Twisha Sharma Death Case: ‘मुझे शांति से मरने दो’... मौत से पहले भेजा था ऐसा मैसेज, पढ़कर कांप उठेंगे आप

भोपाल के चर्चित ट्विशा शर्मा सुसाइड केस में CBI ने चार्जशीट दाखिल कर दी है। करीब 30 पन्नों की इस चार्जशीट में ट्विशा की मौत से पहले के घटनाक्रम, उसके परिवार और पति के बीच तनाव, व्हाट्सऐप मैसेज, कॉल रिकॉर्डिंग, सीसीटीवी फुटेज और काउंसलिंग से जुड़ी कई अहम जानकारियां सामने आई हैं। CBI के मुताबिक ट्विशा की मौत हत्या नहीं, बल्कि आत्महत्या थी। जांच एजेंसी का कहना है कि लंबे समय से चल रही कथित मानसिक प्रताड़ना और घरेलू तनाव के कारण ट्विशा ने यह कदम उठाया। मामले में उसके पति समर्थ सिंह और सास गिरिबाला सिंह के खिलाफ प्रताड़ना और आत्महत्या के लिए उकसाने के आरोप में केस दर्ज किया गया है।
मौत से पहले भेजा था आखिरी मैसेज
CBI की चार्जशीट में ट्विशा की मौत से पहले के करीब 90 मिनट का घटनाक्रम दर्ज है। जांच के मुताबिक रात करीब 9:20 बजे ट्विशा ने अपनी भाभी राशि को फोन किया। वह फोन पर बुरी तरह रो रही थी। उसने बताया कि पीठ में दर्द होने के कारण उसने पति समर्थ से दूसरे कमरे में सोने के लिए कहा था। आरोप है कि इस बात पर समर्थ का व्यवहार बेहद गुस्से वाला हो गया। ट्विशा ने अपनी भाभी से अपनी परेशानी साझा की। इसके कुछ मिनट बाद 9:29 बजे उसने दोबारा फोन किया, लेकिन वह इतनी रो रही थी कि ठीक से बात नहीं कर पाई। इसी दौरान ट्विशा ने अपनी भाभी को एक मैसेज भी भेजा। चार्जशीट के मुताबिक मैसेज में उसने कहा था कि समर्थ से कहना कि वह अगले दिन अपनी पत्नी का शव लेने आए, क्योंकि वह उस समय शांति से मरना चाहती है।
Twisha Sharma Case: पूर्व जज गिरिबाला सिंह की जमानत पर आज HC में सुनवाई, मृतका के पिता ने किया विरोध
मां ने कई बार किया फोन, लेकिन नहीं मिला जवाब
ट्विशा के रोने से उसकी मां भी परेशान हो गई थीं। उन्होंने ट्विशा और समर्थ दोनों को कई बार फोन किया, लेकिन किसी ने फोन नहीं उठाया। रात करीब 10:10 बजे ट्विशा की मां ने उसकी सास गिरिबाला सिंह को फोन कर बेटी को देखने के लिए कहा। चार्जशीट के मुताबिक 10:16 बजे गिरिबाला अपने कमरे से निकलकर ट्विशा के कमरे की तरफ गईं। इसके बाद 10:18 बजे उन्होंने ट्विशा को फोन किया। करीब तीन मिनट बाद 10:21 बजे उन्होंने समर्थ को फोन किया। रात 10:23 बजे सीसीटीवी फुटेज में गिरिबाला और समर्थ को छत की तरफ जाते हुए देखा गया। इसके बाद ट्विशा को नीचे लाया गया और इलाज के लिए एम्स भोपाल ले जाया गया। रात 10:55 बजे डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट में क्या सामने आया?
ट्विशा की मौत के बाद पोस्टमार्टम को लेकर परिवार की ओर से सवाल उठाए गए थे। इसके बाद मध्य प्रदेश हाईकोर्ट के आदेश पर एम्स दिल्ली के मेडिकल बोर्ड ने दोबारा पोस्टमार्टम किया। CBI की चार्जशीट के मुताबिक दूसरी पोस्टमार्टम रिपोर्ट में मौत का कारण फांसी के कारण दम घुटना बताया गया। रिपोर्ट में शरीर पर मारपीट या हाथापाई के स्पष्ट निशान नहीं मिले। जांच एजेंसी ने इसी आधार पर मौत को हत्या नहीं बल्कि आत्महत्या बताया है।
डेटिंग ऐप से शुरू हुई थी ट्विशा और समर्थ की कहानी
चार्जशीट के अनुसार ट्विशा और समर्थ की मुलाकात फरवरी 2025 में एक ऑनलाइन डेटिंग ऐप के जरिए हुई थी। इसके बाद दोनों ने 9 दिसंबर 2025 को शादी कर ली। CBI का आरोप है कि शादी के बाद दोनों के रिश्तों में तनाव बढ़ने लगा। आरोप है कि समर्थ ट्विशा के पुराने रिश्तों को लेकर उस पर आपत्तिजनक और अपमानजनक बातें करता था। जब ट्विशा अपनी सास से पति के व्यवहार की शिकायत करती थी, तो आरोप के मुताबिक गिरिबाला अक्सर अपने बेटे का पक्ष लेती थीं। इससे ट्विशा पर मानसिक दबाव और बढ़ता गया।
पिता की तबीयत खराब होने पर भी भोपाल लौटने का दबाव
