उद्धव ने BJP को बाबर जनता पार्टी बताया :6 बागी सांसद पर बोले- इन्होंने विकास की जगह स्वार्थ चुना, सदस्यता रद्द करने की मांग उठाई

मुंबई। शिवसेना (UBT) प्रमुख उद्धव ठाकरे ने पार्टी छोड़कर एकनाथ शिंदे गुट में शामिल हुए छह सांसदों की सदस्यता रद्द करने की मांग की है। उन्होंने कहा कि अगर देश में कानून का राज है तो दल-बदल करने वाले इन सांसदों को अयोग्य घोषित किया जाना चाहिए। ठाकरे ने आरोप लगाया कि ये सांसद जनता के विकास के लिए नहीं, बल्कि अपने राजनीतिक स्वार्थ के लिए पार्टी छोड़कर गए हैं।
हमारे खिलाफ बड़ा राजनीतिक ऋषयंत्र- उद्धव
मराठवाड़ा दौरे पर निकले उद्धव ठाकरे ने रविवार को परभणी और धाराशिव में जनसभाओं को संबोधित करते हुए भाजपा और एकनाथ शिंदे पर तीखे हमले किए। उन्होंने आरोप लगाया कि महाराष्ट्र में शिवसेना को कमजोर करने की साजिश रची जा रही है। उनके मुताबिक, यह सिर्फ पार्टी में बगावत नहीं बल्कि एक बड़ा राजनीतिक खेल है।
जिसका उद्देश्य महाराष्ट्र, शिवसेना, महाराष्ट्र धर्म और मराठी अस्मिता को कमजोर करना है। उन्होंने कहा कि अगर भाजपा के पास पहले से बहुमत है तो फिर उनके सांसदों को अपने साथ ले जाने की जरूरत क्यों पड़ी।
उद्धव : ऑपरेशन देवेंद्र के तहत हुई सांसदों की अदला- बदली
उद्धव ठाकरे ने दावा किया कि छह सांसदों का दल-बदल 'ऑपरेशन देवेंद्र' का हिस्सा है। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा का केंद्रीय नेतृत्व अपने ही राज्यों के प्रभावशाली नेताओं को कमजोर करने की रणनीति पर काम करता है। उन्होंने केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान, नितिन गडकरी और मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस का उदाहरण देते हुए कहा कि पार्टी में बड़े नेताओं के राजनीतिक पर काटे जाते हैं।
उन्होंने कहा कि नितिन गडकरी को प्रधानमंत्री बनने से रोकने के लिए उन्हें पीछे किया गया, जबकि देवेंद्र फडणवीस को भी दिल्ली की राजनीति में आगे बढ़ने से रोकने की कोशिश हो रही है। ठाकरे ने कहा कि शिवसेना को तोड़ने के पीछे भी यही राजनीतिक रणनीति काम कर रही है।
BJP राम मंदिर को लूट रही
राम मंदिर को लेकर भी उद्धव ने भाजपा पर तीखा हमला बोला। उन्होंने राम मंदिर में चढ़ावे और चंदे में कथित गड़बड़ी का मुद्दा उठाते हुए भाजपा को 'बाबर जनता पार्टी' बताया। उन्होंने कहा कि बाबर ने राम मंदिर को तोड़ा था, जबकि अब भाजपा नए बने राम मंदिर को लूट रही है। उन्होंने सवाल किया कि दोनों में आखिर फर्क क्या है। ठाकरे ने आरोप लगाया कि भाजपा ने राम मंदिर को आस्था का केंद्र बनाए रखने के बजाय उसे राजनीतिक और आर्थिक फायदे का माध्यम बना दिया है। उन्होंने यह भी कहा कि भाजपा ने अपने हिंदुत्व के मूल विचारों के साथ भी विश्वासघात किया है।
यह भी पढ़ें: पश्चिम बंगाल में UCC की तैयारी : आज विधानसभा में पेश हो सकता है विधेयक; जानिए क्या बदलेगा?
22 जून को भाजपा में शामिल हुए 6 UBT सांसद
उद्धव ने एकनाथ शिंदे पर भी निशाना साधते हुए कहा कि भाजपा के नेतृत्व वाले गठबंधन में उनका कोई स्थायी भविष्य नहीं है और समय आने पर उन्हें भी किनारे कर दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि महाराष्ट्र की जनता इस पूरे घटनाक्रम को देख रही है और उचित समय पर इसका जवाब देगी। गौरतलब है कि 22 जून को शिवसेना (यूबीटी) के लोकसभा के कुल नौ सांसदों में से छह सांसद पार्टी छोड़कर उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे के नेतृत्व वाली शिवसेना में शामिल हो गए थे। इसके बाद लोकसभा में शिंदे गुट के सांसदों की संख्या बढ़कर 13 हो गई है।











