PlayBreaking News

शहडोल :60 लाख से ज्यादा फॉलोअर्स वाले ट्रैफिक हेड कॉन्सटेबल विवेकानंद तिवारी ने दिया इस्तीफा, सामने आई ये वजह

इस्तीफे की जानकारी देते हुए तिवारी ने कहा कि निलंबन की कार्रवाई से उनकी छवि प्रभावित हुई है। इसी कारण उन्होंने स्वेच्छा से नौकरी छोड़ने का निर्णय लिया है।
Follow on Google News
60 लाख से ज्यादा फॉलोअर्स वाले ट्रैफिक हेड कॉन्सटेबल विवेकानंद तिवारी ने दिया इस्तीफा, सामने आई ये वजह

शहडोल। सोशल मीडिया पर अपने ट्रैफिक जागरूकता वीडियो के जरिए पहचान बनाने वाले शहडोल के ट्रैफिक हेड कांस्टेबल विवेकानंद तिवारी ने निलंबन कार्रवाई के बाद पुलिस विभाग को इस्तीफे की पेशकश कर दी है। करीब 60 लाख फॉलोअर्स वाले तिवारी ने पुलिस अधीक्षक कार्यालय में अपना इस्तीफा सौंपते हुए कहा कि अब वह दोबारा विभागीय सेवा में वापस नहीं लौटेंगे।

क्या है पूरा मामला?

विवेकानंद तिवारी हाल ही में विभागीय कार्रवाई के बाद चर्चा में आए थे। पुलिस विभाग ने उन्हें लंबे समय तक ड्यूटी से अनुपस्थित रहने और सेवा नियमों के उल्लंघन के आरोप में निलंबित किया था। विभागीय जांच में सामने आया था कि अनुपस्थिति के दौरान भी वे सोशल मीडिया पर लगातार वीडियो और रील्स पोस्ट कर रहे थे। पुलिस नियमावली के तहत इसे सेवा की शर्तों के उल्लंघन के रूप में देखा गया।

फेसबुक पोस्ट में बताई अपनी पीड़ा

निलंबन के बाद विवेकानंद तिवारी ने सोशल मीडिया पर एक लंबी पोस्ट लिखकर अपना पक्ष रखा था। उन्होंने मेडिकल रिपोर्ट, डॉक्टर की पर्चियां और उपचार से जुड़े दस्तावेज भी साझा किए।

तिवारी का कहना था कि वह पिछले कई महीनों से मानसिक तनाव, घबराहट, अनिद्रा और सड़क दुर्घटनाओं से जुड़े मामलों के कारण मानसिक रूप से परेशान थे। चिकित्सकीय सलाह पर उन्होंने इलाज कराया और कुछ समय आराम भी किया।

यह भी पढ़ें: AI और इंस्टाग्राम से रचा NEET ठगी का खेल: फर्जी पेपर बेचने वाला लॉ छात्र गिरफ्तार

बीमारी की सूचना देने का दावा

विवेकानंद तिवारी का दावा है कि 19 मई 2026 को उन्होंने मोबाइल फोन के माध्यम से यातायात थाना को अपनी खराब तबीयत की जानकारी दी थी। उन्होंने मेडिकल पर्ची भी संबंधित व्हाट्सएप ग्रुप में साझा की थी, जिसमें वरिष्ठ अधिकारी भी शामिल थे। उनका आरोप है कि इसके बावजूद उसी दिन उनकी ड्यूटी जय स्तंभ चौक पर लगा दी गई और बाद में उन्हें अनुपस्थित दर्ज कर लिया गया।

अब सोशल मीडिया से करेंगे जागरूकता अभियान

इस्तीफे की जानकारी देते हुए तिवारी ने कहा कि निलंबन की कार्रवाई से उनकी छवि प्रभावित हुई है। इसी कारण उन्होंने स्वेच्छा से नौकरी छोड़ने का निर्णय लिया है। उन्होंने कहा कि आगे भी वह सोशल मीडिया के जरिए लोगों को सड़क सुरक्षा और यातायात नियमों के प्रति जागरूक करते रहेंगे। साथ ही हेलमेट वितरण अभियान को और बड़े स्तर पर चलाने की योजना है।

यह भी पढ़ें: शहडोल: ब्यौहारी पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 45 लाख रुपए का अवैध कोयला जब्त

पुलिस अधीक्षक ने क्या कहा?

इस मामले में पुलिस अधीक्षक रामजी श्रीवास्तव ने कहा कि उनके पास अभी तक कोई औपचारिक इस्तीफा प्राप्त नहीं हुआ है। उन्होंने बताया कि यदि इस्तीफा उनके समक्ष आता है, तो नियमानुसार उस पर विचार किया जाएगा।

फिलहाल विवेकानंद तिवारी के इस्तीफे और विभागीय कार्रवाई को लेकर शहडोल सहित प्रदेशभर में चर्चा बनी हुई है। सोशल मीडिया पर भी उनके समर्थक और विरोधी इस मुद्दे पर लगातार अपनी प्रतिक्रियाएं दे रहे हैं।

Aakash Waghmare
By Aakash Waghmare

आकाश वाघमारे | MCU, भोपाल से स्नातक और फिर मास्टर्स | मल्टीमीडिया प्रोड्यूसर के तौर पर 3 वर्षों का क...Read More

नई दिल्ली
--°
बारिश: -- mmह्यूमिडिटी: --%हवा: --
Source:AccuWeather
icon

Latest Posts