मेलोनी को लेकर ट्रंप के सुर में नरमी ;अंकारा में बोले- वो अच्छी इंसान, मैं उन्हें पसंद करता हूं लेकिन...

वॉशिंगटन डीसी/ अंकारा। अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने इटली की प्रधानमंत्री जॉर्जिया मेलोनी की एक बार फिर तारीफ की है। हालांकि उन्होंने यह भी कहा कि ईरान से जुड़े मुद्दे पर मेलोनी ने गलत फैसला लिया था। ट्रंप का यह बयान ऐसे समय आया है, जब पिछले कुछ हफ्तों से दोनों नेताओं के बीच बयानबाजी के कारण अमेरिका और इटली के रिश्तों में तनाव देखा जा रहा था। अब माना जा रहा है कि ट्रंप के बदले हुए तेवर दोनों देशों के संबंधों में कुछ नरमी ला सकते हैं।
अंकारा में बोले- मेलोनी अच्छी इंसान हैं
तुर्किये की राजधानी अंकारा में मीडिया से बातचीत के दौरान Donald Trump ने कहा कि उन्हें Georgia Meloni पसंद हैं और वह एक अच्छी इंसान हैं। हालांकि उन्होंने यह भी कहा कि ईरान के मामले में मेलोनी ने अमेरिका का साथ नहीं दिया, जिससे उनके रिश्तों में कुछ दूरी आ गई थी।
ट्रंप ने कहा, उन्होंने हमारी मदद करने से इनकार कर दिया। इससे हमारे रिश्ते थोड़े खराब हुए, लेकिन मैं उन्हें पसंद करता हूं। मुझे लगता है कि उन्होंने उस मुद्दे पर गलती की।
G7 समिट के बाद बढ़ा था विवाद
दोनों नेताओं के बीच तनाव पिछले महीने उस समय बढ़ गया था, जब ट्रंप ने दावा किया था कि फ्रांस में आयोजित G7 शिखर सम्मेलन के दौरान मेलोनी ने उनके साथ फोटो खिंचवाने के लिए काफी आग्रह किया था। ट्रंप के इस बयान को मेलोनी ने पूरी तरह खारिज कर दिया था।
इटली की प्रधानमंत्री ने कहा था कि ट्रंप ने यह कहानी खुद गढ़ी है। इसके बाद इटली के विदेश मंत्री एंटोनियो ताजानी ने अपना प्रस्तावित अमेरिका दौरा भी रद्द कर दिया था, जिससे दोनों देशों के रिश्तों में आई तल्खी और साफ दिखाई दी।
ईरान मुद्दे पर भी आमने-सामने आए थे दोनों नेता
तनाव की एक और वजह ईरान को लेकर दोनों नेताओं के अलग-अलग रुख रहे। जब ट्रंप ने ईरान युद्ध को लेकर पोप लियो की आलोचना की थी, तब मेलोनी ने इसका विरोध किया था। इसके बाद ट्रंप ने आरोप लगाया कि इटली ने होर्मुज जलडमरूमध्य को फिर से खोलने की अमेरिकी कोशिशों में सहयोग नहीं किया। ट्रंप का मानना है कि इस मुद्दे पर इटली को अमेरिका का साथ देना चाहिए था, जबकि मेलोनी सरकार ने इससे दूरी बनाए रखी।
यह भी पढ़ें: Operation Hard Ball: बिश्नोई गैंग पर अमेरिका का शिकंजा, 24 गिरफ्तार, कई देशों में कार्रवाई
सोशल मीडिया पोस्ट भी बनी चर्चा का विषय
हाल ही में ट्रंप ने अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'ट्रुथ सोशल' पर मेलोनी की एक तस्वीर साझा की थी, जिसमें वह ट्रंप की ओर देखती नजर आ रही थीं। फोटो के साथ ट्रंप ने लिखा था, "रोक लगाने वाले आदेश की ज़रूरत है।
हालांकि इटली सरकार ने इस पोस्ट पर कोई प्रतिक्रिया नहीं दी। विदेश मंत्री एंटोनियो ताजानी ने कहा कि ट्रंप अक्सर सोशल मीडिया पर उकसाने वाले बयान देते हैं और इटली ने ऐसी टिप्पणियों का जवाब न देने का फैसला किया है।
रिश्तों में सुधार की उम्मीद
हालिया बयान में ट्रंप ने मेलोनी की व्यक्तिगत तौर पर तारीफ कर यह संकेत दिया है कि मतभेदों के बावजूद दोनों देशों के रिश्ते सामान्य हो सकते हैं। अब निगाहें इस बात पर हैं कि आने वाले समय में अमेरिका और इटली के बीच कूटनीतिक संबंध किस दिशा में आगे बढ़ते हैं।











