्रधानमंत्री की अपील का असर उनके अपने कामकाज में भी नजर आया। दिल्ली में बुधवार को पीएम मोदी का काफिला बेहद छोटा दिखाई दिया। वीडियो में उनके काफिले में केवल दो गाड़ियां नजर आईं।












