‘ऐसी बल्लेबाजी नहीं चलेगी’ :SRH की हार के बाद श्रीकांत का फूटा गुस्सा, अभिषेक-हेड को लगाई फटकार

स्पोर्ट्स डेस्क। सनराइजर्स हैदराबाद के खिलाफ IPL 2026 में ऐसी हार मिली, जिसने टीम की बल्लेबाजी पर बड़े सवाल खड़े कर दिए हैं। 169 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी हैदराबाद की पूरी टीम सिर्फ 86 रन पर ढेर हो गई। यह टीम के IPL इतिहास का सबसे छोटा स्कोर भी बन गया।
इस शर्मनाक हार के बाद पूर्व भारतीय क्रिकेटर कृष श्रीकांत ने टीम के बल्लेबाजों पर जमकर निशाना साधा। खासतौर पर युवा बल्लेबाज अभिषेक शर्मा और ओपनर ट्रेविस हेड की बल्लेबाजी को लेकर उन्होंने कड़ी प्रतिक्रिया दी।
अभिषेक शर्मा के शॉट चयन पर उठे सवाल
अभिषेक शर्मा ने अपनी पारी की पहली ही गेंद पर शानदार छक्का लगाया, लेकिन इसके बाद भी वह लगातार आक्रामक शॉट खेलने की कोशिश करते रहे। जल्दबाजी में खेलते हुए वह सिर्फ 6 रन बनाकर आउट हो गए।
यह भी पढ़ें: Virat Kohli : 12वीं बार 400+ रन, रोहित शर्मा की बराबरी, विराट ने रायपुर में बनाए 5 बड़े रिकॉर्ड्स
कृष्णमाचारी श्रीकांत ने कहा कि टी-20 क्रिकेट में आक्रामक बल्लेबाजी जरूरी है, लेकिन हर गेंद पर हमला करना समझदारी नहीं होती। उन्होंने कहा कि बल्लेबाजों को मैच की परिस्थिति के हिसाब से खेलना चाहिए। श्रीकांत के मुताबिक, जब टीम मुश्किल में हो तो जिम्मेदारी के साथ साझेदारी बनाने की जरूरत होती है, लेकिन हैदराबाद के बल्लेबाज सिर्फ बड़े शॉट खेलने की सोच में फंसे दिखाई दिए।
ट्रेविस हेड का खराब फॉर्म जारी
हैदराबाद के दूसरे ओपनर ट्रेविस हेड भी इस मैच में पूरी तरह फ्लॉप रहे। वह बिना खाता खोले पवेलियन लौट गए। श्रीकांत ने कहा कि ट्रेविस हेड इस पूरे सीजन में गेंद को सही तरीके से टाइम नहीं कर पा रहे हैं। कुछ मुकाबलों में उन्हें किस्मत का साथ जरूर मिला, लेकिन गुजरात के खिलाफ उनकी कमजोरी साफ दिखाई दी। उन्होंने यह भी कहा कि लगातार आक्रामक खेलने की कोशिश बल्लेबाजों पर दबाव बढ़ा रही है और टीम इसका खामियाजा भुगत रही है।
यह भी पढ़ें: Rahul Dravid : पहली बार किसी टीम के मालिक बने राहुल द्रविड़, यूरोपियन लीग में मचाई हलचल, अश्विन कप्तानी करेंगे
रबाडा की घातक गेंदबाजी
गुजरात टाइटंस के तेज गेंदबाज कगिसो रबाडा ने शानदार गेंदबाजी करते हुए हैदराबाद की बल्लेबाजी की कमर तोड़ दी। उन्होंने तेज रफ्तार और सटीक लाइन-लेंथ से बल्लेबाजों को पूरी तरह दबाव में रखा।
रबाडा की गेंदों का जवाब किसी बल्लेबाज के पास नहीं था। हालात इतने खराब रहे कि टीम के कप्तान पैट कमिंस 19 रन बनाकर टीम के सबसे बड़े स्कोरर बने। इससे साफ दिखा कि पूरी बल्लेबाजी इकाई बुरी तरह नाकाम रही।
एक्सपर्ट्स- बड़े शॉट की मानसिकता से बाहर निकलना होगा
इस हार के बाद क्रिकेट विशेषज्ञों का मानना है कि हैदराबाद को अपनी बल्लेबाजी रणनीति पर दोबारा काम करना होगा। सिर्फ बड़े शॉट खेलने की मानसिकता से बाहर निकलना टीम के लिए बेहद जरूरी है। अगर सनराइजर्स हैदराबाद को IPL 2026 में मजबूत दावेदार बने रहना है, तो बल्लेबाजों को जिम्मेदारी, धैर्य और मैच की स्थिति को समझते हुए खेलना होगा।











