Typhoon Kalmaegi :फिलीपींस में कलमागी तूफान का कहर, मृतकों का आंकड़ा पहुंचा 114; राष्ट्रपति ने घोषित किया आपातकाल

फिलीपींस में आए शक्तिशाली तूफान कल्मेगी ने भारी तबाही मचाई है। इस तूफान के कारण देश में आपातकाल लागू कर दिया गया है। भीषण बाढ़ और तेज हवाओं के चलते सैकड़ों लोगों की जान गई है या वे अब तक लापता हैं।
अधिकारियों के मुताबिक, तूफान से अब तक 114 लोगों की मौत हो चुकी है। इनमें से ज्यादातर लोग अचानक आई बाढ़ की वजह से पानी में बह गए। वहीं, 127 लोग अभी भी लापता हैं। सबसे ज्यादा नुकसान मध्य प्रांत सेबू में हुआ है, जहां लोगों के घर और गांव पूरी तरह प्रभावित हो गए हैं।
20 लाख से अधिक लोग प्रभावित
- तूफान की वजह से करीब 20 लाख लोग प्रभावित हुए
- 5.6 लाख ग्रामीणों को अपने घर छोड़ने पड़े
- इनमें से 4.5 लाख लोग राहत शिविरों में रह रहे हैं, जहां उन्हें अस्थायी भोजन और रहने की सुविधा दी जा रही है
राष्ट्रपति ने घोषित किया आपातकाल
फिलीपींस के राष्ट्रपति फर्डिनांड मार्कोस जूनियर ने आपदा प्रबंधन अधिकारियों के साथ बैठक के बाद आपातकाल की घोषणा की है।
सबसे बड़ा प्राकृतिक संकट
तूफान कल्मेगी इस साल फिलीपींस में अब तक की सबसे गंभीर प्राकृतिक आपदा साबित हो रहा है। सरकार, सेना और राहत दल लगातार प्रभावित क्षेत्रों में बचाव अभियान चला रहे हैं।





















