लौट कर ट्रंप टैरिफ पर आए :दवाओं पर सख्ती, मेटल को छूट- डोनाल्ड ट्रंप का नया ट्रेड गेम

अंतरराष्ट्रीय व्यापार में एक बार फिर हलचल तेज हो गई है। अमेरिका ने अपनी आर्थिक नीतियों को और आक्रामक बनाते हुए ऐसा कदम उठाया है, जिसका असर पूरी दुनिया के बाजारों पर पड़ सकता है। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने विदेशी दवा कंपनियों के लिए सख्त संदेश देते हुए संकेत दिया है कि यदि वे कीमतें कम नहीं करतीं और उत्पादन अमेरिका में शिफ्ट नहीं करतीं, तो उन पर 100% तक का भारी टैरिफ लगाया जाएगा। यह फैसला सिर्फ फार्मा सेक्टर तक सीमित नहीं है। ट्रंप प्रशासन ने मेटल सेक्टर में भी बड़ा बदलाव करते हुए स्टील, एल्युमिनियम और तांबे जैसे उत्पादों पर टैक्स घटा दिया है। यानी एक तरफ सख्ती, दूसरी तरफ राहत। यह नई नीति अमेरिका की “इकोनॉमिक नेशनलिज्म” रणनीति को दर्शाती है।
इन फैसलों के पीछे न केवल घरेलू उद्योग को मजबूत करने का लक्ष्य है, बल्कि हाल के कानूनी झटकों के बाद आर्थिक संतुलन साधने की कोशिश भी नजर आ रही है। अब सवाल यह है कि क्या ये कदम अंतरराष्ट्रीय व्यापार युद्ध को और भड़काएंगे या अमेरिकी अर्थव्यवस्था को नई ताकत देंगे?
फार्मा सेक्टर पर सख्ती
नई नीति का सबसे बड़ा असर फार्मास्युटिकल कंपनियों पर पड़ने वाला है। ट्रंप प्रशासन ने साफ कर दिया है कि जो कंपनियां अपनी दवाओं का उत्पादन अमेरिका के बाहर करती हैं और कीमतें कम नहीं करतीं, उन्हें भारी टैक्स का सामना करना पड़ेगा। सरकार का तर्क है कि इससे अमेरिकी उपभोक्ताओं को सस्ती दवाएं मिलेंगी और देश के भीतर मैन्युफैक्चरिंग को बढ़ावा मिलेगा।
क्या हैं नए नियम?
- विदेशी ब्रांडेड दवाओं पर 100% तक टैरिफ
- आंशिक उत्पादन अमेरिका में करने पर लगभग 20% टैक्स
- पूरी तरह नियम न मानने पर सख्त दंड
इससे उन कंपनियों पर सबसे ज्यादा दबाव बनेगा, जिनकी सप्लाई चेन एशिया और यूरोप में फैली हुई है।
मेड इन अमेरिका पर जोर
ट्रंप की नीति का मूल उद्देश्य साफ है अमेरिका को उत्पादन का केंद्र बनाना। सरकार का मानना है कि यदि दवा कंपनियां अपनी फैक्ट्रियां अमेरिका में लगाएंगी, तो रोजगार के नए अवसर पैदा होंगे, आयात पर निर्भरता कम होगी औश्र दवाओं की कीमतों में स्थिरता आएगी। हालांकि, विशेषज्ञों का कहना है कि इतनी जल्दी उत्पादन शिफ्ट करना आसान नहीं है, क्योंकि इसमें भारी निवेश और समय लगता है।
कंपनियों को मिला अल्टीमेटम
ट्रंप प्रशासन ने कंपनियों को तुरंत बदलाव के लिए मजबूर नहीं किया है, लेकिन उन्हें सीमित समय जरूर दिया है।
- बड़ी कंपनियों को : 120 दिन
- छोटी कंपनियों को : 180 दिन
इस अवधि के बाद ही सख्त टैरिफ लागू होंगे। यह समय कंपनियों के लिए रणनीति बदलने का आखिरी मौका माना जा रहा है।
मेटल सेक्टर को राहत
जहां फार्मा सेक्टर पर दबाव बढ़ा है, वहीं मेटल इंडस्ट्री के लिए राहत की खबर है। सरकार ने स्टील, एल्युमिनियम और तांबे पर लगने वाले टैरिफ को 50% से घटाकर 25% कर दिया है।
क्या बदलाव हुए?
- मेटल उत्पादों पर टैक्स में कटौती
- 15% से कम मेटल वाले उत्पादों को टैक्स से छूट
- घरेलू उद्योग के लिए सस्ता कच्चा माल उपलब्ध
यह कदम इंफ्रास्ट्रक्चर और मैन्युफैक्चरिंग सेक्टर को बढ़ावा देने के लिए उठाया गया है।
अंतरराष्ट्रीय व्यापार पर असर
ट्रंप के इस फैसले का असर सिर्फ अमेरिका तक सीमित नहीं रहेगा। यूरोप, जापान और दक्षिण कोरिया जैसे देशों के लिए टैरिफ सीमा अलग रखी गई है, जिससे यह संकेत मिलता है कि अमेरिका अपने रणनीतिक साझेदारों के साथ संतुलन बनाए रखना चाहता है। लेकिन बाकी देशों के लिए यह एक चेतावनी है कि अमेरिका अब व्यापार नियमों को अपने हित में बदलने से पीछे नहीं हटेगा।
ये भी पढ़ें: पश्चिम एशिया संकट: LPG पर दबाव कम करने की तैयारी, सरकार का PNG विस्तार पर फोकस
पुराने विवाद और नया फैसला
इस नई नीति के पीछे एक बड़ा कानूनी कारण भी जुड़ा हुआ है। कुछ समय पहले ट्रंप प्रशासन द्वारा लगाए गए अंतरराष्ट्रीय टैरिफ को अदालत ने अवैध करार दिया था। इसके चलते अमेरिकी सरकार को भारी रकम वापस करनी पड़ी।
अब नए नियमों के जरिए :
- पुराने नुकसान की भरपाई
- कानूनी ढांचे के भीतर रहकर सख्ती
- व्यापारिक नियंत्रण मजबूत करने की कोशिश
स्पष्ट है कि यह कदम केवल आर्थिक नहीं, बल्कि रणनीतिक भी है।
व्यापारिक संगठनों की चिंता
जहां सरकार इस फैसले को ऐतिहासिक बता रही है, वहीं कई व्यापारिक संगठन चिंतित हैं। उनका कहना है कि दवाओं की कीमतें बढ़ सकती हैं, सप्लाई चेन बाधित हो सकती है और अंतरराष्ट्रीय व्यापार तनाव बढ़ सकता है खासकर हेल्थकेयर सेक्टर में इसका असर आम लोगों पर सीधे पड़ सकता है।
अमेरिकी उद्योग की प्रतिक्रिया
मेटल और मैन्युफैक्चरिंग सेक्टर ने इस फैसले का स्वागत किया है। उद्योग जगत का मानना है कि सस्ता कच्चा माल मिलेगा, उत्पादन लागत घटेगी और घरेलू कंपनियों को प्रतिस्पर्धा में बढ़त मिलेगी। यह नीति अमेरिका के औद्योगिक पुनरुद्धार की दिशा में एक अहम कदम मानी जा रही है।












