इंदौर में ‘बदले की आग’ का तांडव: सिरफिरे ने गाड़ियां जलाईं, धुएं में घिरा परिवार मौत के मुंह से लौटा

 सिरफिरे ने गाड़ियां जलाईं, धुएं में घिरा परिवार मौत के मुंह से लौटा
AI जनरेटेड सारांश
    यह सारांश आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस द्वारा तैयार किया गया है और हमारी टीम द्वारा रिव्यू की गई है।

    इंदौर। शहर के बाणगंगा थाना क्षेत्र की वृंदावन कॉलोनी में बुधवार रात सनसनीखेज आगजनी की घटना सामने आई, जहां एक युवक ने कथित बदले की भावना में आकर आधी रात को गाड़ियों में आग लगा दी। घटना ने पूरे इलाके में दहशत फैला दी, हालांकि बड़ा हादसा टल गया।

    पुलिस के मुताबिक आरोपी शिवा गौड़ ने शराब के नशे में पहले एक बाइक को आग के हवाले किया, इसके बाद वह किला मैदान रोड होते हुए लालकुआं की ओर बढ़ा और वहां खड़ी अन्य गाड़ियों को निशाना बनाया। उसने एक बाइक की नली काटकर पेट्रोल निकाला और उसी से दूसरी गाड़ियों में आग लगा दी। इस दौरान दो बाइकें पूरी तरह जलकर खाक हो गईं।

     

    आग की लपटों और धुएं ने पास के मकान को भी अपनी चपेट में ले लिया। पहली मंजिल पर सो रहा एक परिवार धुएं के कारण घुटन का शिकार हो गया। घर में चल रहे कूलर ने धुएं को अंदर खींच लिया, जिससे स्थिति और गंभीर हो गई। महिला सविता को चक्कर आकर गिर गई, लेकिन बेटे ने संभालते हुए पूरे परिवार को छत पर पहुंचाया, जहां से उन्होंने पानी डालकर आग पर काबू पाया। आगजनी में घर के सामने खड़ी कार और नीम का पेड़ भी जल गया, जबकि मकान के अंदर धुएं से कालेपन के निशान पड़ गए। प्रत्यक्षदर्शियों ने आरोपी को मौके से भागते देखा था। लोगों की सूचना पर पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया।

     

     इंदौर का स्वर्ण बाग अग्निकांड आज भी दहला देता- 

    मई 2022 में विजय नगर क्षेत्र स्थित स्वर्ण बाग कॉलोनी में हुआ भीषण अग्निकांड आज भी शहर के लोगों के ज़हन में ताजा है। यह हादसा एक सनकी आशिक की खौफनाक साजिश का नतीजा था, जिसने बदले की आग में मासूमों की जान ले ली।  आरोपी शुभम दीक्षित ने एक महिला से शादी की कोशिश में नाकाम रहने के बाद उससे बदला लेने की  सनक में उसने रिहायशी इमारत की पार्किंग में खड़े महिला के स्कूटर में आग लगा दी थी ।  आग ने विकराल रूप ले लिया और पूरी बिल्डिंग को अपनी चपेट में ले लिया था। इस भयावह अग्निकांड में एक दंपति समेत 7 लोगों की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि 9 अन्य लोग गंभीर रूप से झुलस गए थे। 

     


      

    Hemant Nagle
    By Hemant Nagle

    हेमंत नागले | पिछले बीस वर्षों से अधिक समय से सक्रिय पत्रकारिता में हैं। वर्ष 2004 में मास्टर ऑफ जर्...Read More

    Latest Posts