मार्च 2026 में ट्विशा अपने पिता के हार्ट अटैक के बाद उनके इलाज के लिए मायके गई थी। चार्जशीट के मुताबिक उस समय भी उस पर जल्द भोपाल लौटने का दबाव बनाया गया। आरोप है कि परिवार की ओर से लगातार दबाव के बाद ट्विशा 24 मार्च को वापस भोपाल लौट आई थी।
प्रेग्नेंसी के बाद बढ़ा तनाव
चार्जशीट के मुताबिक 16 अप्रैल को ट्विशा को अपनी प्रेग्नेंसी के बारे में पता चला। उस समय पति-पत्नी के रिश्ते पहले से तनावपूर्ण थे। ऐसे में ट्विशा बच्चे को लेकर असमंजस में थी। 17 अप्रैल को इसी मुद्दे पर दोनों के बीच विवाद हुआ। इसके बाद ट्विशा मायके चली गई। बाद में जब वह भोपाल लौटी तो 30 अप्रैल को उसे पैनिक अटैक आया। इसके बाद उसे मानसिक स्वास्थ्य विशेषज्ञ के पास ले जाया गया। 6 मई को ट्विशा ने अपनी पुरानी नौकरी दोबारा शुरू करने का ऑफर स्वीकार किया। इसी दिन उसने प्रेग्नेंसी खत्म करने की पहली दवा ली। चार्जशीट में गर्भावस्था और उससे जुड़े दबाव को भी मामले की जांच का अहम हिस्सा बताया गया है।
20 लाख रुपए के शेयर को लेकर भी विवाद
इस मामले में पैसों का विवाद भी सामने आया है। CBI की चार्जशीट के अनुसार ट्विशा के डिमैट अकाउंट में करीब 20 लाख रुपए के शेयर थे। आरोप है कि समर्थ और उसकी मां ट्विशा पर यह पैसा एक ज्वाइंट अकाउंट में ट्रांसफर करने का दबाव बना रहे थे। यह अकाउंट 7 अप्रैल को खोला गया था। आरोप के मुताबिक समर्थ इस पैसे को चीनी शेयर बाजार में निवेश करना चाहता था। ट्विशा ने कथित तौर पर पैसा देने से इनकार कर दिया था। उसका कहना था कि यह पैसा उसके पिता का है। मौत वाले दिन 12 मई की शाम करीब 7:51 बजे भी ट्विशा ने अपनी भाभी से फोन पर पैसों को लेकर हो रहे दबाव की बात की थी।
फोन ट्रैक होने का भी था डर
ट्विशा के पूर्व बॉस अमित दास ने भी CBI को जानकारी दी। उनके मुताबिक ट्विशा कई बार पार्क में टहलते हुए उनसे फोन पर बात करती थी। अमित दास के अनुसार ट्विशा को लगता था कि घर में उस पर नजर रखी जा रही है। उसे अपने फोन को ट्रैक किए जाने का भी डर था। इस जानकारी को भी CBI ने अपनी जांच में शामिल किया है।
नासिराबाद जाने के लिए बुक कराया था टिकट
12 मई की सुबह ट्विशा ने इस रिश्ते से बाहर निकलने की कोशिश की थी। चार्जशीट के मुताबिक उसने अपनी मां से करीब 3 हजार रुपए मांगे थे। वह राजस्थान के नासिराबाद जाने के लिए ट्रेन से निकलना चाहती थी। उसके पिता ने पैसे भेजे और ट्विशा ने ट्रेन टिकट भी बुक कर लिया। लेकिन जब समर्थ को उसके जाने की जानकारी मिली तो वह मैरिज काउंसलिंग के लिए तैयार हो गया। सुबह करीब 11:30 बजे दोनों डॉक्टर काकोली रॉय के पास काउंसलिंग के लिए पहुंचे। वहां समर्थ ने ट्विशा के व्यवहार को लेकर शिकायत की। चार्जशीट के मुताबिक उसने यह भी बताया कि दोनों गांजा यानी मैरिजुआना का सेवन करते हैं।
आखिरी दिन भी बची थी उम्मीद
दोपहर करीब 1 बजे दोनों घर लौटे। इसके बाद ट्विशा 3:11 बजे पार्लर गई और शाम 6:11 बजे वापस लौटी। शाम को समर्थ और उसकी मां बाहर टहलने के लिए गए। चार्जशीट के मुताबिक ट्विशा ने उनके साथ जाने की कोशिश की, लेकिन उसे नजरअंदाज कर दिया गया। इसके बाद ट्विशा ने अपनी मां को फोन किया। उसने कहा कि अब इस शादी में कुछ ठीक नहीं हो सकता और वह भोपाल छोड़ना चाहती है। लेकिन कुछ घंटों बाद ही हालात बेहद गंभीर हो गए। रात में ट्विशा ने अपनी भाभी को फोन और मैसेज किए। इसके बाद वह अपने कमरे में चली गई।
CBI ने अपनी चार्जशीट में ट्विशा की मौत को आत्महत्या बताया है। जांच एजेंसी ने पति समर्थ सिंह और सास गिरिबाला सिंह के खिलाफ मानसिक प्रताड़ना और आत्महत्या के लिए उकसाने के आरोप लगाए हैं। चार्जशीट में सीसीटीवी फुटेज, कॉल रिकॉर्ड, व्हाट्सऐप मैसेज, काउंसलिंग रिपोर्ट, पोस्टमार्टम रिपोर्ट और वित्तीय विवाद समेत कई पहलुओं का जिक्र किया गया है।
अब इस मामले में अदालत में आगे की कानूनी प्रक्रिया होगी। CBI की चार्जशीट ने ट्विशा की मौत से पहले के घटनाक्रम को लेकर कई सवालों और आरोपों को सामने रखा है, जिन पर अदालत में आगे सुनवाई होगी।











