ट्विशा शर्मा मौत मामला:एमपी हाईकोर्ट ने गिरिबाला सिंह को भेजा नोटिस, 27 मई को अगली सुनवाई

भोपाल। हाईकोर्ट में सुनवाई के दौरान सरकार ने आरोप लगाया कि गिरिबाला सिंह जांच में सहयोग नहीं कर रही हैं। दूसरी ओर बचाव पक्ष ने इन आरोपों को गलत बताया और जवाब दाखिल करने के लिए समय मांगा। सुप्रीम कोर्ट ने भी मामले पर स्वतः संज्ञान लेते हुए निष्पक्ष जांच की बात कही है।
हाईकोर्ट ने रिटायर्ड जज गिरिबाला सिंह को भेजा नोटिस
मध्य प्रदेश हाईकोर्ट में सोमवार को ट्विशा शर्मा मौत मामले की सुनवाई हुई, जिसमें अदालत ने आरोपी सास और रिटायर्ड जज गिरिबाला सिंह को नोटिस जारी किया। यह नोटिस राज्य सरकार और ट्विशा के पिता नवनिधि शर्मा की याचिका पर जारी किया गया है। याचिका में ट्रायल कोर्ट से मिली अग्रिम जमानत को चुनौती दी गई थी। सुनवाई के दौरान अदालत ने गिरिबाला सिंह से दो दिन के भीतर जवाब पेश करने को कहा। कोर्ट ने अगली सुनवाई 27 मई को तय की है।
ये भी पढ़ें: Share Market Today: सेंसेक्स 1074 अंक उछला, निफ्टी 312 अंक चढ़कर 24032 पर बंद; PSU बैंक इंडेक्स करीब 3% चढ़ा
सरकार और बचाव पक्ष के बीच कोर्ट में बहस
सुनवाई के दौरान सरकार की ओर से पेश महाधिवक्ता प्रशांत सिंह ने अदालत को बताया कि गिरिबाला सिंह जांच प्रक्रिया में सहयोग नहीं कर रही हैं। उन्होंने कहा कि जांच एजेंसियों को जरूरी जानकारी उपलब्ध नहीं कराई जा रही है। वहीं, गिरिबाला सिंह की ओर से पेश वकील मृगेंद्र सिंह ने इन आरोपों को निराधार बताया। उन्होंने कहा कि उन्हें याचिका से जुड़े दस्तावेज अब तक नहीं मिले हैं, इसलिए जवाब दाखिल करने के लिए समय चाहिए। अदालत ने दोनों पक्षों की दलीलें सुनने के बाद जवाब प्रस्तुत करने का निर्देश दिया।
भोपाल जिला कोर्ट ने सुनवाई टाली
उधर, भोपाल जिला कोर्ट में भी इस मामले की सुनवाई हुई, लेकिन पुलिस प्रतिवेदन प्रस्तुत नहीं होने के कारण अदालत ने सुनवाई मंगलवार तक के लिए टाल दी। कोर्ट ने पुलिस को अगली तारीख तक रिपोर्ट पेश करने के निर्देश दिए हैं। इस बीच मामले को लेकर पुलिस और प्रशासन पर लगातार दबाव बना हुआ है। जांच की दिशा और सबूतों को लेकर कई सवाल उठ रहे हैं। यही वजह है कि अदालत भी हर पहलू पर गंभीरता से नजर बनाए हुए है।
ये भी पढ़ें: Anu Meena Suicide Case : भाई का आरोप-नौकरानी के साथ रोमांस कर रहा था गौतम, अनु ने देखा तो करने लगा था ज्यादा पिटाई
अब CBI करेगी मामले की जांच
ट्विशा शर्मा मौत मामले की जांच अब केंद्रीय जांच ब्यूरो यानी CBI को सौंप दी गई है। सोमवार को एजेंसी की टीम दिल्ली से भोपाल के लिए रवाना हुई, जो स्थानीय पुलिस से केस का हैंडओवर लेगी। वहीं, सुप्रीम कोर्ट ने भी मामले पर स्वतः संज्ञान लेते हुए सुनवाई की। चीफ जस्टिस सूर्यकांत ने कहा कि मीडिया को मामले में संयम बरतना चाहिए और जांच को निष्पक्ष तरीके से आगे बढ़ने देना चाहिए। मध्य प्रदेश सरकार की ओर से सॉलिसिटर जनरल तुषार मेहता ने आरोप लगाया कि पूर्व जज गिरिबाला सिंह जांच को प्रभावित करने की कोशिश कर रही हैं। बता दें कि ट्विशा शर्मा 12 मई को भोपाल स्थित अपने ससुराल में फंदे से लटकी मिली थीं, जिसके बाद यह मामला लगातार सुर्खियों में बना हुआ है।












